Salient points of speech of Hon'ble HM Shri Amit Shah Addressing "Jeet Ki Goonj" in New Delhi

Press, Share | Jan 25, 2020

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा दिल्ली के जवाहरलाल स्टेडियम में आयोजित वालंटियर्स मीट “जीत की गूँज" को संबोधित करते हुए दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

दिल्ली के युवाओं का उत्साह बताता है कि वे 2014 में भी श्री नरेन्द्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी के साथ थे, 2019 में साथ थे और अब 2020 में भी साथ हैं। दिल्ली में कमल खिलना निश्चित है। हम अरविन्द केजरीवाल नहीं हैं, हम भाजपा हैं। हम जो कहते हैं, कर के दिखाते हैं। मोदी है तो मुमकिन है
*********
हम ऐसी दिल्ली का निर्माण चाहते हैं जो प्रदूषण से मुक्त हो, जहां हर घर में स्वच्छ पीने का पानी पहुंचे, हर घर 24 घंटे बिजली पहुंचे, जहां अच्छी शिक्षा की सुविधा हो, जहाँ रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम हो, जो ट्रैफिक जाम से मुक्त हो, जहां वर्ल्ड क्लास रोड हो और कभी शाहीन बाग न हो
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने छः वर्षों में देश बदला है, अब दिल्ली को बदलने की बारी है
*********
केजरीवाल भले ही दिल्ली में अपनी जीत का दावा करें लेकिन चिंता मत कीजिये, दिल्ली की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी के साथ है। आप देख लीजिएगा, अंत में विजय अर्जुन की ही होने वाली है
*********
कुछ मीडिया हाउस और एनजीओ के माध्यम से ऐसा आडंबर रचा जा रहा है कि केजरीवाल को कोई पराजित नहीं कर सकता लेकिन भ्रांति फैला कर 2015 में चुनाव जीतने वाले केजरीवाल उसके हर चुनाव बुरी तरह हारे हैं
*********
2019 के लोक सभा चुनाव में दिल्ली के 13,750 बूथों में से 12,068 यानी 88% बूथों पर भारतीय जनता पार्टी विजयी हुई। जब इतने बूथों पर जिस पार्टी की विजय होती है, उसी पार्टी की सरकार बनती है
*********
केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को पानी भी दूषित दी, हवा भी जहरीला दिया, झूठ भी जहरीला ही बोलती है। दिल्ली प्रदेश की केजरीवाल सरकार केवल और केवल झूठ के आधार पर चल रही है। झूठे वादे करने वाले दिल्ली का विकास नहीं कर सकते, ये केवल और केवल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ही कर सकते हैं
*********
केजरीवाल जी ने घरों में पाइपलाइन से आरओ से भी बढ़िया पानी पहुंचाने का वादा किया था। पाइपलाइन से पानी पहुंचाना तो दूर की बात, दिल्ली की जनता को ऐसा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ा कि BIS के 21 शहरों के सर्वे में सबसे गंदा पानी दिल्ली का पाया गया
*********
जो दिल्ली जल बोर्ड 178 करोड़ रुपये के मुनाफे में चल रही थी, उसे 800 करोड़ रुपये के घाटे में धकेल दिया गया जिसके अध्यक्ष अरविन्द केजरीवाल खुद हैं। अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में आमूल-चूल परिवर्तन करने का वादा किया था लेकिन उन्होंने ये परिवर्तन शिक्षा-स्तर को गिराने में किया
*********
ग्रीन दिल्ली के नाम पर सेस के जरिये केजरीवाल सरकार ने 1200 करोड़ जुटाए जिसमें से केवल 216 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। इस 216 करोड़ रुपये में भी 186 करोड़ केजरीवाल सरकार ने केवल विज्ञापन पर खर्च कर डाले
*********
केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की सड़कों पर 5,000 डीटीसी की बसों को उतारने का वादा किया था लेकिन बसों की संख्या बढ़ाना तो दूर की बात, इस सरकार ने तो 1087 बसों की संख्या ही कम कर दी
*********
200 यूनिट तक फ्री बिजली का वादा भी इस कदर झूठा निकला कि 200 यूनिट से कम खपत वालों के पास भी बिजली के बिल आ रहे हैं। 15 लाख सीसीटीवी के वादे का तो कहना ही क्या? ढूँढने से भी दिखाई नहीं देती
*********
झूठे वादे कर उसे पूरा करना तो दूर की बात, अरविन्द केजरीवाल सरकार ने केंद्र की मोदी सरकार की जनोपयोगी योजनाओं आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना को भी दिल्ली में लागू नहीं होने दिया
*********
केजरीवाल की आप पार्टी सरकार ने 200-300 मोहल्ला क्लिनिक खोले भी होंगे लेकिन क्या दिल्ली की गरीब जनता को अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की सुविधा नहीं मिलनी चाहिए थी?
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का लक्ष्य है कि देश के हर गरीब के पास अपना घर होना चाहिए और इसी लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली की गरीब जनता के लिए “जहां झुग्गी, वहीं पक्का मकान" देने का लक्ष्य निर्धारित किया है
*********
ये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं जिन्होंने 1731 अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत कर 40 लाख से अधिक लोगों को उनके घर का मालिकाना हक दिया है
*********
मैंने संसद के दोनों सदनों में गृह मंत्री के नाते और कई सार्वजनिक सभाओं में भी बार-बार बोला है कि CAA पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आये अल्पसंख्यक शरणार्थियों को नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं लेकिन कांग्रेस और केजरीवाल सरकार को कुछ सुनाई नहीं देता
*********
एक दिन पहले ही एक इंटरव्यू में अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को पाकिस्तानियों की फिक्र है, क्या केजरीवाल जी को यह पता है कि दिल्ली की 30% आबादी बंटवारे के बाद पाकिस्तान से आये हमारे भाइयों की है, केजरीवाल हमारे भाइयों को पाकिस्तानी कैसे कह सकते हैं?
*********
कांग्रेस, आप पार्टी, सपा-बसपा, तृणमूल और वामपंथी पार्टियां देश को गुमराह कर दंगे करने की साजिशें रच रही है, दिल्ली को असुरक्षित करने का पाप कर रही है। दिल्ली की जनता को मालूम है कि दिल्ली में दंगे किसने कराये
*********
आज भी केजरीवाल सरकार कहती है कि वह शाहीन बाग के साथ है। आज ही एक वीडियो भी वायरल हुई है, ऐसा कहते हुए किसी को शर्म भी नहीं आती। वोट बैंक के लालच में आप पार्टी और कांग्रेस अपनी आँखों पर पट्टी बांधे हुए है
*********
दिल्ली में एक बार भाजपा सरकार बन जाये, शपथ लेने के दूसरे दिन ही हम टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ चार्जशीट फाइल करेंगे। पिछले छः वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आजादी के 70 सालों से अटकी हुई समस्याओं का समाधान किया है चाहे धारा 370 का उन्मूलन हो, ट्रिपल तलाक पर बैन हो या फिर CAA को लागू करना
*********

दिल्ली में कमल खिलना तय

श्री शाह ने कहा कि दिल्ली के युवाओं का उत्साह बताता है कि आप 2014 में भी श्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा के साथ थे, 2019 में भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा के साथ थे और अब 2020 में भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। युवा योद्धाओं का जूनून, दुश्मनों को जवाब देने की कूवत और अपने समय की भी परवाह न करते हुए दिल्ली प्रदेश के लिए काम करने का आपका कर्तव्य मुझे यह विश्वास दिलाता है कि दिल्ली में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि जब हमारे युवा दोस्त भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करते हैं तो वे एक पार्टी का नहीं बल्कि देश की सीमा को सुरक्षित करने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के वादे, पूरी दुनिया में भारत का झंडा बुलंद करने, भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर इकॉनोमी बनाने के लक्ष्य और देश के 60 करोड़ गरीबों के जीवन-स्तर को ऊपर उठाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के अथक प्रयासों का समर्थन करते हैं।

केजरीवाल सरकार का एकमात्र आधार - झूठ और केवल झूठ

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली प्रदेश की केजरीवाल सरकार केवल और केवल झूठ के आधार पर चल रही है, इसका पर्दाफ़ाश करने की जिम्मेवारी युवा साइबर योद्धाओं की है चाहे वह विकास के नाम पर केजरीवाल सरकार द्वारा झूठ फैलाया जा रहा हो चाहे अल्पसंख्यक युवाओं को भड़काने की बात हो। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भले ही दिल्ली में अपनी जीत का दावा करें लेकिन चिंता मत कीजिये, दिल्ली की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी के साथ है। आप देख लीजिएगा, अंत में विजय अर्जुन की ही होने वाली है। कुछ मीडिया हाउस और एनजीओ के माध्यम से ऐसा आडंबर रचा जा रहा है कि केजरीवाल को कोई पराजित नहीं कर सकता लेकिन भ्रांति फैला कर 2015 में चुनाव जीतने वाले केजरीवाल उसके बाद हर चुनाव बुरी तरह हारे हैं। अरविन्द केजरीवाल जी ने श्री नरेन्द्र मोदी जी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ा, बुरी तरह हारे। हरियाणा, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा के चुनाव लड़े केजरीवाल लेकिन बुरी तरह पिटे और यहाँ तक कि दिल्ली के तीनों एमसीडी के चुनावों में इनकी करारी हार हुई है। 2019 के लोक सभा चुनाव में तो केजरीवाल जी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। 2019 के लोक सभा चुनाव में दिल्ली के 13,750 बूथों में से 12,068 यानी 88% बूथों पर भारतीय जनता पार्टी विजयी हुई। जब इतने बूथों पर जिस पार्टी की विजय होती है, उसी पार्टी की सरकार बनती है।

दिल्ली की जनता गंदा पानी पीने को मजबूर

अरविन्द केजरीवाल पर हमला करते हुए श्री शाह ने कहा कि आज कल मैं कुछ भी बोलता हूँ तो श्रीमान अरविन्द केजरीवाल तुरंत उसे ट्वीट कर देते हैं। वे तो आज कल दिल्ली की जनता का नाम कम लेते हैं, मेरा नाम अधिक लेते हैं। केजरीवाल जी ने घरों में पाइपलाइन से आरओ से भी बढ़िया पानी पहुंचाने का वादा किया था। पाइपलाइन से पानी पहुंचाना तो दूर की बात, दिल्ली की जनता को ऐसा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ा कि BIS के 21 शहरों के सर्वे में सबसे गंदा पानी दिल्ली का पाया गया है। जो दिल्ली जल बोर्ड 178 करोड़ रुपये के मुनाफे में चल रही थी, उसे 800 करोड़ रुपये के घाटे में धकेल दिया गया जिसके अध्यक्ष अरविन्द केजरीवाल खुद हैं। श्रीमान केजरीवाल ने तो यमुना को भी साफ़ करने का वादा किया था लेकिन वे ज़रा यमुना जी के पानी से आचमन कर के तो दिखाएँ! यदि उन्हें जल को स्वच्छ करना था तो इलाहाबाद कुंभ में ही चले जाते कि मोदी जी और योगी जी ने माँ गंगा के जल को निर्मल कैसे बनाया।

शिक्षा व्यवस्था पर केजरीवाल सरकार का झूठ उजागर

शिक्षा पर केजरीवाल के झूठ को उजागर करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में आमूल-चूल परिवर्तन करने का वादा किया था लेकिन उन्होंने ये परिवर्तन शिक्षा-स्तर को गिराने में किया। केजरीवाल सरकार ने 1000 नए स्कूल, 20 कॉलेज और समर्थ स्कूल खोलने का वादा किया था लेकिन जमीन पर कुछ भी दिखाई नहीं देता। जो 25 स्कूल बने भी हैं, उनका कार्य 2015 से पहले शुरू हुआ था। ऐसी मीडिया रिपोर्ट है कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों से पिछले पांच वर्षों में ढाई लाख बच्चे प्राइवेट स्कूलों में शिफ्ट कर गए हैं। पिछले पांच वर्षों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों के प्राइमरी सेक्शन में लगभग 93,000 अर्थात 6% बच्चे कम हुए हैं। 2015 में दिल्ली के सरकारी स्कूलों के दसवीं के परिणाम भी कुछ और ही कहानी कह रहे हैं। 2015 में दिल्ली की दसवीं का रिजल्ट जहां 95.81% था जो 2019 में घट कर 71.58% रह गया है। अरविन्द केजरीवाल जी ने ने 20 हजार से ज्यादा गेस्ट शिक्षकों को पक्का करने का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं हुआ। लगभग 700 स्कूलों में प्रिंसिपल नहीं हैं, 1000 से अधिक स्कूलों में साईंस विंग ही नहीं है, 19 हजार शिक्षकों की कमी है। आखिर इसका जिम्मेवार कौन है? शायद जवाब देने के डर से ही श्रीमान केजरीवाल आज कल जन-सभा नहीं कर रहे।

प्रदूषण मुक्त करने के लिए जुटाए पैसे को विज्ञापन में उड़ाया केजरीवाल सरकार ने

दिल्ली के प्रदूषण की चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली को प्रदूषण-मुक्त करने का वादा किया था लेकिन हाल ही में एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि मुझे प्रदूषण के बारे में कोई जानकारी नहीं है और यह मेरा काम नहीं है। पर, दिल्ली की जनता ने तो केजरीवाल सरकार के प्रदूषण को कम करने का इश्तिहार तो देखा ही है। ग्रीन दिल्ली के नाम पर सेस के जरिये केजरीवाल सरकार ने 1200 करोड़ जुटाए जिसमें से केवल 216 करोड़ रुपये ही आप पार्टी सरकार ने खर्च किये। इस 216 करोड़ रुपये में भी 186 करोड़ केजरीवाल सरकार ने केवल विज्ञापन पर खर्च कर डाले। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को पानी भी दूषित दी, हवा भी जहरीला दिया, झूठ भी जहरीला ही बोलती है। हमने हमारा कार्यक्षेत्र न होने के बावजूद दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए कई कदम उठाये।

सड़क, रेल, बिजली, फ्री वाई-फाई और सीसीटीवी पर केजरीवाल का दावा कोरा झूठ

भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की सड़कों पर 5,000 डीटीसी की बसों को उतारने का वादा किया था लेकिन बसों की संख्या बढ़ाना तो दूर की बात, इस सरकार ने तो 1087 बसों की संख्या ही कम कर दी। केजरीवाल सरकार के आने से पहले डीटीसी बसों की संख्या 4705 बसें थी जो कि 12 नवंबर 2019 को घट कर 3,781 रह गई। दिल्ली में मेट्रो का जाला मोदी सरकार ने बुना। 2014 के पहले दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में औसतन करीब 14 किलोमीटर प्रतिवर्ष का विस्तार हो रहा था। हमारी सरकार आने के बाद अब ये करीब-करीब 25 किलोमीटर प्रतिवर्ष हो गया है। पिछले पाँच साल में दिल्ली में 116 किलोमीटर नई लाइनें शुरू हुई हैं। इसके अलावा अभी करीब 70 किलोमीटर नए रूट पर काम हो रहा है। दिल्ली मेट्रो के फेज-4 को लेकर अगर यहां की राज्य सरकार ने राजनीति नहीं की होती, बेवजह के अड़ेंगे नहीं लगाए होते, तो इसका काम भी काफी पहले शुरू हो गया होता। केजरीवाल सरकार ने रिंग रेल बनाने का वादा किया था, वह भी जमीन पर नहीं उतरा। केजरीवाल सरकार ने फ्री वाई-फाई देने का वादा किया था लेकिन ये कैसा वाई-फाई है कि बैटरी ख़त्म हो जाती है लेकिन मिलता ही नहीं। जब मैंने ऐसा कहा तो केजरीवाल कहते हैं कि हमने 200 यूनिट तक बिजली फ्री की हुई है, मोबाइल चार्ज करा लो। हालत तो यह है कि 200 यूनिट से कम खपत वालों के पास भी बिजली के बिल आ रहे हैं। 15 लाख सीसीटीवी के वादे का तो कहना ही क्या? ढूँढने से भी दिखाई नहीं देती। इसी तरह हॉस्पिटल में सुविधाओं में सुधार के लिए भी केजरीवाल जी ने अनेकों वादे किये थे जो झूठे ही निकले।

केंद्र की जनोपयोगी योजनाओं को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया केजरीवाल सरकार ने

श्री शाह ने कहा कि झूठे वादे कर उसे पूरा करना तो दूर की बात, अरविन्द केजरीवाल सरकार ने केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं के फायदे से भी दिल्ली की जनता को महरूम करने का प्रयास किया। केजरीवाल सरकार ने न तो गरीबों के लिए वरदान साबित होने वाली आयुष्मान भारत योजना को लागू होने दिया और न ही प्रधानमंत्री आवास योजना को ही लागू होने दिया। आखिर केजरीवाल जी इतनी ओछी राजनीति करते क्यों हैं? केजरीवाल की आप पार्टी सरकार ने 200-300 मोहल्ला क्लिनिक खोले भी होंगे लेकिन क्या दिल्ली की गरीब जनता को अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की सुविधा नहीं मिलनी चाहिए थी?

विकास का पैगाम - जहां झुग्गी, वहां मकान, अनधिकृत कॉलोनियां हुई अधिकृत

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का लक्ष्य है कि देश के हर गरीब के पास अपना घर होना चाहिए और इसी लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली की गरीब जनता के लिए “जहां झुग्गी, वहीं पक्का मकान" देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। दिल्ली में 20 सालों तक कांग्रेस और आप पार्टी की सरकार रही लेकिन अनधिकृत कॉलोनियों का दर्द किसी ने नहीं सुना। कांग्रेस और केजरीवाल सरकार, दोनों ने इसे लटकाए रखा। ये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं जिन्होंने 1731 अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत कर 40 लाख से अधिक लोगों को उनके घर का मालिकाना हक दिया है।

हम केजरीवाल नहीं, हम भारतीय जनता पार्टी हैं

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस और केजरीवाल सरकार पिछले 20 वर्षों से दिल्ली की जनता को उनके अधिकारों से वंचित कर रखा था। हम अरविन्द केजरीवाल नहीं हैं, हम भारतीय जनता पार्टी हैं। हम जो कहते हैं, कर के दिखाते हैं। मोदी है तो मुमकिन है। दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-कटरा और द्वारा एक्सप्रेसवे बनाया गया, 112 जन-औषधि के केंद्र दिल्ली में खोले गए, उजाला योजना के तहत प्रदेश में 27 लाख एलईडी बल्ब बांटे गए, उज्ज्वला योजना के तहत एक लाख से ज्यादा महिलाओं को दिल्ली में गैस कनेक्शन दिया गया और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के हर किसान के बैंक एकाउंट में 6,000 रुपये तक की कृषि सहायता पहुंचाई गई। इतना सब मोदी सरकार द्वारा करने के बावजूद कांग्रेस और केजरीवाल सरकार कहती है कि दिल्ली में विकास हमने किया। श्रीमान केजरीवाल तो भाषण देने आते भी नहीं, केवल रोड शो करते हैं। बोलने के लिए कुछ है ही नहीं तो भाषण क्या देंगे! झूठे वादे करने वाले दिल्ली का विकास नहीं कर सकते, ये केवल और केवल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ही कर सकते हैं।

कांग्रेस, केजरीवाल और इनके सहयोगी दलों की नीति है देशहित का विरोध करना

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा हमारे लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। पिछले छः वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आजादी के 70 सालों से अटकी हुई समस्याओं का समाधान किया है। समग्र हिंदुस्तान की यह इच्छा थी कि जम्मू-कश्मीर भारतवर्ष का अभिन्न अंग बने लेकिन धारा 370 और 35A के रहते हुए यह संभव नहीं था। आजादी से लेकर आज तक किसी भी सरकार में यह हिम्मत नहीं हो रही थी कि धारा 370 और 35A को ख़त्म करें लेकिन कांग्रेस की सरकारें अपने वोट बैंक से डरती थी। हम भारतीय जनता पार्टी के लोग हैं, हम वोट बैंक की राजनीति नहीं करते, हमारे लिए देश की सुरक्षा सबसे अहम् है। राज्य सभा में बहुमत आते ही हमने धारा 370 और 35A का उन्मूलन किया लेकिन कांग्रेस एंड कंपनी, आप पार्टी, सपा, बसपा, तृणमूल और वामपंथी पार्टियां इसका विरोध करने लगी। हमने मुस्लिम महिलाओं को बराबरी और समानता का अधिकार देने के उद्देश्य से ट्रिपल तलाक को बैन किया, कांग्रेस एंड कंपनी, आप पार्टी, सपा, बसपा, तृणमूल और वामपंथी पार्टियां इसका भी विरोध कर रही हैं जबकि इन लोगों ने मुस्लिम महिलाओं के अधिकार के लिए कभी कुछ भी नहीं किया।

श्रीराम मंदिर पर चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि लगभग 500 वर्षों से अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण लंबित था। कांग्रेस के नेता लगातार इसे लटकाते गए, सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस के वकील ने राम मंदिर के निर्माण को लटकाने के लिए कई साजिशें की लेकिन जब केंद्र में मोदी सरकार आई और सुप्रीम कोर्ट में इसकी सुनवाई शुरू हुई और इसका निर्णय आया तो समस्त हिंदुस्तान का अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने का सपना साकार हो गया। अगले चार महीनों में भी भगवान् श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। कांग्रेस एंड कंपनी और केजरीवाल सरकार इसका भी विरोध करती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और देश के जांबाज जवानों के बल पर हमने पाकिस्तान में घुस कर आतंकियों पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक किया लेकिन कांग्रेस एंड कंपनी, आप पार्टी, सपा, बसपा, तृणमूल और वामपंथी पार्टियां इसका भी विरोध करने लगी जबकि पाकिस्तान स्ट्राइक का रोना रो रहा है।

CAA पर कांग्रेस और केजरीवाल का झूठ और दंगों की साजिश

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) की चर्चा करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और केजरीवाल सरकार द्वारा CAA पर दिल्ली में झूठ फैलाया जा रहा है कि इस कानून से मुसलमान अल्पसंख्यकों की नागरिकता चली जायेगी। मैंने संसद के दोनों सदनों में गृह मंत्री के नाते और कई सार्वजनिक सभाओं में बार-बार बोला है कि CAA पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आये अल्पसंख्यक शरणार्थियों को नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं लेकिन कांग्रेस और केजरीवाल सरकार की आँखें बंद हैं और उन्हें कुछ सुनाई भी नहीं देता। महात्मा गाँधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ राजेन्द्र प्रसाद, सरदार पटेल, आचार्य कृपलानी से लेकर डॉ मनमोहन सिंह तक ने अल्पसंख्यक शरणार्थियों को भारत में बसाने का वादा किया था लेकिन कांग्रेस ने शरणार्थियों के अधिकारों के लिए कभी कुछ भी नहीं किया क्योंकि वह वोट बैंक की राजनीति करती है। अब जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी लाखों-करोड़ों प्रताड़ित शरणार्थियों को नागरिकता दे रहे हैं तो कांग्रेस एंड कंपनी, केजरीवाल की पार्टी और इनकी सहयोगी पार्टियों को तकलीफ क्यों हो रही है? एक दिन पहले ही एक इंटरव्यू में अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को पाकिस्तानियों की फिक्र है, क्या केजरीवाल जी को यह पता है कि दिल्ली की 30% आबादी बंटवारे के बाद पाकिस्तान से आये हमारे भाइयों की है, केजरीवाल हमारे भाइयों को पाकिस्तानी कैसे कह सकते हैं? और यदि केजरीवाल जी का यही स्टैंड है तो उन्हें चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस एंड कंपनी, केजरीवाल एंड कंपनी, सपा-बसपा, तृणमूल और वामपंथी पार्टियां देश को गुमराह कर दंगे करने की साजिशें रच रही है, दिल्ली को असुरक्षित करने का पाप कर रही है। दिल्ली की जनता को मालूम है कि दिल्ली में दंगे किसने कराये। आज भी केजरीवाल सरकार कहती है कि आप पार्टी शाहीन बाग के साथ है। आज ही एक वीडियो भी वायरल हुई है, ऐसा कहते हुए किसी को शर्म भी नहीं आती। वोट बैंक के लालच में केजरीवाल सरकार और कांग्रेस अपनी आँखों पर पट्टी बांधे हुए है। मैं दिल्ली की जनता को आज कहने आया हूँ कि कांग्रेस और केजरीवाल की पार्टी दिल्ली को सुरक्षित नहीं कर सकती, ये काम केवल और केवल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ही कर सकते हैं।

शपथ लेते ही भाजपा सरकार देगी टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ चार्जशीट की परमिशन

जेएनयू के टुकड़े-टुकड़े गैंग की धज्जियां उड़ाते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आप पार्टी, कांग्रेस, सपा, बसपा, तृणमूल और कम्युनिस्ट सभी देश को तोड़ने वाली शक्ति टुकड़े-टुकड़े गैंग के समर्थक दिखाई पड़ते हैं। जो देश को तोड़ने की बात करे, उसे जेल में डाला जाना चाहिए। मोदी सरकार ने ऐसे देशद्रोही तत्वों को जेल में डाला भी लेकिन जब चार्जशीट फाइल करने का समय आया तो अरविन्द केजरीवाल ने इसकी परमिशन ही नहीं दी। अरे केजरीवाल जी, आप बचाना किसे चाहते हो, उसे जो देश को टुकड़े-टुकड़े करने की बात करता है! वोट बैंक की राजनीति की भी कोई सीमा होती है। दिल्ली में एक बार भाजपा सरकार बन जाये, शपथ लेने के दूसरे दिन ही हम टुकड़े-टुकड़े गैंग के खिलाफ चार्जशीट फाइल करेंगे।

हम चाहते हैं ऐसी दिल्ली

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी विगत छः वर्षों से देश के सर्वांगीण विकास में लगे हुए हैं। पूरी दुनिया में आज मोदी-मोदी के नारे गूंजते हैं, यह सम्मान देश के सवा सौ करोड़ भारतीयों का सम्मान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने छः वर्षों में देश बदला है, देश की सोच को ऊपर उठाया है, अब दिल्ली को बदलने की बारी है। हम ऐसे दिल्ली का निर्माण चाहते हैं जो प्रदूषण से मुक्त हो, जहां हर घर में स्वच्छ पीने का पानी पहुंचे, हर घर में 24 घंटे बिजली पहुंचे, जहां अच्छी शिक्षा की सुविधा हो, जहाँ रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम हो, जो ट्रैफिक जाम से मुक्त हो, जहां वर्ल्ड क्लास रोड हो और कभी शाहीन बाग न हो। ऐसी दिल्ली तभी बन सकती है जब दिल्ली की जनता केजरीवाल और कांग्रेस के भ्रामक प्रचार से बाहर निकल कर 8 फरवरी 2020 को कमल के निशान पर बटन दबाएँ। पांच वर्ष पूर्व दिल्लीवालों से गलती से गलती हुई थी, अबकी बार हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ चलें, यह हमारा संकल्प होना चाहिए। दिल्ली के युवा साइबर योद्धा इस संदेश को घर-घर पहुंचाए और दिल्ली की जनता इतने जोर से कमल पर बटन दबाये कि 8 फरवरी 2020 की शाम को शाहीन बाग वाले अपना बोरिया-बिस्तर उठा कर भाग जाएँ।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: