Press, Share | Feb 28, 2021
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह द्वारा कराईकल, पुदुच्चेरी में आयोजित जन-सभा में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
इस बार के विधान सभा चुनाव में पुदुच्चेरी में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। पुदुच्चेरी की जनता ने राज्य में कमल खिलाने का मन बना लिया है।
*********
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पुदुच्चेरी को बेस्ट (BEST) बनाने की बात कही है। B से Business Hub, E से Education Hub, S से Spiritual Hub और T से Tourism Hub। BEST के ये चारों शब्द ही पुदुच्चेरी के विकास की नींव हैं। इसी के आधार पर पुदुच्चेरी को देश का गहना बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।
*********
आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से हम सतत प्रयत्नशील थे कि पुदुच्चेरी पूरे देश का एक मॉडल राज्य बने लेकिन यहां की कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण एवं विकास योजनाओं को जमीन पर उतरने नहीं दिया।
*********
कांग्रेस आरोप लगा रही है कि भजपा ने पुदुच्चेरी में उसकी सरकार गिराई जबकि उन्होंने यहाँ एक ऐसा मुख्यमंत्री बनाया जो अपने नेता के सामने ट्रांसलेशन में भी झूठ बोलता है। उनका ध्यान तो प्रदेश के विकास पर कभी था ही नहीं, उनका ध्यान तो गाँधी परिवार की सेवा और उनके चरण-स्पर्श में ही था।
*********
राहुल गाँधी ने कुछ दिन पहले बयान दिया कि प्रधानमंत्री जी मछुआरों के लिए अलग डिपार्टमेंट क्यों नहीं बनाते हैं। अरे राहुल गाँधी, जब आप वेकेशन पर थे, तभी माननीय प्रधानमंत्री जी ने इसके संबंध में दो नए विभाग बनाने का काम कर दिया।
*********
मैं पुदुच्चेरी की जनता से पूछना चाहता हूं, जिस पार्टी के नेता चार बार से लोकसभा में है, उन्हें ये भी मालूम नहीं है कि दो साल से देश में मत्स्य पालन विभाग शुरू हो चुका है। ऐसी पार्टी पुदुच्चेरी का भला क्या कल्याण कर सकती है?
*********
भारत सरकार ने धोती-साड़ी स्कीम के तहत पुदुच्चेरी के लिए 15,000 करोड़ रुपये भेजे लेकिन ये पैसे गरीबों तक कभी पहुंचे ही नहीं क्योंकि नारायणसामी सरकार ने ये रुपये कट मनी के तौर पर गाँधी परिवार की सेवा में दिल्ली भेज दिए। इन्होंने तो एससी-एसटी फंड को भी नहीं छोड़ा।
*********
पुदुच्चेरी बेरोजगारी के मामले में भी देश में पहले स्थान पर है जहां 75 प्रतिशत से अधिक युवा बेरोजगार हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि आप भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में इस बार एनडीए की सरकार बनाइये, हम प्रदेश के बेरोजगारी दर को 75% से घटा कर 40% के नीचे लाकर रहेंगे।
*********
मैं आप लोगों से क्षमा प्रार्थी भी हूं क्योंकि मैं महान तमिल भाषा में बोल नहीं सकता। मैं भी यदि तमिल भाषा में आपसे बात कर सकता तो बहुत अच्छा लगता।
*********
आज ‘मन की बात' कार्यक्रम में हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तभी तमिल भाषा सीखना चाहते थे लेकिन व्यस्तता के कारण वे यह महान भाषा सीख नहीं पाए। आज वे देश के प्रधानमंत्री हैं, फिर भी उन्होंने कहा कि तमिल भाषा सीखना चाहता हूँ और तमिल भाइयों से तमिल भाषा में बात करना चाहता हूँ।
*********
पुदुच्चेरी के गत चुनाव में कांग्रेस ने आईटी पार्क और इलेक्ट्रॉनिक पार्क बनाने का वादा किया था लेकिन पांच साल ख़त्म होने को आये, कहाँ हैं वे आईटी और इलेक्ट्रॉनिक पार्क, तनिक उसका पता तो दीजिये!
