Union Home Minister and Minister of Cooperation Shri Amit Shah inaugurates and lays the foundation stone for various development works of the Ahmedabad Municipal Corporation (AMC) in Gujarat

Press | Dec 07, 2025

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गुजरात में अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया


मोदी सरकार में सुरक्षा, अर्थतंत्र, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास में महत्त्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं

मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय सभ्यता, संस्कृति व सनातन धर्म का समूचे विश्व में सम्मान बढ़ा

विश्व का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क गुजरात में, एशिया की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड सिटी धोलेरा में बन रही

70 से ज्यादा देशों की स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, खेल के प्रति लगाव और अन्य सुविधाओं की तुलना के बाद भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 की मेजबानी मिली

जनकल्याण के कार्यों के कारण राज्यों में NDA की सरकार बन रही, जनसरोकर के मुद्दों से भटका विपक्ष EVM, मतदाता सूची को दोष देने में मशगूल

न EVM खराब है, न मतदाता सूची, देश की जनता विपक्षी पार्टी को स्वीकार नहीं कर रही

बंगाल और तमिलनाडु में भी विपक्ष का काम-तमाम होने वाला है

सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारी थलसेना, जलसेना और वायुसेना के वीर जवानों को सम्मान देने का दिन है


केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज गुजरात में अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के 1500 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2EV1E.JPG

अपने सम्बोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सुदृढ़ सुरक्षा, मजबूत अर्थतंत्र, गरीबी उन्मूलन, गरीबों की सुविधाएँ बढ़ाना, गाँवों व शहरों में इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास, विश्व में भारत को उत्पादन का केंद्र बनाना, युवाओं के लिए रोजगार-व्यवसाय की अनेक योजनाएँ, सिंचाई क्षेत्र में लगभग दोगुना विस्तार, अनाज उत्पादन में दोगुनी वृद्धि, एमएसपी पर खरीद में तीन गुना बढ़ोतरी और विश्व स्तर पर भारत का डंका बजना जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं। इसी का परिणाम है कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और सनातन धर्म आज समूचे विश्व में सम्मान के साथ पहचाना जा रहा है, उन्होंने कहा कि इसका श्रेय भी मोदी जी के नेतृत्व को जाता है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/34MFM.JPG

अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के आयोजन को सफल बनाने के संकल्प का आह्वान करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी जी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उस समय गुजरात ने ही देश में सबसे “खेलो गुजरात” की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि “खेलो गुजरात” का उद्देश्य था कि युवा व्यसन, आलस्य और कु-संगत छोड़ें, खेल-कूद में भागीदारी बढ़ाएं और जीवन में प्रगति के पथ पर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि “खेलो गुजरात” से शुरू हुई यह यात्रा “खेलो इंडिया” तक पहुँची और आज देश के सभी राज्यों में खेल-कूद को बहुत बढ़ावा दिया जा रहा है।

श्री अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद शहर में अनेक आधुनिक खेल-संकुल बन चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के सभी खेलों और कोचिंग की बेहतरीन व्यवस्था हो चुकी है। अहमदाबाद में अब अगर किसी को खेलना हो तो घर से पाँच किलोमीटर के दायरे में ही सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/4IUHX.JPG

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में ब्रिज और ओवरब्रिज के नीचे जहाँ पहले सिर्फ़ गंदगी और अंधेरा था, वहाँ अब छोटे-छोटे सुंदर खेल-संकुल, लाइब्रेरी, योगासन की व्यवस्था और ओपन जिम बना दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जगह का सदुपयोग कैसे किया जाता है, यह सीखने के लिए देश के लोगों को अहमदाबाद आना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम – नरेन्द्र मोदी स्टेडियम – मोटेरा में है और उसके ठीक बगल में उससे भी भव्य सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव बनाने का काम शुरू हो चुका है। गृह मंत्री ने कहा कि 70 से ज्यादा देशों की खेल सुविधाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर, युवाओं में खेल के प्रति लगाव और रहने-खाने की सुविधाओं की तुलना करने के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 की मेजबानी भारत को मिली है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/68I1C.JPG

श्री अमित शाह ने कहा कि 2029 में विश्व पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों के विश्व खेल (World Police & Fire Games) अहमदाबाद में होंगे। 13 अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाएँ अहमदाबाद में आयोजित होंगी। वहीं, अहमदाबाद को 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलने के भी पूरे आसार हैं। उन्होंने कहा कि विश्व के खेल मानचित्र पर अहमदाबाद अग्रणी स्थान पर होगा। श्री शाह ने कहा कि कॉमनवेल्थ और ओलंपिक के बाद ये सारी खेल सुविधाएँ, स्टेडियम, कोचिंग सेंटर और हॉस्टल बेकार नहीं जाएँगे बल्कि पूरे विश्व में हर खेल के प्रशिक्षण का सर्वोत्तम केंद्र अहमदाबाद में बनेगा। इसी कड़ी में आज अहमदाबाद में तीन स्थानों पर नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन हुआ है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के तहत 26 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण, 30 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास और दो आवास परियोजनाओं के ड्रॉ सहित कुल 58 कार्य एक ही मंच से हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास का कोई आयाम अछूता नहीं है। श्री शाह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा शुरू की गई यात्रा को मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल जी ने पूरी गति और समर्पण से आगे बढ़ाया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि आज विश्व का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क गुजरात में बन रहा है। एशिया की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड सिटी धोलेरा में बन रही है। भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे ‘सूरत-चेन्नई एक्सप्रेस-वे’ गुजरात से शुरू होता है। भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय फाइनेंशियल हब – गिफ्ट सिटी – हमारे गुजरात में है। देश की पहली बुलेट ट्रेन ‘अहमदाबाद-मुंबई’ गुजरात से शुरू होगी। पहली नमो रैपिड रेल ‘भुज से अहमदाबाद’ भी गुजरात में ही चलेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात आज दिन-दूनी, रात-चौगुनी प्रगति कर रहा है। श्री शाह ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और गुजरात में श्री भूपेंद्र पटेल जी एवं श्री हर्ष सांघवी जी की जोड़ी ने राज्य को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से लेकर आज तक हमारी पार्टी के लिए विजय ही विजय का समय रहा है। लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार हमारे नेता श्री नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में अनेक दशकों बाद किसी नेता ने अगर लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया है, तो हमारे यशस्वी नेता श्री नरेन्द्र मोदी जी ने रचा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और बिहार में भी विपक्षी पार्टी पूरी तरह साफ हो गई। बिहार में दो-तिहाई बहुमत के साथ हमारी पार्टी और हमारे गठबंधन की सरकार बनी है। श्री शाह ने कहा कि जनकल्याण के कार्यों के कारण राज्यों में NDA की सरकार बन रही, जनसरोकर के मुद्दों से भटका विपक्ष EVM, मतदाता सूची को दोष देने में मशगूल है। उन्होंने कहा कि न EVM खराब है, न मतदाता सूची खराब है। सच यह है कि देश की जनता विपक्षी पार्टी को स्वीकार नहीं कर रही, विपक्षी पार्टी के साथी दलों को भी स्वीकार नहीं कर रही और यही बार-बार की इस हार का असली कारण है।

श्री अमित शाह ने कहा कि बिहार के बाद अब बंगाल और तमिलनाडु में भी हमारी पार्टी और हमारे गठबंधन का समय आने वाला है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में चारों ओर विकास हो रहा है, हर क्षेत्र का विकास हो रहा है और देश की जनता ने भारत को विश्व की महान शक्ति बनाने का संकल्प स्वीकार कर लिया है। श्री शाह ने कहा कि विपक्ष के गठबंधन के पास न कोई नेता है और न कोई नीति है, बस घमंड और अहंकार भरा गठबंधन है। देश के किसी भी कोने में उसे जनता की स्वीकृति नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि परिणाम आने दीजिए, बंगाल और तमिलनाडु में भी विपक्ष का काम तमाम होने वाला है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने अयोध्या में 2019 में राममंदिर का भूमिपूजन किया, 2024 में प्राण-प्रतिष्ठा की और 2025 में भगवा ध्वज फहराकर पूरा काम सम्पन्न कर “जय श्री राम” का उद्घोष किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राममंदिर बन चुका है और जहाँ सीतामाता का जन्म हुआ था, वहाँ चार महीने पहले नीतीश कुमार जी और मैंने माँ सीता के मंदिर का भूमिपूजन किया है। उन्होंने कहा कि 2026 तक वहाँ भी भगवा ध्वज लहराएगा। 

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज सशस्त्र सेना झंडा दिवस है। यह दिन हमारी थलसेना, जलसेना और वायुसेना के उन वीर जवानों को सम्मान देने का है, जो देश की थल, जल और वायु सीमाओं की निरंतर रक्षा कर रहे हैं। यह दिन उनकी रिटायरमेंट के बाद के कल्याण के लिए भी योगदान देने का है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर वह स्वतंत्रता से आज तक भारत माता की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी सैनिकों को हृदयपूर्वक नमन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

श्री अमित शाह ने कहा कि हम गाँधीनगर लोकसभा क्षेत्र को पूरे भारत में सबसे विकसित क्षेत्र बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र की जनता को एक संकल्प लेना है कि बरसात में हर सोसाइटी में कम-से-कम 5 और अधिक-से-अधिक 50 पेड़ जरूर लगाएं ताकि “ग्रीन गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र” की शुरुआत हो सके। श्री शाह ने कहा कि वृक्षारोपण हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है। साफ हवा, सहनीय गर्मी, पक्षियों का कलरव और तनाव-मुक्त माहौल बनाने का एकमात्र उपाय वृक्षारोपण है। श्री शाह ने कहा कि पिछले पाँच साल में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में ग्रीन एरिया में 13.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन हमें इससे संतुष्ट नहीं होना चाहिए। हम हर सोसाइटी में 5 से 50 पेड़ लगवाएँगे और वहाँ के युवाओं को पानी देने की जिम्मेदारी सौंपेंगे।


TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: