Press | Oct 08, 2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने गुरुग्राम, हरियाणा में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा - सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया
7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णिम और युगांतरकारी है, जब एक साधारण परिवार में जन्मे मोदी जी ने लगातार 25 वर्षों तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने का अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित किया
*************
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की यह अनवरत यात्रा जनकल्याण, गरीब कल्याण और भारत के गौरव की यात्रा है
*************
धारा 370 का अंत, नक्सलवाद की समाप्ति, राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण और 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना - ये सभी ऐतिहासिक कार्य इन्हीं 25 वर्षों में मोदी era में हुए
*************
मोदी जी की इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए देशभर के हर जिले में सेवा ज्योति यात्रा हो रही है, मेरा आग्रह है कि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें
*************
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने आज बुधवार को हरियाणा के गुरुग्राम (महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क) में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा - सेवा ज्योति यात्रा’ में प्रतिभाग किया और इस अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्णिम और युगांतरकारी रहे हैं। इन वर्षों में गरीब कल्याण, सुरक्षित भारत, धारा 370 हटाने, नक्सलवाद समाप्त करने, श्रीराम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ मंदिर निर्माण तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार जैसे ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के कार्यकाल को यादगार बनाने के लिए युवाओं को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के लिए प्रस्थान कराया। कार्यक्रम की शुरुआत एक बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संबोधन के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, भाजपा हरियाणा प्रदेश प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्रीमती अर्चना गुप्ता और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया दिया जा रहा है।
श्री शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक प्रकार से स्वर्णिम और युगांतरकारी है। आज गरीब से गरीब घर में जन्मे हमारे प्रिय नेता, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने गुणों और अपनी क्षमता के आधार पर करोड़ों-करोड़ों लोगों को साथ लेकर लगातार 25 साल मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है। जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, ये 25 साल स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। इन 25 वर्षों में गरीबी से मुक्ति, सुरक्षित भारत, धारा 370 हटाना, नक्सलवाद समाप्त करना, श्रीराम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ का मंदिर बनाना, देश में इंफ्रास्ट्रक्चर को उच्चतम स्तर तक ले जाना और 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना शामिल है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संवैधानिक प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की यह अनवरत यात्रा भारत कल्याण, गरीब कल्याण और भारत गौरव की यात्रा है। इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए देशभर के हर जिले में यह सेवा ज्योति यात्रा आयोजित की गई है। हम सभी ने अभी-अभी यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को सुना है। आज यहां से 800 मीटर दूर चौराहे पर युवा सेवा ज्योति यात्रा लेकर पहुंचेंगे और वहां मशाल को स्थापित करेंगे। मैं और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मशाल प्रज्वलित करने के उपरांत युवाओं को इस सेवा ज्योति यात्रा के लिए प्रस्थान कराएंगे। हमारा सभी से आग्रह है कि जितने लोग हो सकें, इस सेवा ज्योति यात्रा में जुड़ें। हमारे लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 साल, पहले गुजरात और फिर देश के करोड़ों-करोड़ों नागरिकों के कल्याण के 25 साल रहे हैं। ये भारत के गौरव के 25 साल रहे हैं। हम आज के दिन परम कृपालु परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी दीर्घायु हों, उनका स्वास्थ्य अच्छा रहे और लंबे समय तक इस देश का नेतृत्व करते रहें।
***************