*********
कांग्रेस पार्टी वंशवाद और परिवारवाद के कारण केवल पुदुच्चेरी में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बिखर रही है क्योंकि कांग्रेस पार्टी में ‘मेरिट' की कोई जगह ही नहीं है।
*********
गत विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने श्री ए. नमसिवायम के नेतृत्व में चुनाव लड़ा लेकिन जब मुख्यमंत्री बनाने की बारी आई तो गाँधी परिवार के पैर पकड़ने को ही मेरिट मानकर नारायणसामी जी को मुख्यमंत्री बना दिया गया। पुदुच्चेरी की जनता के साथ इससे बड़ा धोखा कुछ और हो ही नहीं सकता है।
*********
लोकतंत्र में स्थानीय निकाय के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण होते हैं लेकिन 2006 के बाद से हाईकोर्ट के कहने के बावजूद पुदुच्चेरी में निकाय चुनाव नहीं हुए क्योंकि इन्हें भाजपा का कमल खिलने का डर था।
*********
मत्स्य पालन के इंफ्रास्ट्रक्चर की खामियों को दूर करने के लिए मोदी सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया है। इससे राज्य के 50 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा और देश के मत्स्य निर्यात को एक ट्रिलियन तक ले जाने का काम करेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा पुदुच्चेरी को मिलने वाला है।
*********
अकेले पुदुच्चेरी को ब्लू रिवॉल्यूशन स्कीम के तहत लगभग 39 करोड़ रुपये मिले हैं जिसका फायदा अब तक राज्य के 45,000 से अधिक मछुआरा भाइयों ने उठाया है। कराईकल में ही एक मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रखी गई है।
*********
जो काम आजादी के 70 सालों में कांग्रेस पार्टी नहीं कर पाई, वह भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने पांच सालों में पूरा कर दिया है। मोदी सरकार अब यहाँ पर जल जीवन मिशन लागू कर रही है।
*********
मैं आप सबको आश्वस्त करना चाहता हूँ कि आप एक अवसर भारतीय जनता पार्टी को दीजिये, 2022 तक जब देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे हो रहे होंगे, तब यहाँ पर हर गरीब के घर में पाइप से शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम हमारी सरकार करेगी।
*********
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने आज कराईकल, पुदुच्चेरी में आयोजित जन-सभा को संबोधित किया और कांग्रेस की नारायणसामी सरकार पर पुदुच्चेरी को विकास से महरूम रखते हुए विकास के लिए समर्पित भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने की अपील की। ज्ञात हो कि श्री शाह कल रात ही चेन्नई पहुँच गए थे। वे आज पुदुच्चेरी और तमिल नाडु में कई कार्यक्रमों को संबोधित करने वाले हैं। कार्यक्रम में मंच पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वी. सामीनाथन, हाल ही में भाजपा के सदस्यता लेने वाले वरिष्ठ नेता श्री ए. नमसिवायम, पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अर्जुन राम मेघवाल, श्री निर्मल कुमार सुराना और बड़ी संख्या में कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी परिवार में शामिल हुए कई नेता उपस्थित थे। पूर्व विधायक श्री जॉन कुमार भी आज भाजपा में शामिल हुए।
कराईकल की महान विभूतियों को नमन करते हुए श्री शाह ने छठी शताब्दी में महिला जागृति एवं महिला सशक्तिकरण की महान प्रतीक कराईकल अम्माईयार को नमन करते हुए महान कवि श्रद्धेय सुब्रमण्यम भारती एवं महान विचारक महर्षि अरबिंदो को भी नमन किया जिन्होंने पुदुच्चेरी को अपनी कर्मभूमि माना। उन्होंने कहा कि मैं अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर कहना चाहता हूं कि अगले चुनाव में पुदुच्चेरी में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। पुदुच्चेरी की जनता ने राज्य में कमल खिलाने का मन बना लिया है।
माननीय गृह मंत्री ने पुदुच्चेरी की निवर्तमान कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से हम सतत प्रयत्नशील थे कि पुदुच्चेरी पूरे देश का एक मॉडल राज्य बने। माननीय प्रधानमंत्री जी ने 115 ये ज्यादा गरीब कल्याण एवं विकास की योजनाओं को शुरू किया और पुदुच्चेरी के सर्वांगीण विकास के लिए कदम बढ़ाए लेकिन यहां की कांग्रेस सरकार ने इन योजनाओं को जमीन पर उतरने नहीं दिया। यहां कांग्रेस की ऐसी नारायणसामी सरकार थी जो छोटी राजनीति करना चाहती थी, उनके मन में डर था कि यदि पुडुचेरी में ये योजनाएं लोकप्रिय होती हैं तो कांग्रेस की नींव खत्म हो जाएगी।
पुदुच्चेरी में कांग्रेस की नारायणसामी सरकार गिरने के संदर्भ में बोलते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि भारतीय जनता पार्टी ने उनकी सरकार गिराई जबकि कांग्रेस ने पुदुच्चेरी में एक ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जो अपने नेता के सामने ट्रांसलेशन में भी झूठ बोलता है। यदि देश में झूठ बोलने का कोई अवार्ड दिया जाता तो निश्चित रूप से वह नारायणसामी जी को दिया जाता। पूर्व मुख्यमंत्री नारायणसामी का ध्यान तो पुदुच्चेरी के विकास पर कभी था ही नहीं, उनका ध्यान तो गाँधी परिवार की सेवा और उनके चरण-स्पर्श में ही था।
माननीय गृह मंत्री ने कहा कि जहां तक कांग्रेस और अन्य पार्टियों से बड़े-बड़े नेताओं के भाजपा की सदस्यता लेने की बात है, तो इस संदर्भ में मैं इतना ही कहना चाहता हूँ कि कांग्रेस पार्टी वंशवाद और परिवारवाद के कारण केवल पुदुच्चेरी में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बिखर रही है क्योंकि कांग्रेस पार्टी में ‘मेरिट' की कोई जगह ही नहीं है। गत विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने श्री ए. नमसिवायम के नेतृत्व में चुनाव लड़ा लेकिन जब मुख्यमंत्री बनाने की बारी आई तो गाँधी परिवार के पैर कौन पकड़ता है, इसे ही मेरिट मानकर नारायणसामी जी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया गया। पुदुच्चेरी की जनता के साथ इससे बड़ा धोखा कुछ और हो ही नहीं सकता है।
श्री शाह ने कहा कि पुदुच्चेरी में भ्रष्टाचार की नदी बहाने का काम कांग्रेस की नारायणसामी सरकार ने किया है। भारत सरकार ने धोती-साड़ी स्कीम के तहत पुदुच्चेरी के लिए 15,000 करोड़ रुपये भेजे लेकिन ये पैसे गरीबों तक कभी पहुंचे ही नहीं क्योंकि नारायणसामी सरकार ने ये रुपये कट मनी के तौर पर गाँधी परिवार की सेवा में दिल्ली भेज दिए। इन्होंने तो एससी-एसटी फंड को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि पुदुच्चेरी बेरोजगारी के मामले में भी देश में पहले स्थान पर है जहां 75 प्रतिशत से अधिक युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने राज्य की जनता से वादा करते हुए कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि आप भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में इस बार एनडीए की सरकार बनाइये, हम प्रदेश के बेरोजगारी दर को 75% से घटा कर 40% के नीचे लाकर रहेंगे।
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पुदुच्चेरी के गत विधान सभा के चुनाव में कांग्रेस ने आईटी पार्क और इलेक्ट्रॉनिक पार्क बनाने का वादा किया था लेकिन पांच साल ख़त्म होने को आये, कहाँ हैं वे आईटी और इलेक्ट्रॉनिक पार्क, तनिक उसका पता तो दीजिये!
श्री शाह ने कहा कि लोकतंत्र में स्थानीय निकाय के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण होते हैं लेकिन 2006 के बाद से हाईकोर्ट के कहने के बावजूद पुदुच्चेरी में निकाय चुनाव नहीं हुए क्योंकि इन्हें डर था कि चुनाव हुआ तो भाजपा का कमल यहां खिल जाएगा। नारायणसामी जी, कब तक बचोगे, भले ही यहाँ लोकल बॉडी के चुनाव नहीं हुए, इस बार विधान सभा के चुनाव में कमल खिलने जा रहा है, आप उसे रोक नहीं सकते।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की केंद्र सरकार ने पुदुच्चेरी के विकास के लिए कई सारे काम किए हैं। यहाँ टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उड़ान योजना के तहत बेंगलुरु और हैदराबाद से पुदुच्चेरी को जोड़ा गया है। अभी-अभी 25 तारीख को प्रधानमंत्री जी ने एक छोटे पोर्ट का भूमिपूजन करके यहां पर जो सागर किनारे रहने वाले लोग हैं, उनके विकास के लिए एक बहुत बड़ा रास्ता खोला है। ये पोर्ट 2009 से बंद था, अब बहुत जल्दी ही शुरू होने जो रहा है। उन्होंने कहा कि यहाँ राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन वाला बनाने का काम किया गया है और कराईकल में ही एक मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रखी गई है।
श्री शाह ने कहा कि राहुल गाँधी ने कुछ दिन पहले बयान दिया कि प्रधानमंत्री जी मछुआरों के लिए अलग डिपार्टमेंट क्यों नहीं बनाते हैं। अरे राहुल गाँधी, जब आप वेकेशन पर थे, तभी माननीय प्रधानमंत्री जी ने इसके संबंध में दो नए विभाग बनाने का काम कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं पुदुच्चेरी की जनता से पूछना चाहता हूं, जिस पार्टी के नेता चार बार से लोकसभा में है, उन्हें ये भी मालूम नहीं है कि दो साल से देश में मत्स्य पालन विभाग शुरू हो चुका है। ऐसी पार्टी पुदुच्चेरी का भला क्या कल्याण कर सकती है? उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर की खामियों को दूर करने के लिए मोदी सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया है। इससे राज्य के 50 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा और देश के मत्स्य निर्यात को एक ट्रिलियन तक ले जाने का काम करेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा पुदुच्चेरी को मिलने वाला है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ब्लू रिवॉल्यूशन स्कीम के तहत गहरे समुद्र में मछली पकड़ने हेतु वोट ख़रीदने के लिए 40 लाख रुपये की सब्सिडी मछुआरों को भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने दी है। अकेले पुदुच्चेरी को ब्लू रिवॉल्यूशन स्कीम के तहत लगभग 39 करोड़ रुपये मिले हैं जिसका फायदा अब तक राज्य के 45,000 से अधिक मछुआरा भाइयों ने उठाया है।
श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनायें यहाँ लागू हुई है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पुदुच्चेरी के शत-प्रतिशत घरों, लगभग 89,090 घरों में शौचालय बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। वन नेशन, वन राशन कार्ड की स्कीम के तहत राज्य के लगभग 6,25000 परिवारों को यह मिल चुका है। पुदुच्चेरी को किरोसिन मुक्त बना कर हर घर में गैस का कनेक्शन पहुंचाया गया है। जो काम आजादी के 70 सालों में कांग्रेस पार्टी नहीं कर पाई, वह भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ने पांच सालों में पूरा कर दिया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य के हजारों लोगों को फायदा पहुंचा है। 24 से अधिक अस्पतालों को इससे जोड़ा गया है। मोदी सरकार अब यहाँ पर जल जीवन मिशन लागू कर रही है। मैं आप सबको आश्वस्त करना चाहता हूँ कि आप एक अवसर भारतीय जनता पार्टी को दीजिये, 2022 तक जब देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे हो रहे होंगे, तब यहाँ पर हर गरीब के घर में पाइप से शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम हमारी सरकार करेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पुदुच्चेरी को बेस्ट (BEST) बनाने की बात कही है। BEST में B से Business Hub, E से Education Hub, S से Spiritual Hub और T से Tourism Hub है। BEST के ये चारों शब्द ही पुदुच्चेरी के विकास की नींव हैं। इसी के आधार पर पुदुच्चेरी को देश का गहना बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि पुदुच्चेरी के युवा स्मार्ट और मेहनती हैं, उसे बस अवसर की जरूरत है। मैं युवाओं से कहना चाहता हूँ कि आप एक बार प्रदेश में परिवर्तन करके एनडीए की सरकार बनाइये, आपको विश्व भर के युवाओं के साथ स्पर्धा करने का प्लेटफ़ॉर्म मोदी सरकार देगी।
श्री शाह ने कहा कि मैं आप लोगों से क्षमा प्रार्थी भी हूं क्योंकि मैं महान तमिल भाषा में बोल नहीं सकता। मैं भी यदि तमिल भाषा में आपसे बात कर सकता तो बहुत अच्छा लगता। लेकिन, आज ‘मन की बात' कार्यक्रम में हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तभी तमिल भाषा सीखना चाहते थे लेकिन व्यस्तता के कारण वे यह महान भाषा सीख नहीं पाए। आज वे देश के प्रधानमंत्री हैं, फिर भी उन्होंने कहा कि तमिल भाषा सीखना चाहता हूँ और तमिल भाइयों से तमिल भाषा में बात करना चाहता हूँ।