Union Home Minister and Minister of Cooperation Shri Amit Shah lays the foundation stone of the headquarters of 10th Battalion of the Assam Police in Kamrup, Assam, and addressed a public gathering

Press | Feb 21, 2026

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज असम के कामरूप में असम पुलिस की 10वीं बटालियन के मुख्यालय का शिलान्यास और जनसभा को संबोधित किया


विपक्षी पार्टी ने असम में जाति, माटी और भेटी (सांस्कृतिक आधार) तीनों को क्षति पहुँचाई

विपक्षी पार्टी ने लाचित बोरफुकन जी को वह सम्मान नहीं दिया, जिनके वे हकदार थे, हमारी सरकार में देश का बच्चा-बच्चा लाचित बोरफुकन की वीरता को जानता है

विपक्षी पार्टी ने पूर्वोत्तर को भाग्य के भरोसे छोड़ा, वहीं हमारी प्राथमिकता नॉर्थईस्ट है

अगले पाँच वर्षों में असम पूर्वी भारत और पूरे पूर्वोत्तर का इंडस्ट्रियल हब बनने जा रहा है

जिस मोरान में सड़कें बनाना मुश्किल था, प्रधानमंत्री मोदी जी ने वहाँ के हाईवे पर सेना का विमान उतारकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया

मोदी सरकार में देश नक्सलमुक्त हो रहा है, इसी तरह असम और पूरा देश घुसपैठिया-मुक्त भी होगा

घुसपैठिया-मुक्त, हिंसा-मुक्त, बेरोजगारी-मुक्त, विकासयुक्त असम केवल हमारी पार्टी बना सकती है

‘कच्छ हो या गुवाहाटी, अपना देश, अपनी माटी’ इस संकल्प के साथ देश और असम में डेमोग्राफी संकट के विरुद्ध हमारी पार्टी मजबूती से खड़ी है

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज असम के कामरूप में असम पुलिस की 10वीं बटालियन के मुख्यालय का शिलान्यास और जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर असम के राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा और केन्द्रीय गृह सचिव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने असम को हर क्षेत्र में विकसित किया है और अगले 5 साल में असम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत का इंडस्ट्रियल हब बन जाएगा।

श्री अमित शाह ने कहा कि विपक्षी पार्टी की सरकार के शासन के दौरान घुसे हुए घुसपैठियों ने 174 बीघा ज़मीन कब्ज़ाई हुई थी जिसे असम के वर्तमान मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जी ने घुसपैठियों से मुक्त कराया और उस पर आज ये कार्यक्रम हो रहा है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों द्वारा कब्जाई गई ज़मीन के कारण गुवाहाटी, असम और पूरे देश के लिए बहुत बड़ा खतरा उत्पन्न हो रहा था। उन्होंने कहा कि इन घुसपैठियों का रहना असम के विकास के लिए बहुत बड़ी चुनौती था।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस 124 बीघा के क्षेत्रफल वाले मुख्यालय में रेज़िडेंशियल और ऑपरेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा, 750 पुरुष और 450 महिला अधिकारियों के लिए बैरक बनेंगे। इसके अलावा, यहां एक छोटा अस्पताल, ट्रेनिंग केन्द्र, फायरिंग रेंज, आधुनिक निगरानी केन्द्र और असम पुलिस के लिए एक बहुत बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनेगा। उन्होंने कहा कि जहां से सुरक्षा के लिए चुनौती खड़ी हो रही थी उसी जगह पर आज उस चुनौती को समाप्त करने वाली असम पुलिस की 10वीं बटालियन की स्थापना हो रही है।

श्री अमित शाह ने कहा कि पिछली सरकार के शासनकाल में यहां घुसपैठिए घुस गए जिन्होंने असम की डेमोग्राफी को संकट के स्तर तक ले जाने का काम किया। उन्होंने कहा कि असम के कई क्षेत्रों, जैसे, धुबरी, बारपेटा, मोरीगंव, दरांग, बोंगईगांव, नौगांव आदि के घुसपैठिया-बहुल बनने की सीधी ज़िम्मेदारी विपक्षी पार्टी की है। श्री शाह ने कहा कि विपक्षी पार्टी द्वारा किए गए पाप से असम को मुक्त कराने का काम हमारी पार्टी की सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा जी ने लगभग 1 लाख 45 हजार बीघा जमीन को घुसपैठियों से मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा जी ने असम के 1.4 लाख से अधिक लोगों को भ्रष्टाचार के बिना सरकारी नौकरी दी है। श्री शाह ने कहा कि अगले पांच साल में फिर हमारी सरकार बनेगी तो हम एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालने का काम करेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के अंदर देश की भूमि को घुसपैठियों से मुक्त कराने का कलेजा, हिम्मत और दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए राज्य सरकार का समर्थन चाहिए, जो विपक्षी पार्टी की सरकार बनने पर कभी नहीं मिल सकता। श्री शाह ने कहा कि घुसपैठिए विपक्षी पार्टी का वोट बैंक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी सरकार बनने पर अगले 5 साल में हम घुसपैठियों को सिर्फ मतदाता सूची से ही नहीं बल्कि देश से भी बाहर निकाल देंगे।

श्री अमित शाह ने कहा कि चुनाव आयोग SIR कर रहा है क्योंकि SIR होने पर घुसपैठिए पहचाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष ने SIR के खिलाफ आंदोलन छेड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह देश घुसपैठियों से ज़रूर मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि असम को शांत प्रदेश बनाने के लिए घुसपैठिया उन्मूलन बहुत ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश नक्सलमुक्त हो रहा है, इसी तरह असम और पूरा देश घुसपैठिया-मुक्त भी होगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी ने घुसपैठियों को यहां घुसने की अनुमति देकर असम की उपजाऊ माटी को उनके हवाले कर दिया, असमिया समुदाय की पहचान को घुसपैठियों ने क्षति पहुंचाई और सांस्कृतिक विरासत भी खतरे में डाला। श्री शाह ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने जाति, माटी और भेटी (सांस्कृतिक आधार) तीनों को क्षति पहुँचाई।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि दशकों के विपक्षी पार्टी के शासन के दौरान लचित बोरफुकन को कोई नहीं जानता था, लेकिन आज गुजरात से कामाख्या और कश्मीर से कन्याकुमारी तक बच्चा-बच्चा वीर लचित बोरफुकन जी को जानता है और यह काम नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। असम की संस्कृति को हमने आगे बढ़ाने का काम किया है और असम के लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया है। भूपेन हज़ारिका और गोपीनाथ जी को भारत रत्न देने का काम भी हमारी सरकार ने किया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि हमारी पार्टी की असम सरकार ने 10 साल में कानून और व्यवस्था में सुधार के लिए बहुत सारा काम किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी ने हमेशा पूर्वोत्तर को भाग्य के भरोसे छोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी 11 साल में 80 बार नॉर्थईस्ट का दौरा कर चुके हैं और यह बताता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और हमारी सरकार की प्राथमिकता नॉर्थईस्ट है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि असम को विकसित करने के लिए हमारी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा हैढाई लाख भूमिहीन मूल निवासियों को जमीन का अधिकार दिया और चाय बागान वालों के लिए स्पेशल स्कीम लाए। उन्होंने कहा कि असम के हाईवे पर 14 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी जी ने सेना के विमान की लैंडिंग कराके बता दिया कि असम अब बदल रहा है।

श्री अमित शाह ने कहा कि असम में विपक्षी पार्टी द्वारा आईएमडीटी अधिनमियम 1983 को पारित किया गया था जिसका एकमात्र उद्देश्य घुसपैठियों को सहूलियत देना था। उन्होंने कहा कि जब तक असम की भूमि को हम घुसपैठियों से मुक्त नही करते तब तक असम सुरक्षित नही रह सकता और असम की संस्कृति, भाषा, साहित्य भी सुरक्षित नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी ने असम के हितों, संस्कृति और विकास के लिए कुछ नहीं किया। श्री शाह ने कहा कि 27 हज़ार करोड़ रूपए का सेमीकंडक्टर प्लांट यहां आ रहा है। असम के बच्चों औऱ युवाओं के लिए नए-नए कोर्स सृजित हो रहे हैं, शिक्षा में आमूलचूल परिवर्तन आ रहा है और रोज़गार सृजन के लिए भी असम सरकार बहुत सारी योजनाएं लेकर आई है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उग्रवादमुक्त, गरीबीमुक्त, बेरोजगारीमुक्त, विकासयुक्त और बाढ़मुक्त असम बनाने के लिए फिर से हमारी पार्टी की सरकार बननी चाहिए।


TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: