Salient points of speech of Hon'ble Union HM Shri Amit Shah while addressing public meetings in West Bengal

Press, Share | Apr 02, 2021

केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह द्वारा पश्चिम बंगाल के सीतलकुची और कालचिनी में आयोजित विशाल जन-सभाओं में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

पश्चिम बंगाल में हुए पहले दो चरण के मतदान से यह स्पष्ट हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस बुरी तरह हार रही है और भारतीय जनता पार्टी 60 में से 50 से अधिक सीटें भारी अंतर से जीत रही है। दीदी खुद नंदीग्राम से चुनाव हार रही हैं।
*********
ममता दीदी, पश्चिम बंगाल की जनता को डराती है कि खेला होबे। दीदी, हम आपके खेला से नहीं डरते हैं। आपकी जितनी ताकत लगाना हो, लगा लीजिये, हमारे कार्यकर्ता टक्कर लेने के लिए तैयार खड़े हैं। दो चरणों के मतदान में बंगाल की मातृशक्ति ने ममता दीदी के गुंडों को उलटे पैर भगाया है।
*********
ममता दीदी तीन ‘टी' (Three ‘T’) अर्थात् तानाशाही, तोलाबजी और तुष्टिकरण के मॉडल पर सरकार चला रही हैं जबकि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तीन ‘वी' (Three ‘V') अर्थात् विकास, विश्वास और व्यापार के आधार पर सरकार चला रहे हैं।
*********
दीदी बंगाल की जनता के बजाय भतीजा कल्याण में विश्वास करती हैं जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पूरे बंगाल के कल्याण में विश्वास करते हैं। मुझे विश्वास है कि बंगाल की जनता भतीजा कल्याण वाली तृणमूल कांग्रेस की जगह बंगाल का कल्याण करने वाली भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।
*********
पश्चिम बंगाल में जनता को हर काम के लिए तृणमूल कांग्रेस के कैडरों को कट मनी देना पड़ता है चाहे वह घर बनाना हो, एडमिशन हो, जॉब हो या फिर कोई अन्य काम लेकिन 02 मई को भाजपा सरकार बनने के बाद पश्चिम बंगाल की जनता को कोई कट मनी नहीं देना पड़ेगा।
*********
दीदी, आपका पश्चिम बंगाल से जाने का समय आ गया है, अब आप बच नहीं सकती। ममता दीदी ने उत्तर बंगाल के साथ हमेशा अन्याय किया है, इसलिए दीदी को उत्तर बंगाल से डर लगता है।
*********
कूच बिहार कोलकाता से केवल 700 किमी की दूरी पर है लेकिन दीदी के दिल से 7,000 किमी दूर है।
*********
बंगाल में हमारी सरकार आते ही यहाँ की जनता को आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। हमारी सरकार बनते ही किसान सम्मान निधि के तहत बकाये किस्तों और अगली क़िस्त के रूप में राज्य के हर किसान के एकाउंट में 18,000 रुपये ट्रांसफर किये जायेंगे।
*********
वर्षों से राजवंशी परिवार के साथ जो अन्याय हुआ है, सौतेला व्यवहार हुआ है, मदन मोहन मंदिर के मेले के साथ जो अन्याय किया गया है, इसे ख़त्म करने का एक ही उपाय है और वह है पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना।
*********
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर हमारी सबसे प्रमुख प्राथमिकता उत्तर बंगाल के विकास की होगी। हम उत्तर बंगाल के विकास के लिए उत्तर बंगाल विकास बोर्ड का गठन करेंगे जिसके माध्यम से हर साल 2,000 करोड़ रुपये का विकास कार्य इस क्षेत्र में किया जाएगा।
*********
हम नारायणी सेना के सम्मान में एक नारायणी बटालियन की स्थापना करेंगे। उत्तर बंगाल में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय और एक एम्स की स्थापना की जायेगी। भाजपा की सरकार बनने के 6 माह के भीतर ही चाय बागान के सिनकोना गार्डन फारेस्ट विलेज और डीआई आदि के निवासियों को भूमि का पट्टा दे दिया जाएगा।
*********
पश्चिम बंगाल में हमारी सरकार बनने पर गोरखा की सभी ग्यारह उप-जातियों को आदिवासी स्टेटस देने के लिए कार्य किया जायेगा। दार्जिलिंग हिल्स, सिलीगुड़ी, तराई आदि क्षेत्रों के मुद्दों के स्थायी राजनैतिक समाधान की दिशा में प्रयास किये जायेंगे।
*********
नेपाली और राजवंशी भाषाओं राज्य की सह-भाषा बनाई जाएगी। नेपाली भाषा की फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए पांच करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए जायेंगे। नेपाली भाषा की फिल्मों को सब्सिडी दी जायेगी और नेपाली भाषा में एक रेडियो चैनल की भी शुरुआत की जायेगी।
*********
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही सरकारी कर्मचारियों को सातवाँ वेतन आयोग का लाभ दिया जाएगा। शरणार्थियों को सम्मान के साथ भारत की नागरिकता देने का काम भाजपा सरकार करेगी। एसआईटी गठित कर सभी भ्रष्टाचारियों को क़ानून के दायरे में जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा।
*********
तृणमूल सरकार में 130 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या कर दी गई है, उन सभी हत्यारों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। तृणमूल सरकार में गोरखा भाइयों पर भी अत्याचार हुए हैं, गलत काम करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
*********
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर केजी से लेकर पीजी तक छात्राओं की शिक्षा मुफ्त होगी। साथ ही, माताओं-बहनों को बस में आने-जाने के लिए टिकट नहीं लेना पड़ेगा। भाजपा की सरकार बनते ही पश्चिम बंगाल को घुसपैठ मुक्त प्रदेश बनाया जाएगा।
*********

केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह ने आज गुरुवार को थिरुकोइलुर, तमिलनाडु में आयोजित विशाल जन-सभा को संबोधित किया और तमिलनाडु की जनता से राज्य में विकास की गति को और तेज करने हेतु भाजपा-नीत एनडीए गठबंधन की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने मंदिरों की भूमि अष्ट वीरतानम थिरुकोइलुर को शत-शत नमन करते हुए अपने उद्बोधन की शुरुआत की।

श्री शाह ने कहा कि तमिलनाडु में आगामी 06 अप्रैल, 2021 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाला है। मतदान की तारीख कोई भारतीय जनता पार्टी तय नहीं करती, यह तो चुनाव आयोग तय करती है। 06 अप्रैल को ही भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाता है और इसी दिन तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाला है, इसलिए भाजपा और एनडीए की जीत सुनिश्चित है। तमिलनाडु में भाजपा, एआईएडीएमके और पीएमके के एनडीए गठबंधन की सरकार बनना तय है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा का यह चुनाव विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता एनडीए और भ्रष्टाचार एवं वंशवाद के रास्ते पर आगे बढ़ता हुआ यूपीए के बीच का चुनाव है। उन्होंने कहा कि मैं आज महान एमजी रामचंद्रन जी को याद करना चाहता हूँ। वे एक सच्चे मक्कल थिलागम थे। पूरे देश में गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू करने का यश और श्रेय महान एमजीआर को जाता है। उनके बाद सेल्वी जे. जयललिता जी ने महान एमजीआर की यात्रा को आगे बढ़ाया और तमिलनाडु के विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। जयललिता जी ने यह पूरे देश को बताया कि एक महिला, उत्पीड़न और उपहास के खिलाफ किस तरह दृढ़ शक्ति से काम कर सकती है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में श्री ई. पलनिसामी और श्री ओ. पन्नीरसेलवम के नेतृत्व में महान एमजीआर और सेल्वी जयललिता जी के बताये रास्ते पर तमिलनाडु को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं।

श्री शाह ने कहा कि हम सब डीएमके और कांग्रेस पार्टी को अच्छे तरीके से जानते हैं। भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, जमीन हड़पना और अपने बेटे-बेटियों को आगे बढ़ाना - यही डीएमके और कांग्रेस पार्टी की राजनीति का रास्ता है जबकि एआईएडीएमके-पीएमके-भाजपा का गठबंधन महान एमजीआर के रास्ते पर चलने के लिए कटिबद्ध है। हम प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित तमिलनाडु के निर्माण के लिए समर्पित हैं। हमने महान एमजीआर के सम्मान में चेन्नई रेलवे स्टेशन का नाम एमजीआर रेलवे स्टेशन किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में डीएमके पार्टी के नेता ए. राजा का एक बयान देखा। डीएमके के नेता ए. राजा ने जिस तरह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जी की स्वर्गवासी माताजी के लिए अभद्र भाषा का उपयोग कर उनका अपमान किया है, यह दिखाता है कि डीएमके को महिलाओं के सम्मान की कोई चिंता नहीं है। डीएमके ओछी और नीची राजनीति करके चुनाव जीतना चाहती है। पूर्व में भी डीएमके के नेताओं ने सेल्वी जयललिता जी के लिए अभद्र टिप्पणियां की थी। मैं आज पूरे तमिलनाडु की माता-बहनों से अपील करना चाहता हूँ कि आप सब एकजुट होकर महिला विरोधी डीएमके को परस्त कर उसे सबक सिखाएं।

श्री शाह ने कहा कि मुझे इस बात का घोर आश्चर्य होता है कि डीएमके के नेता भ्रष्टाचार की बात करते हैं! स्टालिन जी, आप अपनी सरकार का कच्चा चिट्ठा पढ़िए कि किस तरह टूजी (2G) और सन टीवी के घोटाले के पैसे आपके नेताओं के घर से मिले। डीएमके पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं है बल्कि यह तो एक अनऑफिसियली बिजनेस ऑर्गनाइजेशन है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने बेहतर कोरोना मैनेजमेंट के लिए भूमिपुत्र किसान के बेटे मुख्यमंत्री श्री ई. पलनिसामी और उप-मुख्यमंत्री श्री ओ. पन्नीरसेल्वम को बधाई देते हुए कहा कि एक ओर एआईएडीएमके सरकार तमिलनाडु की जनता को बचाने के लिए समर्पित होकर काम कर रही है जबकि दूसरी ओर डीएमके और कांग्रेस के मन में राज्य की जनता की कोई चिंता नहीं है। सोनिया गाँधी को अपने पुत्र राहुल गाँधी की चिंता है तो स्टालिन को अपने पुत्र उदयनिधि की चिंता है।

श्री शाह ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मन में तमिलनाडु, तमिल संस्कृति और तमिल भाषा के लिए अपार प्यार और सम्मान है। वे पूरी दुनिया में कहीं भी जाते हैं, तमिल भाषा के सुवाक्यों एवं सूक्तियों को अपने भाषण में उद्धृत करते हैं। तमिल मछुआरों की जितनी चिंता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने की है, उतनी आज तक किसी ने नहीं की। जब वे श्रीलंका में जाफना गए, तब उन्होंने हजारों तमिल भाइयों के लिए घर बनवाने का काम किया। साथ ही, उन्होंने तमिल भाइयों के साथ पका हुआ चावल भी खाया। जाफना संघर्ष में टूटे हुए कई तमिल मंदिरों के पुनरुद्धार का काम भी मोदी सरकार ने करवाया है।

डीएमके और कांग्रेस पर हमला करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि डीएमके और कांग्रेस जल्लीकट्टू की बात करती है लेकिन यही राहुल गाँधी हैं जिन्होंने 2016 में अपने घोषणापत्र में जल्लीकट्टू पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। ये तो भगवान् मुरुगन की कृपा है कि डीएमके-कांग्रेस जीत कर नहीं आई, वरना जल्लिकट्टू तो कब का बांध हो चुका होता।

श्री शाह ने कहा कि श्री ई. पलनिसामी और श्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने तमिलनाडु के विकास के लिए बहुत संघर्ष किया है। पिछले पांच वर्षों में एआईएडीएमके सरकार ने दो-दो बार किसानों का ऋण माफ़ किया है। सेल्वी जयललिता जी की 70वीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य पर तमिलनाडु की एआईएडीएमके सरकार ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में टू-व्हीलर स्कीम की शुरुआत की जिसका फायदा प्रदेश की लगभग साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाओं को फायदा पहुंचा है। तमिलनाडु में सभी घरों में 100 यूनिट बिजली निःशुल्क दी जा रही है। गरीब लोगों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए अम्मा फार्मेसी शुरू की गई है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने भी तमिलनाडु में विकास को रफ़्तार देने के लिए कई कार्य किये हैं। इस बार के आम बजट में मोदी सरकार ने तमिलनाडु में केवल नेशनल हाइवे के लिए एक लाख करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है। साथ ही, चेन्नई मेट्रो के फेज-II के लिए लगभग 63,000 करोड़ रुपये अलग से दिए गए हैं। तमिलनाडु में डिफेन्स कॉरिडोर बनाने का काम भी मोदी सरकार ने किया है। मदुरै में एक एम्स की स्थापना की गई है।

श्री शाह ने कहा कि भ्रष्टाचारी डीएमके और कांग्रेस पार्टी तमिलनाडु का विकास कभी भी नहीं कर सकती। तमिलनाडु का विकास माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और श्री ई. पलनिसामी और श्री ओ. पन्नीरसेल्वम के नेतृत्व में भाजपा, एआईएडीएमके और पीएमके का एनडीए गठबंधन ही कर सकता है। मैं तमिलनाडु की महान जनता से विनम्र विनती करने आया हूँ कि आप हमारे एनडीए गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जारी विजय यात्रा एवं तमिलनाडु की विकास यात्रा में भागीदार बनें।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: