Salient points of speech of Hon'ble Home Minister and BJP National President Shri Amit Shah addressing Booth Karyakarta Sammelan in New Delhi

Press, Share | Jan 05, 2020

केंद्रीय गृह मंत्री भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा नई दिल्ली में आयोजित दिल्ली प्रदेश भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

कार्यकर्ताओं के उमड़ा विशाल सैलाब और परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले हमारे बूथ कार्यकर्ताओं के बल पर यह स्पष्ट है कि दिल्ली प्रदेश में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनने वाली है
*********
हमें दिल्ली में चुनाव बड़े-बड़े सभाओं, रैलियों, होर्डिंग्स और पोस्टरों से नहीं, बल्कि घर-घर संपर्क और मोहल्ला मीटिंग्स के जरिये लड़ना है। मैं स्वयं कई मोहल्ला मीटिंग्स की अगुआई करूंगा
*********
अरविन्द केजरीवाल, राहुल गाँधी और प्रियंका वाड्रा ने नागरिकता संशोधन क़ानून पर जनता को गुमराह कर दंगे करवाए। क्या दिल्ली की जनता ऐसी सरकार चुनेगी जो जनता को गुमराह कर दंगे करवाए?
*********
प्रियंका वाड्रा तो खुल कर दंगाइयों के समर्थन में मैदान में उतर गई है। प्रियंका वाड्रा कहती है कि जिन्होंने दंगा किया है, मैं उनके घर पर जाकर कहूँगी कि उनका दोष नहीं है
*********
जब हम पाकिस्तान से विस्थापित होकर भारत आये अल्पसंख्यक शरणार्थियों को नागरिकता देने की बात करते हैं तो अरविन्द केजरीवाल, सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी कहते हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार कहाँ हो रहा है जबकि परसों ही पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब पर पाक प्रायोजित हमले हुए हैं
*********
सिखों के पवित्र स्थान श्री ननकाना साहिब पर पाकिस्तान ने हमला कर सिख भाइयों को आतंकित करने का पाप किया है। यह हमला उन लोगों को करारा जवाब है जो CAA का विरोध कर रहे हैं
*********
दिल्ली की जनता को इस बार यह निर्णय लेना है कि उन्हें तीन महीने की सरकार चाहिए या 60 महीने काम करने वाली सरकार? यह चुनाव 60 महीने की सरकार के लिए है। दिल्ली में पांच वर्षों तक केजरीवाल सरकार और 15 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही लेकिन बदले में उन्हें केवल धोखा ही मिला
*********
दिल्ली की जनता के पैसे को केजरीवाल सरकार केवल विज्ञापनों पर खर्च कर रही है। अब जब उनका कार्यकाल ख़त्म होने को आ रहा है तो चुनावी फायदे के लिए वे घोषणाएं कर रहे हैं। ये तो केजरीवाल को भी पता है कि जो घोषणाएं वे अब कर रहे हैं, वे कभी पूरे नहीं होने वाले
*********
अरविन्द केजरीवाल ने 20 कॉलेज, 5000 स्कूल और कई अस्पताल बनवाने के वादे किये थे, वे आज कहीं दिखाई नहीं दे रहे। 15 लाख सीसीटीवी, फ्री वाई-फाई, अनुबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को पक्का करने और प्रदूषण को कम करने जैसे वादों में से एक भी पूरा नहीं हुआ
*********
केजरीवाल सरकार ने नगर निगमों के 10,000 करोड़ रुपये के ग्रांट को रोक कर निगमों को फेल करने का भी षड्यंत्र रचा लेकिन अपने बूते पर स्वच्छ दिल्ली का कार्यक्रम नगर निगम के कर्मचारी कर रहे हैं
*********
दिल्ली में 1731 अनधिकृत कॉलोनियों और इसमें रहने वाले लगभग 40 लाख लोगों को उनके घर का मालिकाना हक़ देने का काम मोदी सरकार ने किया। जमीनों की रजिस्ट्री की शुरुआत भी कल से हो चुकी है
*********
1984 के सिख दंगे के पीड़ितों को मोदी सरकार ने मुआवजा दिया है और दोषियों को जेल में डाला है। करतारपुर साहिब कॉरिडोर की नींव रखने का काम भी मोदी सरकार ने ही किया है
*********
यमुना किनारे साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर रिवर फ्रंट विकसित कर इसके सौंदर्यीकरण का पहला चरण शुरू हो चुका है। छठ का उत्सव मनाने वाले भाइयों को भी इसके लिए घाट बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी
*********
आजादी के 70-70 सालों से पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से अपनी इज्जत बचाने भारत आये हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई और पारसी शरणार्थियों को नागरिकता देने की मांग हो रही थी लेकिन कांग्रेस और आप पार्टी आज देश के अल्पसंख्यकों को भड़का रही है!
*********
मैं एक बार फिर डंके की चोट पर कहना चाहता हूँ कि नागरिकता संशोधन कानून में देश के किसी भी अल्पसंख्यक की नागरिकता जाने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता
*********
कांग्रेस और आप पार्टी को वोट बैंक पॉलिटिक्स की आदत पड़ गई है। हम धारा 370 और 35A हटाते हैं, ट्रिपल तलाक को बैन करते हैं, आतंकियों पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करते हैं लेकिन कांग्रेस और केजरीवाल सरकार इसका विरोध करती है
*********
जेएनयू में भारत को टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगते हैं, तब कांग्रेस और केजरीवाल इसका समर्थन करते हैं। अरविन्द केजरीवाल तो देशद्रोही नारे लगाने वालों पर कार्रवाई की सालों तक परमिशन ही नहीं देते। क्या देश को टुकड़े-टुकड़े करने का ख्वाब करने वालों को जेल में नहीं डाला जाना चाहिए?
*********
मैं दिल्ली के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करना चाहता हूँ कि आप सभी दलित, सिख और शरणार्थी भाहियों के घर जाएँ और कांग्रेस-केजरीवाल की झूठ की राजनीति पर पोल खोलें
*********
CAA को समर्थन देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक टोल फ्री नंबर 8866288662 भी जारी किया है जिस पर मिस्ड कॉल करके समग्र राष्ट्र की जनता नागरिकता संशोधन कानून को अपना समर्थन दे रही है
*********
विपक्ष का मानसिक दिवालियापन देखिये कि इस टोल फ्री नंबर को लेकर भी अफवाहें फैलाई जा रही है कि ये नंबर नेटफ्लिक्स का है। इस नंबर का किसी से भी लेना-देना नहीं है, यह टोल फ्री नंबर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी ने जारी किया है
*********
मैं भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के नाते दिल्ली के पार्टी कार्यकर्ताओं से कुछ मांगने आया हूँ। मैं आपसे अपील करता हूँ कि आप घर-घर जाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संदेश को घर-घर पहुंचाएं
*********

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी ने आज रविवार को नई दिल्ली के इंदिरा गाँधी इनडोर स्टेडियम में आयोजित दिल्ली प्रदेश भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया और केजरीवाल सरकार के झूठ की पोल खोलते हुए कार्यकर्ताओं को दिल्ली विधान सभा चुनाव में जीत के मंत्र दिए। कार्यक्रम को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा, केन्द्रीय सूचना प्रसारण एवं पर्यावरण मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री श्याम जाजू, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ हर्षवर्धन और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश भाजपा के तमाम बड़े नेता, सांसद, विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में दिल्ली के हर जिले से सभी 13,750 बूथों से आये हजारों पार्टी के बूथ कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ उठा कर दिल्ली प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लिए संकल्प व्यक्त किया।

दिल्ली में भाजपा सरकार बनना तय

श्री शाह ने कहा कि इंदिरा गाँधी इनडोर स्टेडियम में कार्यकर्ताओं का उमड़ा विशाल जन-सैलाब यह स्पष्ट बता रहा है कि दिल्ली प्रदेश में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनने वाली है। दिल्ली की जनता ने भी अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं कि उन्हें कोई झांसा एक बार ही दे सकता है, बार-बार नहीं। भले ही हमें पिछली बार दिल्ली विधान सभा चुनाव में हार मिली लेकिन इसके बाद दिल्ली में हुए नगर निगम चुनाव में आप पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। इस बार के लोक सभा चुनाव में दिल्ली के कुल 13,750 बूथों में से 12,064 बूथों पर भाजपा का झंडा फय्राया और 88% बूथों पर भाजपा की भव्य विजय हुई। दिल्ली के चुनावी इतिहास में ये अब तक का रिकॉर्ड है। हमारे सातों सांसद भारी अंतर से चुनाव जीते। मैं एक बार पुनः परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले हमारे बूथ कार्यकर्ताओं के बल पर यह कहना चाहता हूँ कि दिल्ली प्रदेश में भी निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।

हमारे लिए चुनाव लोकतंत्र का महोत्सव और जन सेवा का माध्यम

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बाकी राजनीतिक दलों के लिए भले ही चुनाव सत्ता प्राप्ति का साधन हो लेकिन लोकतंत्र में विश्वास करने वाली भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव लोकतंत्र का महोत्सव है। भारत का लोकतंत्र दुनिया में सबसे मजबूत है और इसकी जड़ें काफी गहरी हैं। इसे आगे बढ़ाने में हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम् है। पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली के घर-घर जाएँ और उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा एवं प्रदेश के विकास के लिए किये गए कार्यों के बारे में बताएं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को बताना चाहता हूँ कि हमें दिल्ली में चुनाव बड़े-बड़े सभाओं, रैलियों, होर्डिंग्स और पोस्टरों से नहीं, बल्कि घर-घर संपर्क और मोहल्ला मीटिंग्स के जरिये लड़ना है। मैं स्वयं कई मोहल्ला मीटिंग्स की अगुआई करूंगा। मैं दिल्ली के सभी भाजपा सांसदों, विधायकों, पार्षदों और पदाधिकार्यों से अनुरोध करता हूँ कि वे दिल्ली के हर घर जाएँ और मोदी सरकार की उपलब्धियों एवं गरीब कल्याण के कार्यों को उन्हें बताएं।

दिल्ली की जनता अरविन्द केजरीवाल से हिसाब मांगे

श्री शाह ने कहा कि दिल्ली की जनता को इस बार यह निर्णय लेना है कि उन्हें तीन महीने की सरकार चाहिए या 60 महीने काम करने वाली सरकार? यह चुनाव 60 महीने की सरकार के लिए है। दिल्ली की जनता ने 60 महीने पहले दिल्ली की सरकार का चुनाव किया था इससे पहले 15 वर्षों तक दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन बदले में उन्हें केवल और केवल धोखा ही मिला। दिल्ली की जनता कांग्रेस और आप पार्टी से हिसाब मांगे कि उन्होंने अपने-अपने कार्यकाल में दिल्ली के विकास के लिए क्या-क्या काम किये हैं? दिल्ली की जनता के पैसे को केजरीवाल सरकार केवल विज्ञापनों पर खर्च कर रही है। अरे केजरीवाल जी, विज्ञापन के बजाय आप दिल्ली की जनता को ये तो बताओ कि विगत पांच वर्षों में आपने क्या-क्या किये हैं? आप पार्टी सरकार केवल घोषणाओं का विज्ञापन कर रही है, अब जब उनका कार्यकाल ख़त्म होने को आ रहा है तो चुनावी फायदे के लिए घोषणाएं कर रहे हैं। ये तो केजरीवाल को भी पता है कि वे जो घोषणाएं अब कर रहे हैं, वे पूरे नहीं होने वाले।

दिल्ली के मुख्यमंत्री पर बड़ा हमला करते हुए श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तो अपने पांच वर्षों के कार्य को लेकर दिल्ली की जनता के पास जायेगी पर केजरीवाल बताएं कि उन्होंने पांच वर्षों में दिल्ली के लिए क्या किया? अरविन्द केजरीवाल ने 20 कॉलेज बनाने का वादा किया था, वे कॉलेज आज दूरबीन से खोजने पर भी नहीं मिल रहे। केजरीवाल सरकार ने 5000 स्कूल और कई अस्पताल बनवाने के भी वादे किये थे, वे भी आज कहीं दिखाई नहीं दे रहे। केजरीवाल सरकार ने नगर निगमों के 10,000 करोड़ रुपये के ग्रांट को रोक कर निगमों को फेल करने का भी षड्यंत्र रचा लेकिन अपने बूते पर स्वच्छ दिल्ली का कार्यक्रम नगर निगम के कर्मचारी कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त केजरीवाल सरकार ने 15 लाख सीसीटीवी, फ्री वाई-फाई, अनुबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों को पक्का करने और प्रदूषण को कम करने जैसे कई वादे किये थे लेकिन इसमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। प्रदूषण कम करने की जगह केजरीवाल सरकार ने प्रदूषण को और बढ़ा दिया। केंद्र की भाजपा सरकार जो योजनायें दिल्ली में लागू करना चाहती थी, केजरीवाल सरकार ने उसमें भी अड़ंगा लगाया। प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को तो केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में लागू ही नहीं होने दिया। दिल्ली की जनता अरविन्द केजरीवाल की काली हकीकत को जान गई है, अब वह आप पार्टी के बहकावे में और नहीं आने वाली।

दिल्ली के विकास के लिए मोदी सरकार कृतसंकल्पित

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिल्ली के विकास के लिए मोदी सरकार द्वारा किये गए कार्यों का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली में 1731 अनधिकृत कॉलोनियों और इसमें रहने वाले लगभग 40 लाख लोगों को उनके घर का मालिकाना हक़ देने का काम मोदी सरकार ने किया। जमीनों की रजिस्ट्री की शुरुआत भी कल से हो चुकी है। 1984 के सिख दंगों के बाद इतने सालों तक कांग्रेस की दिल्ली और केंद्र में सरकार चली लेकिन सिखों को कभी भी न्याय नहीं मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने एसआईटी गठित किया और आज दंगे करने वाले जेल की सलाखों के पीछे हैं। देश उस निर्मम एवं जघन्य हत्याकांड को नहीं भूल सकता। उन दंगों में जिन 3000 से अधिक निर्दोष बेगुनाहों की निर्मम हत्या हुई थी, उन सबको पांच-पांच लाख का मुआवजा देकर उनके घाव पर मरहम लगाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। करतारपुर साहिब कॉरिडोर की नींव रखने का काम भी मोदी सरकार ने ही किया है। 160 जेजे क्लस्टरों का सर्वे भी शुरू हो चुका है, इसके अतिरिक्त 50,000 झुग्गियों में रहने वाले लोगों को भी इसका फायदा होगा और इसके अतिरिक्त 184 झुग्गी-समूहों में भी सर्वे का काम शुरू हो चुका है। जहां झुग्गी, वहां मकान इनिशिएटिव के तहत 35 हजार झुग्गी-झोपड़ियों के स्थान पर पक्का मकान देने का काम भी मोदी सरकार ने किया है। इसके अतिरिक्त 184 अन्य झुग्गी समूहों के लिए भी केंद्र की भाजपा सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यमुना किनारे साबरमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर रिवर फ्रंट विकसित कर इसके सौंदर्यीकरण का पहला चरण शुरू हो चुका है। छठ का उत्सव मनाने वाले भाइयों को भी इसके लिए घाट बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक बहुत बड़े साइकिल ट्रैक के निर्माण की योजना पर भी केंद्र की भाजपा सरकार विचार कर रही है। कुछ दिन पहले ही वंदे मातरम् पार्क और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट के तहत विकसित की जाने वाली भारत की पहली परियोजना का शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि बीते पाँच साल में दिल्ली में 116 किलोमीटर नई लाइनें शुरू हुई हैं। इसके अलावा अभी करीब 70 किलोमीटर नए रूट पर काम हो रहा है। इसके लिए 11,000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। लगभग 802 करोड़ रुपये की लागत से 18 परियोजनाओं का काम पूरा हो चुका है। रैपिड ट्रांसपोर्ट रेल दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-पानीपत, दिल्ली-अलवर का कार्य हाथ में लिया गया है। इससे प्रदूषण में काफी कमी आएगी। हमने प्रदूषण में कमी लाने के लिए एनटीपीसी का एक पावर प्लांट भी बंद किया है। डीडीए ने लैंड पुलिंग पास करके बड़ा काम किया है। 80 गाँवों को शहरी गाँव का दर्जा दिया गया है, साथ ही उन गांवों में बिजली, पानी की सुविधा भी मुहैया कराई गई है। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत अभियान, अंत्योदय, प्रधानमंत्री आवास योजना अर्बन, रेरा, हृदय जैसी योजनायें सफलतापूर्वक दिल्ली में चल रही है।

अरविन्द केजरीवाल, राहुल गाँधी और प्रियंका वाड्रा ने CAA पर दंगे भड़काए

नागरिकता संशोधन कानून पर कांग्रेस और आप पार्टी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल, राहुल गाँधी और प्रियंका वाड्रा ने नागरिकता संशोधन क़ानून पर जनता को गुमराह कर दंगे करवाए। क्या दिल्ली की जनता ऐसी सरकार चुनेगी जो जनता को गुमराह कर दंगे करवाए? आजादी के 70-70 सालों से पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से अपनी इज्जत बचाने भारत आये हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई और पारसी शरणार्थियों को नागरिकता देने की मांग हो रही थी। महात्मा गाँधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल से लेकर डॉ मनमोहन सिंह इन अल्पसंख्यक विस्थापितों को भारत में बसाने की मांग कर रहे थे जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूरा किया और कांग्रेस आज देश के अल्पसंख्यकों को भड़का रही है! मैं एक बार फिर डंके की चोट पर कहना चाहता हूँ कि नागरिकता संशोधन कानून में देश के किसी भी अल्पसंख्यक की नागरिकता जाने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। बड़े दुःख के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस और आप पार्टी ने नागरिकता संशोधन कानून पर झूठ का पुलिंदा पकड़ा हुआ है। कांग्रेस और आप पार्टी कह रही है कि पाकिस्तान में कहाँ अत्याचार हो रहा है? अरविन्द केजरीवाल, सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी आँख खोल कर देख लें - परसों ही सिखों के सबसे पवित्र स्थानों में से एक पाकिस्तान स्थित श्री ननकाना साहिब पर हमला कर सिख भाइयों को आतंकित करने का काम पाकिस्तान ने किया है। आज भी एक सिख युवक की पाकिस्तान के पेशावर में हत्या कर दी गई और आप कह रहे हो कि पाकिस्तान में अत्याचार कहाँ हो रहा है? ननकाना साहिब पर पाकिस्तान का हमला उन लोगों को करारा जवाब है जो CAA का विरोध कर रहे हैं।

कांग्रेस - केजरीवाल की देश हित से जुड़े मुद्दों का विरोध करने की आदत

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस और आप पार्टी को वोट बैंक पॉलिटिक्स की आदत पड़ गई है। हम जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35A को हटाते हैं तो कांग्रेस इसका विरोध करती है। हम ट्रिपल तलाक को बैन करते हैं तब कांग्रेस-केजरीवाल इसका विरोध करते हैं। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का विरोध कांग्रेस पार्टी करती है। कांग्रेस और केजरीवाल तो पाकिस्तान के घर में घुस कर आतंकियों पर किये गए सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक का भी विरोध करते हैं। जेएनयू में भारत को टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगते हैं, तब कांग्रेस और केजरीवाल इसका समर्थन करते हैं। अरविन्द केजरीवाल तो देशद्रोही नारे लगाने वालों पर कार्रवाई की सालों तक परमिशन ही नहीं देते। क्या देश को टुकड़े-टुकड़े करने का ख्वाब करने वालों को जेल में नहीं डाला जाना चाहिए? अब हम पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आये हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई और पारसी को नागरिकता देने के लिए CAA लेकर आये हैं तो राहुल गाँधी उलूल-जुलूल बयानबाजी करने लगते हैं। प्रियंका वाड्रा तो खुल कर दंगाइयों के समर्थन में मैदान में उतर गई है। प्रियंका वाड्रा कहती है कि जिन्होंने दंगा किया है, मैं उनके घर पर जाकर कहूँगी कि उनका दोष नहीं है। मैं दिल्ली के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करना चाहता हूँ कि आप सभी दलित, सिख और शरणार्थी भाई-बहनों के घर जाएँ और कांग्रेस-केजरीवाल की हकीकत को बताते हुए उनकी झूठ की राजनीति पर पोल खोलें। कार्यकर्ता लोगों को बताएं कि प्रधानमंत्री जी विस्थापित दलित हिंदुओं और सिख बंधुओं को भारत की नागरिकता देना चाहते हैं जो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर हिंदुस्तान आये हैं। CAA को समर्थन देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक टोल फ्री नंबर 8866288662 भी जारी किया है जिस पर मिस्ड कॉल करके समग्र राष्ट्र की जनता नागरिकता संशोधन कानून को अपना समर्थन दे रही है। विपक्ष का मानसिक दिवालियापन देखिये कि इस टोल फ्री नंबर को लेकर भी अफवाहें फैलाई जा रही है कि ये नंबर नेटफ्लिक्स का है। इस नंबर का किसी से भी लेना-देना नहीं है, यह टोल फ्री नंबर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी ने जारी किया है।

कांग्रेस-आप पार्टी की पोल खोलें भाजपा कार्यकर्ता

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के नाते दिल्ली के पार्टी कार्यकर्ताओं से कुछ मांगने आया हूँ। मैं दिल्ली के पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूँ कि आप घर-घर जाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संदेश को घर-घर पहुंचाएं। मैं स्वयं दिल्ली के मुहल्लों में जाकर मैं ग्रुप मीटिंग करूंगा। भाजपा कार्यकर्ता अरविन्द केजरीवाल के झूठ का पर्दाफाश करें, राहुल-अरविन्द केजरीवाल की गरीब विरोधी नीतियों और दिल्ली से उनके किये गए झूठे वादों की पोल खोलें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि विगत 20 वर्षों से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं है, इस बार आप इतना कठोर परिश्रम करें कि दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी का झंडा शान से फहराए।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: