Union Home Minister and Minister of Cooperation, Shri Amit Shah, addresses the ‘Uttar Pradesh Statehood Day’ ceremony in Lucknow

Press | Jan 24, 2026

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह को संबोधित किया


उत्तर प्रदेश का कल्याण परिवारवादी पार्टियाँ नहीं, केवल हमारी पार्टी ही कर सकती है

आज़ादी की शताब्दी तक उत्तर प्रदेश पूर्ण विकसित प्रदेश बनकर ‘विकसित भारत’ का एक अहम राज्य बनेगा

हमारी डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर ब्रेक-थ्रू राज्य बनाया है

देश भर में ‘One District, One Product’ योजना कारीगरों, युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार का साधन बन चुकी है

विपक्ष की सरकारों में Labour Source स्टेट बना उत्तर प्रदेश, हमारी सरकार में देश की अर्थव्यवस्था का चौथा सबसे बड़ा राज्य बन चुका है

लखनऊ के ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ में डॉ. मुखर्जी जी, दीनदयाल जी व अटल जी की प्रतिमाएँ युवाओं की प्रेरणा बनेंगी और यह राष्ट्र की चेतना की जागृति का पावन स्थल बनेगा

आज शुरू हुई ‘सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना’ उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में बहुत ही अहम सिद्ध होगी

केन्द्रीय गृह मंत्री ने ‘एक जनपद – एक व्यंजन’ (One District One Cuisine) योजना की शुरुआत और सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का भी शुभारंभ किया

केन्द्रीय गृह मंत्री ने CM YUVA में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को पुरस्कार प्रदान किए और उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26 वितरित किए

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह को संबोधित किया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने ‘एक जनपद – एक व्यंजन’ (One District One Cuisine) योजना की शुरुआत और सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का भी शुभारंभ किया। श्री अमित शाह ने CM YUVA में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को पुरस्कार प्रदान किए और उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26 वितरित किए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है औऱ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने भी विकसित उत्तर प्रदेश बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जब 15 अगस्त, 2047 को देश की आज़ादी की शताब्दी होगी तब उत्तर प्रदेश पूर्ण विकसित राज्य बनकर विकसित भारत का एक अहम राज्य बनेगा। श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की धड़कन और आत्मा है और अब यह प्रदेश भारत के विकास का इंजन भी बनने जा रहा है।

श्री अमित शाह ने कहा कि प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, बाबा विश्वनाथ, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध ने इस भूमि को पावन किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लखनऊ का प्रेरणा स्थल राष्ट्र की जागृति स्थल बनने वाला है। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बना यह प्रेरणा स्थल, दशकों तक देश को दिशा देगा। श्री शाह ने कहा कि पहले इस 65 एकड़ के क्षेत्र में कूड़े का पहाड़ था लेकिन हमारी सरकार ने कूड़े को कंचन में बदलने की व्यवस्था की है।आज यह स्थान पूरे उत्तर प्रदेश को प्रेरणा देने वाला स्थल बन गया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज यहां CM YUVA कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 5 जनपदों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर साल एक लाख युवाओं को पांच लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त और गारंटीमुक्त ऋण देने की व्यवस्था हुई है। अब तक 1 लाख 30 हज़ार युवाओं को 5 हज़ार 322 करोड़ रूपए का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रॉडक्ट योजना सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि आज पूरे भारत में फैल चुकी है। श्री शाह ने कहा कि यह सभी कारीगरों, युवाओं, माताओं के लिए रोज़गार का साधन बन गया है। आज यहां पर हर ज़िले का एक व्यंजन तय कर एक व्यंजन मेला भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध स्वादिष्ट व्यंजनों को पूरी दुनिया के सामने एक बार फिर से प्रस्तुत करने का काम किया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि आज श्री शुभांशु शुक्ला, श्री अलख पांडे, सुश्री रश्मि आर्य और श्री सुधांशु सिंह जी को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे निश्चित रूप से कई प्रतिभाशाली लोगों को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का उत्साह मिलेगा।श्री शाह ने कहा कि आज लौहपुरुष सरदार पटेल के नाम पर सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र का भी शुभारंभ हुआ है, जो उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बनाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र के प्रथम चरण 2025-26 में आज 6 ज़ोन का शिलान्यास हुआ, दूसरे चरण में 2026-27 में 6 ज़ोन का लोकार्पण और 30 जोन का शिलान्यास होगा औऱ 2027-28 में तीसरे चरण में 30 ज़ोन का लोकार्पण और 39 जोन का शिलान्यास होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर ज़िले को रोजगार से युक्त करने और यहाँ के युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार देने की व्यवस्था बनाने के प्रयास हो रहे हैं।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में श्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनकल्याण की सभी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि एक ज़माने में उत्तर प्रदेश को labour source स्टेट माना जाता था जो आज भारतीय अर्थव्यवस्था का चौथा सबसे बड़ा राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्षी सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बिमारू राज्य बनाकर रखा था लेकिन हमारी सरकार ने बिमारू राज्य को ब्रेक-थ्रू राज्य बनाकर आज हर गांव में विकास को पहुंचाया है। श्री शाह ने कहा कि पिछले 3 साल में उत्तर प्रदेश की कृषि विकास दर 17 प्रतिशत रही है औऱ देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में राज्य का 20 प्रतिशत योगदान है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत का फूड बास्केट बन चुका है और प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा शुरू की गई सारी योजनाएं यहाँ धरातल पर उतरी हैं। गृह मंत्री ने कहा कि राज्य के 62 लाख गरीबों को पक्का घर और 1 करोड़ से अधिक महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि 550 साल से पूरा देश अयोध्या में श्रीराम राम का मंदिर बनने की राह देख रहा था वह काम भी पूरा हो गया है। श्री शाह ने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ के महान आयोजन ने हमारे सनातन धर्म की ख्याति को दुनियाभर में पहुंचाने का काम किया है।

श्री अमित शाह ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 11 प्रतिशत वृद्धि के साथ देश के अन्य राज्यों के साथ स्पर्धा कर रहा है। उत्तर प्रदेश से आईटी का निर्यात 82 हज़ार करोड़ रूपए को पार कर चुका है। 2017 से पहले यहां डेटा सेंटर, सेमीकंडक्चर फैक्ट्री और इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग होने की कभी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। आज उत्तर प्रदेश इन सबके लिए एक ड्रीम डेस्टिनेशन बन चुका है। श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश को 45 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपए की योजनाएं ज़मीन पर उतारने का काम हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति में भी ऐतिहासिक सुधार आया है। डकैती में 94 प्रतिशत और लूट में 82 प्रतिशत की कमी और हमारी डबल इंजन सरकार ने इस राज्य को सुरक्षित करने का काम किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर कालखंड में देश को सुरक्षित करने वाला राज्य रहा है। उन्होंने कहा कि आज फिर से उत्तर प्रदेश में देशभक्ति की लौ जागृत हो चुकी है। श्री शाह ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां उत्तर प्रदेश का कल्याण नहीं कर सकती, सिर्फ हमारी सरकार कर सकती है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री मोदी जी और राज्य में श्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश में विकास की सारी संभावनाओं को तलाशकर इसे विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम किया है। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने पूरे उत्तर प्रदेश में नेश्नल हाईवे का जाल बिछाने का काम किया है, आज सबसे अधिक एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में हैं और यहीं पर भारत सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर भी बनाया है। श्री शाह ने कहा कि योगी सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म किया, कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद किया और हर गरीब के कल्याण के लिए कई योजनाओं को ज़मीन पर उतारा है।


TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: