Press, Share | Dec 16, 2019
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा झारखंड के पाकुड़ और पोड़ैयाहाट में आयोजित विशाल जन-सभाओं में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
संसद ने नागरिकता संशोधन पारित कर पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना का शिकार हुए शरणार्थी अल्पसंख्यक हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, इसाई और पारसी लोगों को भारत की नागरिकता देने का विधेयक पारित किया है लेकिन इस पर भी विपक्षी पार्टियां वोट बैंक की राजनीति कर रही है
*********
कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस छात्रों को गुमराह कर रही है और सिटिजन एमेंडमेंट एक्ट पर भ्रांतियां फैला कर देश में हिंसा का वातावरण पैदा कर रही है। मैं कांग्रेस, आप पार्टी और टीएमसी से भी अपील करता हूँ कि आप इस रास्ते से वापस आ जाइए क्योंकि हिंसा का रास्ता किसी का भला नहीं करता है
*********
मैं छात्रों से भी अपील करना चाहता हूँ कि आप पहले सिटिजन एमेंडमेंट एक्ट का अध्ययन कीजिये, इस एक्ट में किसी की भी नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान ही नहीं है, यह एक्ट तो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के शिकार दुखियारे भाइयों को हिंदुस्तान की नागरिकता देने के लिए है
*********
भारतीय जनता पार्टी की केंद्र एवं राज्य सरकार झारखंड के विकास के लिए कृतसंकल्पित है लेकिन कांग्रेस-आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा की तिकड़ी झारखंड को और पीछे धकेलना चाहती है
*********
कांग्रेस न तो विकास कर सकती है, न देश को सुरक्षित रख सकती है और न ही जन-भावनाओं का सम्मान ही कर सकती है। यदि कांग्रेस, आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा यदि ये भी नहीं कर सकती तो जनता उन्हें सत्ता में क्यों बिठाए?
*********
कांग्रेस, आरजेडी और झामुमो जब-जब सत्ता में आई, तब-तब उन्होंने केवल और केवल भ्रष्टाचार किया। जबरन धर्मांतरण झारखंड का मुख्य मुद्दा रहा है लेकिन रघुबर सरकार ने इस समस्या से भी यहाँ के निवासियों को निजात दिलाई है
*********
यह भाजपा है जिसने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता देकर पिछड़ा वर्ग को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है। अगली बार सरकार बनने पर हम दलितों और आदिवासियों को मिल रहे आरक्षण में कोई कटौती किये बगैर पिछड़े वर्ग के युवाओं को आरक्षण का अधिकतम लाभ देने के लिए प्रयास करेंगे
*********
यही कांग्रेस और राजद है जिसने अलग झारखंड राज्य की मांग कर रहे यहाँ के युवाओं पर गोलियां चलवाई थी लेकिन आज सत्ता के लालच में जल-जंगल-जमीन का नारा देने वाले हेमंत सोरेन उसी कांग्रेस और आरजेडी से गलबहियां कर रहे हैं। यह राजनीतिक अवसरवादिता का उदाहरण नहीं तो और क्या है?
*********
कांग्रेस, आरजेडी और झामुमो के शासनकाल में झारखंड में नक्सलवाद ने अपना पाँव इतना पसार लिया था कि विकास के तमाम रास्ते बंद हो गए थे। विगत पांच वर्षों में मोदी सरकार ने नक्सलवाद को ख़त्म करने का काम किया है
*********
झारखंड में जितने कार्य भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में किये, उतने कार्य कांग्रेस-आरजेडी और झामुमो ने मिल कर 55 साल में भी नहीं किये
*********
13वें वित्त आयोग में कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान झारखंड को केवल 55,253 करोड़ रुपये की राशि दी गई जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार के दौरान प्रदेश के लिए लगभग छः गुना अधिक 3,08,487 करोड़ रुपये आवंटित की गई
*********
कांग्रेस धारा 370, ट्रिपल तलाक और राम मंदिर से लेकर नागरिकता संशोधन क़ानून तक देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। जम्मू-कश्मीर भारत का मुकुटमणि है और जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए धारा 370 का उन्मूलन आवश्यक था जबकि कांग्रेस वोट बैंक के लालच में इस मुद्दे को लटकाई हुई थी
*********
कांग्रेस ने राम मंदिर मुद्दे की अदालत में सुनवाई को टालने के लिए लगातार षड्यंत्र किया लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट का भी निर्णय आ चुका है और जल्द ही अयोध्या में भगवान् श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होकर रहेगा। इसे कोई नहीं रोक सकता।
*********
हमने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट में एयरस्ट्राइक करके यह बता दिया कि दिल्ली में नरेन्द्र मोदी सरकार है जो आतंक के खात्मे के लिए संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री जी ने दुनिया का हिंदुस्तान को देखने का नजरिया बदल कर रख दिया है
*********
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज झारखंड के पाकुड़ और पोड़ैयाहाट में आयोजित विशाल जन-सभाओं को संबोधित किया और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री रघुबर दास जी के नेतृत्व में चल रही विकास गाथा को रेखांकित करते हुए उन्होंने विकास की गति को स्थायित्व देने के साथ-साथ और गति देने के लिए एक बार पुनः पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने की अपील की।
नागरिकता संशोधन क़ानून पर बोलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संसद ने नागरिकता संशोधन क़ानून पारित किया है जिसके तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना का शिकार हुए शरणार्थी अल्पसंख्यक हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, इसाई और पारसी भाइयों को भारत की नागरिकता दी जायेगी लेकिन इस पर विपक्षी पार्टियां वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है और सिटिजन एमेंडमेंट एक्ट पर भ्रांतियां फैला रही है। मैं छात्रों से भी अपील करना चाहता हूँ कि आप पहले सिटिजन एमेंडमेंट एक्ट का अध्ययन कीजिये, इस एक्ट में किसी की भी नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान ही नहीं है, यह एक्ट तो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के शिकार दुखियारे भाइयों को हिंदुस्तान की नागरिकता देने के लिए है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और टीएमसी छात्रों को गुमराह कर रही है और देश में हिंसा का वातावरण पैदा कर रही है। मैं कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और टीएमसी से भी अपील करता हूँ कि आप इस रास्ते से वापस आ जाइए क्योंकि हिंसा का रास्ता किसी का भला नहीं करता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, आरजेडी और झामुमो के शासनकाल में झारखंड में नक्सलवाद ने अपना पाँव इतना पसार लिया था कि विकास के तमाम रास्ते बंद हो गए थे। विगत पांच वर्षों में मोदी सरकार ने नक्सलवाद को ख़त्म करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो विकास कर सकती है, न देश को सुरक्षित रख सकती है और न ही जन-भावनाओं का सम्मान ही कर सकती है। यदि कांग्रेस, आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा यदि ये भी नहीं कर सकती तो जनता उन्हें सत्ता में क्यों बिठाए? कांग्रेस, आरजेडी और झामुमो जब-जब सत्ता में आई, तब-तब उन्होंने केवल और केवल भ्रष्टाचार किया।
झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानियों और विभूतियों को नमन करते हुए श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र एवं राज्य सरकार झारखंड के विकास के लिए कृतसंकल्पित है लेकिन कांग्रेस-आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा की तिकड़ी झारखंड को और पीछे धकेलना चाहती है। यही कांग्रेस और राजद है जिसने अलग झारखंड राज्य की मांग कर रहे यहाँ के युवाओं पर गोलियां चलवाई थी लेकिन आज सत्ता के लालच में जल-जंगल-जमीन का नारा देने वाले हेमंत सोरेन उसी कांग्रेस और आरजेडी से गलबहियां कर रहे हैं। यह राजनीतिक अवसरवादिता का उदाहरण नहीं तो और क्या है? वर्षों तक झारखंड के युवा अलग प्रदेश की मांग के लिए संघर्ष करते रहे लेकिन कांग्रेस और आरजेडी के सत्ता में रहते अलग झारखंड का निर्माण नहीं हो पाया। जब केंद्र में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब जाकर झारखंड एक अलग प्रदेश बना और आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में झारखंड अहर्निश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है।
भाजपा शासन में झारखंड में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हाल ही में साहिबगंज मल्टीमॉडल पोर्ट राष्ट्र को समर्पित किया। इससे सागरमाला प्रोजेक्ट के तहत हल्दिया और कोलकाता बंदरगाह सीधे साहिबगंज से जुड़ जायेंगे जिससे प्रदेश में समृद्धि का द्वार खुलेगा। इस पूरे क्षेत्र को डेवलपमेंटल कॉरिडोर के रूप में भी विकसित किये जाने की योजना है। पहले यूरोप और एशिया के कई हिस्सों का व्यापार साहिबगंज पोर्ट से ही हुआ करता था लेकिन कांग्रेस-झामुमो ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। भारतीय जनता पार्टी सरकार साहिबगंज बंदरगाह को वैश्विक व्यापार का केंद्र बनाने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी है जिसने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता देकर पिछड़ा वर्ग के लोगों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है। हमने इस बार अपने घोषणापत्र में यह वादा किया है कि झारखंड में पुनः भाजपा सरकार बनने पर हम दलितों और आदिवासियों को मिल रहे आरक्षण में कोई भी कटौती किये बगैर पिछड़े वर्ग के युवाओं को आरक्षण का अधिकतम लाभ देने के लिए प्रयास करेंगे।
विकास की चर्चा जारी रखते हुए श्री शाह ने कहा कि झारखंड में जितने कार्य भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में किये, उतने कार्य कांग्रेस-आरजेडी और झामुमो ने मिल कर 55 साल में भी नहीं किये। पाकुड़ क्षेत्र की विकास यात्रा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पाकुड़ प्रखंड में पॉलिटेक्निक कॉलेज और महिला कॉलेज की स्थापना की गई। पाकुड़ और बरहरवा प्रखंड में आईटीआई खोले गए। पाकुड़ और बरहरवा से होते हुए लिट्टीपारा तक नेशनल हाइवे का कार्य स्वीकृत हो चुका है। यहाँ एक सौर पेय जल संयंत्र विकसित किया जा रहा है जिससे माँ गंगा का निर्मल पानी नल से हर घर में पहुंचाया जाएगा। पाकुड़ और बरहरवा प्रखंड में अस्पताल भवनों का नवीनीकरण हुआ है। लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से 60 किमी से भी अधिक सड़कें बनाई गई है। इस विधान सभा क्षेत्र में 9 सामूहिक शौचालयों के निर्माण के साथ-साथ लगभग 42,851 घरों में शौचालय बनाए गए हैं। लगभग 14 हजार से अधिक घरों में बिजली पहुंचाई गई। लगभग 5,941 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए गए हैं, 38,501 गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया गया है और इस क्षेत्र के 40 हजार परिवारों को आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त रघुबर सरकार ने 2,337 सखी मंडल बना कर 30 हजार से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराया गया है।
पोड़ैयाहाट विधान सभा में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस विधानसभा में 150 करोड़ रुपये की लागत से 533 किमी सड़क बनाया गया है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत 5,285 घरों में शौचालय का निर्माण हुआ है, आवास योजना के तहत 12460 घर बनाए गए हैं, उज्ज्वला योजना के तहत इस क्षेत्र में 16,000 गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए, कृषि सम्मान निधि और कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 12,288 किसानों को 11 हजार से 31 हजार रुपये तक का लाभ मिल रहा है और 1,600 मेगावाट का विद्युत् संयत्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस विधान सभा के 25,563 घरों में बिजली पहुंचाई गई है, 225 किमी लाइन बिछाई गई है और लगभग 6,000 से अधिक बिजली के खंभे लगाए गए हैं। महिलाओं को 90% अनुदान पर दुधारू गाय उपलब्ध कराया गया है और लगभग 1,825 महिला मंडल गठित कर 21,000 से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराया गया है।
संथाल परगना में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संथाल परगना के देवघर और दुमका में एयरपोर्ट बनाया गया है, डाकिया योजना के तहत आदिवासी भाईयों ओ 35 किलो अनाज प्रतिमाह उनके घर पहुंचाया जा रहा है, दुमका मेडिकल कॉलेज बन रहा है, श्रावणी मेला को विश्वस्तरीय बनाने के प्रयास हो रहे हैं, माँ गंगा नदी पर फोर लेन ब्रिज और बंदरगाह शुरू किया जा रहा है। 26 गाँवों में जलापूर्ति योजना के तहत 3.28 लाख से अधिक परिवारों को पाईपलाइन से पानी पहुंचाए जाने की योजना पर काम चल रहा है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.21 लाख परिवारों को घर मिले हैं। उन्होंने कहा कि जबरन धर्मांतरण इस क्षेत्र का मुख्य मुद्दा रहा है लेकिन रघुबर सरकार ने इस समस्या से भी यहाँ के निवासियों को निजात दिलाई है।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत झारखंड के किसानों को 11 हजार रुपये से 31 हजार रुपये तक की वार्षिक सहायता मिल रही है। महिलाओं के लिए एक रुपये में रजिस्ट्री की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री सुकन्या योजना के तहत राज्य की हर बालिकाओं को 70 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। ताना भगत विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है और भगवान् बिरसा मुंडा की जन्म-स्थली और कर्मस्थली, दोनों जगह भव्य स्मारक बनाया गया है। देवघर में एम्स और रांची में कैंसर अस्पताल की नींव रखी गई है। राज्य में पांच नए एयरपोर्ट और पांच मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की गई है और सिंदरी खाद कारखाने को फिर से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-आरजेडी और झामुमो ने झारखंड के विकास के लिए सत्ता में रहते हुए भी कुछ नहीं किया। 13वें वित्त आयोग में कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान झारखंड को केवल 55,253 करोड़ रुपये की राशि दी गई जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार के दौरान प्रदेश के लिए लगभग छः गुना अधिक 3,08,487 करोड़ रुपये आवंटित की गई।
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस धारा 370, ट्रिपल तलाक और राम मंदिर से लेकर नागरिकता संशोधन क़ानून तक देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। जम्मू-कश्मीर भारत का मुकुटमणि है और जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए धारा 370 का उन्मूलन आवश्यक था जबकि कांग्रेस वोट बैंक के लालच में इस मुद्दे को लटकाई हुई थी। कांग्रेस ने राम मंदिर मुद्दे की अदालत में सुनवाई को टालने के लिए लगातार षड्यंत्र किया लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट का भी निर्णय आ चुका है और जल्द ही अयोध्या में भगवान् श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होकर रहेगा। इसे कोई नहीं रोक सकता।
श्री शाह ने कहा कि झारखंड के हर नागरिक चाहते हैं कि देश सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध बने। सोनिया-मनमोहन के 10 वर्षों की यूपीए सरकार के दौरान आये दिन हिंदुस्तान में पाकिस्तान प्रेरित आतंकी हमले होते रहते थे लेकिन हमारी कांग्रेस सरकार जवाब देने में असमर्थ थी, पर आज हिंदुस्तान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ रखी है। हमने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट में एयरस्ट्राइक करके यह बता दिया कि दिल्ली में नरेन्द्र मोदी सरकार है जो आतंक के खात्मे के लिए संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री जी ने दुनिया का हिंदुस्तान को देखने का नजरिया बदल कर रख दिया है।