Salient points of speech of BJP National President Shri Amit Shah addressing public meetings in Latehar & Lohardaga (Jharkhand)

Press, Share | Nov 21, 2019

केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा झारखंड के लातेहार और लोहरदगा में आयोजित विशाल जन-सभाओं में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

झारखंड विधानसभा का यह चुनाव किसी को मुख्यमंत्री, मंत्री अथवा विधायक बनाने का चुनाव नहीं है बल्कि झारखंड के भविष्य को निर्धारित करने का चुनाव है। झारखंड की जनता ने राज्य में पुनः भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली रघुबर सरकार के गठन का मन बना लिया है
*********
झारखंड में भाजपा सरकार पुनः बनने पर हम सबसे पहले आरक्षण की व्यवस्था के लिए एक कमीशन बना कर यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछड़े समाज के युवाओं को आरक्षण का अधिक से अधिक लाभ मिले। सामाजिक न्याय की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है जिसे हम अपने घोषणापत्र में लेकर आने वाले हैं
*********
कांग्रेस ने आजादी के 70 सालों तक पिछड़े समाज के लोगों के साथ अन्याय करते हुए उन्हें संवैधानिक सम्मान से वंचित रखा। जब केंद्र में पिछड़े परिवार से आने वाले श्री नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने तब जाकर ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता मिल पाई
*********
मोदी सरकार और रघुबर सरकार द्वारा विकास के लिए किये गए भागीरथ प्रयास का ही परिणाम है कि आदिवासियों को पहली बार सही मायनों में आजादी की अनुभूति हो रही है। झारखंड को श्रद्धेय अटलजी ने बनाया, अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी इसे संवारने में लगे हुए हैं
*********
रघुबर सरकार ने झारखंड के विकास को गति तो दी ही है, इससे भी बड़ा काम उन्होंने झारखंड को नक्सलवाद से मुक्त करने का किया है। पिछले पांच वर्षों में रघुबर सरकार ने झारखंड से नक्सलवाद को ख़त्म करने की दिशा में कई प्रभावी कदम उठाये हैं
*********
झारखंड का निर्माण इसलिए नहीं हुआ था कि कांग्रेस नाम और वेश बदल-बदल कर यहाँ के गरीबों और आदिवासियों का शोषण करे, भ्रष्टाचार करे बल्कि युवाओं ने अलग झारखंड के लिए बलिदान इसलिए दिया था ताकि यह एक विकसित और समृद्ध राज्य बने
*********
जम्मू-कश्मीर की समस्या को कांग्रेस पार्टी ने अपने वोट बैंक के लालच में 70 साल से लटकाए रखा जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत माता के मुकुटमणि पर धारा 370 के लगे कलंक को हटाकर भारत में आतंकवाद के गेटवे को बंद कर दिया है जिससे अब जम्मू-कश्मीर वे विकास की नई सुबह हुई है
*********
13वें वित्त आयोग में सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार ने झारखंड को 55,253 करोड़ रुपये दिए जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार के दौरान झारखंड को लगभग छः गुना अधिक 3,08,487 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई
*********
कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय आदिवासी कल्याण के लिए महज 4000 करोड़ रुपये की राशि का बजट निर्धारित की गई थी जबकि मोदी सरकार ने इसके लिए 6900 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इसके साथ ही हमने 50 से ज्यादा वन ऊपजों को समर्थन मूल्य भी देने का कार्य किया है
*********
देश के हर व्यक्ति के मन में वर्षों से यह लालसा थी कि अयोध्या में भगवान् श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण बनना चाहिए लेकिन कांग्रेस पार्टी अदालत में इसे चलने ही नहीं देती थी। भारतीय जनता पार्टी प्रारंभ से ही भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए कटिबद्ध थी
*********
वर्षों से श्रीराम मंदिर पर फैसला नहीं हो पाया था लेकिन प्रभु श्रीराम की कृपा हुई। सुप्रीम कोर्ट ने सर्वसम्मति से निर्णय दे दिया है और अब जल्द ही भगवान् श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी वर्षों से पड़ी समस्याओं का एक के बाद एक करके निदान करते जा रहे हैं
*********
पिछले पांच वर्षों में रघुबर सरकार ने झारखंड में विकास की संस्कृति को बदल कर रख दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री रघुबर दास ने राज्य घर-घर में विकास को पहुंचाया है
*********
रघुबर सरकार ने भगवान् बिरसा मुंडा की जन्मस्थली और कर्मस्थली पर भव्य स्मारक बनाने का कार्य किया है। आदिवासी समाज के सभी स्वातंत्र्य सेनानियों के सम्मान के लिए संग्रहालय का निर्माण किया गया है ताकि आने वाली पीढियां उनसे प्रेरणा ले सकें। भगवान् बिरसा मुंडा के स्वप्न को पूरा करने के लिए मोदी सरकार दिन-रात काम कर रही है
*********
कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों के वोट तो लिए लेकिन आदिवासियों के कल्याण के लिए किया कुछ नहीं। आदिवासी मंत्रालय की मांग को कांग्रेस हमेशा अनसुना करती रही। जब केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की अटल सरकार आई तो अलग से आदिवासी मंत्रालय का गठन किया गया
*********
डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड के तहत आदिवासियों के कल्याण के लिए 32,000 करोड़ रुपये की राशि दी गई। ब्लॉक स्तर पर एकलव्य मॉडल स्कूल का गठन किया गया। वर्तमान में ऐसे 438 एकलव्य मॉडल स्कूल का काम कर रहे हैं
*********

केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज झारखंड विधान सभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने गुरुवार को मणिका (लातेहार) के हाई स्कूल ग्राउंड और लोहरदगा के बीएस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित विशाल जन-सभाओं को संबोधित किया और राज्य की जनता से झारखंड में स्थिरता और विकास की गति और तेज करने के लिए एक बार पुनः भारी बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की रघुबर सरकार बनाने की अपील की।

देश के स्वातंत्र्य संग्राम में अहम् भूमिका निभाने वाले भगवान् बिरसा मुंडा को नमन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य के आदिवासी वीर विभूतियों के योगदान को याद किया और हाल ही में देश की सुरक्षा में शहीद लातेहार के लाल, शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला और सीआरपीएफ जवान विजय सोरेंग को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री शाह ने कहा कि झारखंड विधानसभा का यह चुनाव किसी को मुख्यमंत्री, मंत्री अथवा विधायक बनाने का चुनाव नहीं है बल्कि झारखंड के भविष्य को निर्धारित करने का चुनाव है। एक विकसित और समृद्ध झारखंड राज्य के निर्माण का सपना लेकर युवाओं ने जो आंदोलन शुरू किया था, वह कांग्रेस के सत्ता में रहते कभी साकार नहीं हो पाया। जब तक देश में कांग्रेस की सरकार रही, झारखंड के युवा शहीद होते रहे लेकिन झारखंड अलग राज्य नहीं बन पाया। जब श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार आई, तब जाकर अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ। झारखंड का निर्माण इसलिए नहीं हुआ था कि कांग्रेस नाम और वेश बदल-बदल कर यहाँ के गरीबों और आदिवासियों का शोषण करे, भ्रष्टाचार करे और फिर से झारखंड को पिछड़ा राज्य बना दे बल्कि युवाओं ने अलग झारखंड के लिए बलिदान इसलिए दिया था ताकि यह एक विकसित और समृद्ध राज्य बने।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बनने के कारण झारखंड ने अस्थिर सरकारों का दौर देखा और भ्रष्टाचार को पोषित करने वाली कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा गठबंधन की सरकारों के कारण प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर झारखंड विकास में पिछड़ता ही चला गया। पिछली बार विधान सभा चुनाव में जब झारखंड की जनता से पूर्ण बहुमत का आशीर्वाद माँगा था। पिछले पांच वर्षों में रघुबर सरकार ने झारखंड में विकास की संस्कृति को बदल कर रख दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री रघुबर दास ने राज्य घर-घर में विकास को पहुंचाया है। मैं कांग्रेस के नेताओं से पूछना चाहता हूँ कि आजादी के बाद से 70 सालों में से 55 सालों तक आप की ही सरकार रही लेकिन लोगों के घरों में बिजली, गैस, शौचालय क्यों नहीं पहुँच सकी? स्वास्थ्य की सुविधा और रोजगार के अवसर झारखंड वासियों के लिए उपलब्ध क्यों नहीं हुए? मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और हेमंत सोरेन जी से पूछना चाहता हूँ कि आप किस के साथ चुनाव लड़ रहे हो? क्या आपको पता नहीं कि कांग्रेस ने हमेशा ही झारखंड के साथ अन्याय किया? क्या आपको पता नहीं कि कांग्रेस ने आजादी के 70 सालों तक आदिवासियों को छलने का काम किया, वादाखिलाफी की? क्या आपको पता नहीं कि कांग्रेस ने झारखंड के अलग राज्य बनने के मार्ग में बार-बार रोड़े अटकाए, झारखंड के आगे बढ़ने के मार्ग में बाधाएं उत्पन्न की जबकि भाजपा की रघुबर सरकार के नेतृत्व में केवल पांच वर्षों में ही पांच लाख परिवारों को घर मिला, घरों में गैस, शौचालय और बिजली पहुंचाई गई। अगले तीन-चार सालों में हर घर में शौचालय और शुद्ध पीने का पानी पहुंचेगा। मोदी सरकार और रघुबर सरकार द्वारा विकास के लिए किये गए भागीरथ प्रयास का ही परिणाम है कि आदिवासियों को पहली बार सही मायनों में आजादी की अनुभूति हो रही है। झारखंड को श्रद्धेय अटलजी ने बनाया, अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी इसे संवारने में लगे हुए हैं।

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के 70 सालों तक पिछड़े समाज के लोगों के साथ अन्याय करते हुए उन्हें संवैधानिक सम्मान से वंचित रखा। जब केंद्र में पिछड़े परिवार से आने वाले श्री नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने तब जाकर ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता मिल पाई। यह मोदी सरकार है जिसने पिछड़े समाज को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है। इस बार झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद हम सबसे पहले आरक्षण की व्यवस्था के लिए एक कमीशन बना कर यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछड़े समाज के युवाओं को आरक्षण का अधिक से अधिक लाभ मिले। भारतीय जनता पार्टी अपने घोषणापत्र में भी इस मुद्दे को लेकर आने वाली है। यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक नई पहल होगी।

माणिक, लातेहार में हुए विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि रघुबर सरकार ने भगवान् बिरसा मुंडा की जन्मस्थली और कर्मस्थली पर भव्य स्मारक बनाने का कार्य किया है। 2018 में आजादी के बाद पहली बार डिग्री कॉलेज को स्वीकृति दी गई है। झारखंड राज्य आदिवासी संवर्धन सोसायटी के तहत महिला किसान शक्ति के रूप में लेमन ग्रास और तुलसी की पैदावार कर उनकी आय में वृद्धि की गई है, सुदूर जंगली इलाकों में भी पक्के सड़कों का निर्माण किया गया है, लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से 554 किमी रास्ते का निर्माण हुआ है जबकि कांग्रेस सरकार में केवल 60 किमी सड़क का ही निर्माण हुआ था। प्रखंडों को जिला मुख्यालय से जोड़ा गया है। स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए दो एम्बुलेंस दी गई है जिससे अब तक लगभग 1,823 से अधिक लोगों की जान बचाई गई है और 650 माताओं की सही तरीके से प्रसूति संभव हो पाई है। क्षेत्र में नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय का निर्णय किया गया है। शहीद ग्राम योजना के तहत वीर शहीद नीलांबर पीतांबर के गाँव को महिमामंडित किया गया है। लगभग 28,776 घरों में बिजली, 42,000 घरों में शौचालय, 13,500 लोगों को घर और लगभग 29,000 माताओं को गैस चूल्हा दिया गया है। किसान सम्मान निधि के तहत 15,000 किसान लाभान्वित हुए हैं और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से 8,214 किसानों को लाभ पहुंचा है। डाकिया योजना से लगभग 3023 परिवारों को मुफ्त राशन घर बैठे प्राप्त हुआ है। केवल लातेहार जिले में ही 4070 सखी मंडल बने हैं जिससे लगभग 46,000 माताओं को जोड़ा गया है। इससे 27,000 माताओं को स्वरोजगार मिला है। एक जिले में विकास के इतने काम कांग्रेस कभी नहीं कर पाई।

रघुबर सरकार द्वारा लोहरदगा में किये गए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए श्री शाह ने कहा कि 309 करोड़ रुपये की लागत से विधान सभा में 750 किमी से अधिक सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। लगभग 90% अनुदान पर 1,600 से अधिक पशुओं का वितरण हुआ है। केवल लोहरदगा में ही 32 स्वास्थ्य उप-केंद्र, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण हुआ है। लगभग 62 सरना स्थलों का सौन्दर्यीकरण किया गया है और 12 करोड़ रुपये की लागत से 19 जगहों पर पुलिया का निर्माण कराया गया है। शत-प्रतिशत गाँवों में बिजली पहुंचाई गई है। मुद्रा योजना के तहत 31 लाख युवाओं को लगभग 11,000 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है, जन-धन योजना के तहत 1.26 करोड़ लोगों को बैंक खाते खोले गए हैं, 15 लाख से अधिक घरों में बिजली पहुंचाई गई है, लगभग 31 लाख माताओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं, लगभग 35 लाख घरों में शौचालय का निर्माण कराया गया है और 2,300 से अधिक पंचायतों को भारतनेट से जोड़ा गया है। आयुष्मान भारत के तहत 12 लाख से अधिक परिवारों को लाभ पहुंचा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों के वोट तो लिए लेकिन आदिवासियों के कल्याण के लिए किया कुछ नहीं। आदिवासी अपने लिए अलग मंत्रालय की मांग वर्षों से कर रहे थे लेकिन कांग्रेस ने हमेशा उनकी मांग को अनसुना किया। जब केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की अटल सरकार आई तो अलग से आदिवासी मंत्रालय का गठन किया गया। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड के तहत आदिवासियों के कल्याण के लिए 32,000 करोड़ रुपये की राशि दी गई। ब्लॉक स्तर पर एकलव्य मॉडल स्कूल का गठन किया गया। वर्तमान में ऐसे 438 एकलव्य मॉडल स्कूल का काम कर रहे हैं। कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय आदिवासी कल्याण के लिए महज 4000 करोड़ रुपये की राशि का बजट निर्धारित की गई थी जबकि मोदी सरकार ने इसके लिए 6900 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इसके साथ ही हमने 50 से ज्यादा वन ऊपजों को समर्थन मूल्य भी देने का कार्य किया है। आदिवासी समाज के सभी स्वातंत्र्य सेनानियों के सम्मान के लिए संग्रहालय का निर्माण कराया गया है ताकि आने वाली पीढियां उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें। भगवान् बिरसा मुंडा के स्वप्न को पूरा करने के लिए मोदी सरकार दिन-रात काम कर रही है।

श्री शाह ने कहा कि रघुबर सरकार ने झारखंड के विकास को गति तो दी ही है, इससे भी बड़ा काम उन्होंने झारखंड को नक्सलवाद से मुक्त करने का किया है। हमारा स्पष्ट मानना है कि जिस राज्य की क़ानून-व्यवस्था सुदृढ़ नहीं है, वहां विकास संभव नहीं है। पिछले पांच वर्षों में रघुबर सरकार ने झारखंड से नक्सलवाद को ख़त्म करने की दिशा में कई प्रभावी कदम उठाये हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में 10 वर्षों तक कांग्रेस की यूपीए सरकार रही और झारखंड मुक्ति मोर्चा भी लगातार कांग्रेस के ही समर्थन में रही लेकिन मैं दोनों पार्टियों से पूछना चाहता हूँ कि उन्होंने झारखंड के विकास के लिए किया क्या? उन्होंने कहा कि 13वें वित्त आयोग में सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार ने झारखंड को 55,253 करोड़ रुपये दिए जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार के दौरान झारखंड को लगभग छः गुना अधिक 3,08,487 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई। इसके अतिरिक्त झारखंड को मुद्रा योजना के तहत 11,000 करोड़ रुपये, खदानों की ई-नीलामी से हुए आय में 1,17,000 करोड़ रुपये, डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड के तहत 4700 करोड़ रुपये, कैंपा फंड के जरिये 524 करोड़ रुपये, उदय योजना के तहत 5,300 करोड़ रुपये, रांची स्मार्ट सिटी के लिए 196 करोड़ रुपये, रेलवे के विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये, बोकारो में कारखाने के लिए आधुनिकीकरण के लिए 6325 करोड़ रुपये और साहिबगंज में गंगा नदी पर बनने वाले पुल के लिए 2266 करोड़ रुपये दिए गए। पिछले पांच वर्षों में झारखंड में नौ नेशनल हाइवे का निर्माण कराया गया और सिंदरी कारखाना को फिर से शुरू किया जा रहा है।

श्री शाह ने कहा कि झारखंड की जनता के आशीर्वाद से 303 सीटों पर कमल खिला और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। केंद्र में पुनः सरकार बनने के बाद पहले ही संसद सत्र में मोदी सरकार ने धारा 370 और 35A को ख़त्म कर दिया। जम्मू-कश्मीर की समस्या को कांग्रेस पार्टी ने अपने वोट बैंक के लालच में 70 साल से लटकाए रखा जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत माता के मुकुटमणि पर धारा 370 के लगे कलंक को हटाकर भारत में आतंकवाद के गेटवे को बंद कर दिया है जिससे अब जम्मू-कश्मीर वे विकास की नई सुबह हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दुनिया में यह संदेश गया है कि भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए कड़े से कड़ा कदम उठा सकता है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश के हर व्यक्ति के मन में वर्षों से यह लालसा थी कि अयोध्या में भगवान् श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण बनना चाहिए लेकिन कांग्रेस पार्टी अदालत में इस मामले से जुड़े केस को चलने ही नहीं देती थी। हमारा हमेशा से यह मानना रहा कि संवैधानिक रूप से इसका हल निकलना चाहिए, हम शुरू से से ही भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए कटिबद्ध थे। इतने वर्षों से इस मामले में फैसला नहीं हो पाया था लेकिन प्रभु श्रीराम की कृपा हुई और सुप्रीम कोर्ट ने सर्वसम्मति से निर्णय देते हुए भगवान् श्रीराम के जन्म स्थान पर ही भव्य मंदिर के निर्माण का रास्ता प्रशस्त किया। अब अदालत का निर्णय आ गया है और जल्द ही अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी वर्षों से पड़ी समस्याओं का एक के बाद एक करके निदान करते जा रहे हैं।

झारखंड की जनता से अपील करते हुए श्री शाह ने कहा कि मतदान करते वक्त आप जाति, व्यक्ति या प्रत्याशी को न देखें बल्कि झारखंड के विकास को ध्यान में रखें और कमल के फूल के निशान पर बटन दबा कर एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली रघुबर सरकार का मार्ग प्रशस्त करें।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: