Salient points of joint press conference of BJP National President Shri Nitin Nabin, Union Home Minister & Minister of Cooperation Shri Amit Shah & Shiromani Akali Dal President Sardar Sukhbir Singh Badal at BJP HQ, 6A DDU Marg, New Delhi

Press | Nov 24, 2026

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल की संयुक्त प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु

 

भाजपा और अकाली दल का गठबंधन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और पंजाब के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता है। अकाली दल के जुड़ने से ही एनडीए पूर्ण होता है: श्री अमित शाह

*****************

गुरु पूरब के पावन दिन शिरोमणि अकाली दल के एनडीए में वापसी पर मैं शिरोमणि अकाली दल के सभी साथियों और सरदार सुखबीर सिंह बादल का हृदय से एनडीए में स्वागत करता हूं: श्री अमित शाह

*****************

पंजाब की जनता ने तय कर लिया है कि वह गुरुओं का अपमान करने वाली और जनता से वादाखिलाफी करने वाली सरकार और उसके नेताओं को स्वीकार नहीं करेगी: श्री अमित शाह

*****************

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सरकार में नशामुक्त पंजाब बनने की जगह नशे का कारोबार बढ़ता ही चला गया: श्री अमित शाह

*****************

हमारा संकल्प है - 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जाएगा और पंजाब से भ्रष्टाचार, ड्रग माफिया तथा गैंगस्टरों के आतंक का उन्मूलन किया जाएगा: श्री अमित शाह

*****************

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन पूरी तरह स्वाभाविक और नेचुरल गठबंधन है। हम मिलकर पंजाब के विकास के लिए काम करेंगे: श्री नितिन नवीन

*****************

मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और पंजाब में डबल इंजन की सरकार राज्य की जवानी, किसानी, व्यापारियों और मजदूरों की सुरक्षा, समृद्धि और विकास सुनिश्चित करेगी: श्री नितिन नवीन

*****************

भाजपा-अकाली गठबंधन सत्ता का नहीं, बल्कि पंजाब की सेवा का संकल्प है: श्री नितिन नवीन

*****************

भाजपा और अकाली दल का रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि नख-मांस की तरह अटूट और पंजाब के हितों से जुड़ा है: सरदार सुखबीर सिंह बादल

*****************

मुझे बहुत खुशी है कि वर्ष 1996 में मेरे पिताजी, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी और श्री लालकृष्ण आडवाणी जी ने परिवार जैसा जो रिश्ता बनाया था, वह एक बार फिर जुड़ रहा है: सरदार सुखबीर सिंह बादल

*****************

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के 10 साल के शासन ने पंजाब को तबाही, नशे और गैंगस्टरवाद की ओर धकेल दिया है। नशे और गैंगस्टरवाद का खात्मा कर पंजाब में भयमुक्त माहौल और कानून का राज स्थापित करना हमारा मिशन है: सरदार सुखबीर सिंह बादल

*****************

पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारियों और मजदूरों को बचाने तथा राज्य को फिर से विकास के रास्ते पर लाने की जरूरत है। यह काम केवल 'डबल इंजन' की सरकार ही कर सकती है: सरदार सुखबीर सिंह बादल

*****************

मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने पंजाब को फिर से उसके सुनहरे दिनों में ले जाने का आश्वासन दिया है। मैं भी विश्वास दिलाता हूं कि हम दिन-रात मेहनत करेंगे: सरदार सुखबीर सिंह बादल

*****************

8 तारीख को बादल साहब का जन्मदिन है। इस अवसर मोगा में एक बहुत बड़ा समागम आयोजित हो रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है: सरदार सुखबीर सिंह बादल

*****************

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया और आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने तथा अकाली दल के एनडीए में पुनः शामिल होने की घोषणा की। श्री नितिन नवीन ने कहा कि इस गठबंधन का उद्देश्य पंजाब में नशे, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरवाद का उन्मूलन, किसानों की समस्याओं का समाधान, युवाओं को रोजगार, व्यापारियों की सुरक्षा और आपसी विश्वास को मजबूत करना है। श्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। दोनों दल अगले तीन महीनों में किसानों, युवाओं और राज्य के आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर साझा रोडमैप तैयार करेंगे। सरदार सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, श्री अमित शाह और श्री नितिन नवीन का पंजाब के विकास और समस्याओं के समाधान का भरोसा देने के लिए आभार व्यक्त किया। मंच पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल, पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों, पंजाब भाजपा प्रभारी श्री सतीश पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अश्विनी शर्मा, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सरदार बलविंदर सिंह भुंडर एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आरपी सिंह उपस्थित थे।

 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि मैं दुनिया भर की संगत और भारत की जनता को गुरुपर्व की हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में आज एक बैठक हुई, जिसमें शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने मिलकर फैसला लिया कि अगला पंजाब विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल मिलकर लड़ेंगे। आज से शिरोमणि अकाली दल एनडीए के आधिकारिक सहयोगी के रूप में राजनीति में काम करेगा। पूरा देश गुरुपर्व मना रहा है और यह एनडीए के सभी सहयोगी दलों के लिए बहुत आनंद का विषय है कि एनडीए का सबसे पुराना साथी अकाली दल एक बार फिर एनडीए में लौट रहा है। मैं शिरोमणि अकाली दल के सभी साथियों और सरदार सुखबीर सिंह बादल का हृदय से एनडीए में स्वागत करता हूं। आज देव दीपावली भी है। मैं देशभर के सभी भाई-बहनों को देव दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

 

श्री शाह ने कहा कि बीते दिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से एनडीए के विस्तार को लेकर बातचीत हुई, जिस पर उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल को फोन किया और कहा कि बादल साहब की पार्टी के साथ जुड़ने से ही एनडीए पूर्ण होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी और श्री लालकृष्ण आडवाणी जी का बादल साहब के साथ वर्षों पुराना और गहरा संबंध रहा है। भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल ने अनेक चुनाव साथ लड़े, जीत और हार का सामना किया, लेकिन यह मजबूत रिश्ता हमेशा अटूट रहा। आज इसके फिर से एक होने से हमें बहुत आनंद है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल एनडीए के तहत पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे और अपने घोषणा पत्र में कई प्रमुख घोषणाएं करेंगी। हमारा प्रमुख लक्ष्य पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार का उन्मूलन तथा राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना होगा। आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल तीन महीने में पंजाब से नशा खत्म करने का वादा करके आए थे, लेकिन नशा खत्म होने के बजाय बढ़ गया। इसी तरह वर्ष 2017 में राहुल गांधी ने भी एक कार्यकाल में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी ने भी इस दिशा में कुछ नहीं किया। अब हम पंजाब की जनता से अपना यह वादा दोहराते हैं कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त कर देंगे।

 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि आगामी तीन महीनों में पंजाब के किसानों की समस्याओं, राज्य के आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल के बीच विस्तृत चर्चा होगी, जिसके आधार पर तैयार रोडमैप पर एनडीए की आगामी सरकार आगे बढ़ेगी। पंजाब में आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार वादाखिलाफी करने वाली सरकार है, जिसने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। पंजाब की जनता ने तय कर लिया है कि वह गुरुओं का अपमान करने वाली सरकार और उसके नेताओं को स्वीकार नहीं करेगी। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के एक साथ आने से राज्य में परिवर्तन आएगा और जनता का संकल्प और मजबूत होगा। हमें पूरा भरोसा है कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए को भारी बहुमत देकर सरकार बनाएगी और राज्य को पुनः खुशहाल बनाने के साथ-साथ पंजाब को नशामुक्त करने तथा किसानों की समस्याओं को जड़ से समाप्त करने के हमारे संकल्पों को अपना आशीर्वाद देगी। हम सरदार सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के लाखों कार्यकर्ताओं का एनडीए परिवार में हृदयपूर्वक स्वागत करते हैं।

 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और गुरुपर्व के इस अत्यंत पवित्र अवसर पर मैं आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं, जब पंजाब तथा देश के हित में इतना बड़ा निर्णय हो रहा है। मैं स्वयं गुरु गोबिंद सिंह जी की नगरी से आता हूं और मुझे विश्वास है कि प्रकाश पर्व पर पूरे पंजाब में विकास, न्याय और सुशासन का प्रकाश फैलेगा। शिरोमणि अकाली दल का एनडीए में शामिल होना हम सभी की ताकत बढ़ाएगा। यह पूरी तरह स्वाभाविक और नेचुरल गठबंधन है, क्योंकि जनता, कार्यकर्ताओं और दोनों दलों के नेताओं के बीच एक सहज जुड़ाव है। दोनों पार्टियां फिर से एक साथ आकर पंजाब के विकास के लिए आगे बढ़ेंगी तथा गुरु साहिबान के सबके कल्याण के मंत्र और महाराजा रणजीत सिंह जी द्वारा प्रस्तुत न्याय व सुशासन के आदर्शों को आगे बढ़ाएंगी। हिंदू-सिख एकता भी गुरु साहिबान के बलिदानों से जुड़ी हुई है। वर्ष 1675 में गुरु तेग बहादुर जी ने कश्मीरी पंडितों की रक्षा करने और धर्म परिवर्तन रोकने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी, जिसके कारण उन्हें 'हिंद दी चादर' के सम्मान से नवाजा गया। आज हम गुरु साहिबान के इन्हीं संदेशों को लेकर समाज और पंजाब की जनता के बीच जाएंगे।

 

श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने लगातार सिख समाज के सम्मान और पंजाब के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के एक साथ आने से यह संकल्प और मजबूत होगा। उनके नेतृत्व में हमारी सरकार ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने वाली एक विकासोन्मुख एवं सुशासन आधारित सरकार देने का संकल्प लिया है, जो हर आम आदमी की चिंता करे। हम पंजाब को उसके गौरवशाली इतिहास, समृद्धि और वीर सपूतों के सम्मान की पहचान दिलाते हुए फिर से 'विकसित पंजाब' बनाएंगे, जिसका 'विकसित भारत' के निर्माण में अमूल्य योगदान होगा। सीटों के बंटवारे पर चर्चा बाद में होगी, लेकिन आज दोनों दलों के एक साथ आने से यह स्पष्ट संदेश गया है कि हम पंजाब की सेवा के लिए एकजुट हुए हैं। मैं सरदार सुखबीर सिंह बादल और उनके सभी वरिष्ठ साथियों का एनडीए परिवार में शामिल होने पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता हूं।

 

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सबसे पहले मैं समस्त देशवासियों, पंजाबवासियों और खालसा पंथ को गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव की लख-लख बधाइयां देता हूं। आज के इस अत्यंत शुभ दिन पर एक बार फिर भाजपा और अकाली दल का गठबंधन बनने जा रहा है। यह गठबंधन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी है। मेरे स्वर्गीय पिताजी कहा करते थे कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता 'नख-मांस' (नाखून और मांस) जैसा अटूट है। पंजाब, देश और सिख कौम के हित में बने इस गठबंधन की सरकारों के कार्यकाल में पंजाब ने हमेशा तरक्की की और वहां अमन-शांति तथा आपसी भाईचारा कायम रहा। शिरोमणि अकाली दल लगभग 106 साल पुरानी और हिंदुस्तान के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आजादी में हमारे नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने सबसे बड़ा योगदान दिया। आजादी के बाद भी हमने गरीबों, मजदूरों, पंजाब, कौम और देश से जुड़े हर मुद्दे पर हमेशा संघर्ष किया। जब कांग्रेस और इंदिरा गांधी ने आपातकाल के दौरान जुल्म ढाया था, तब उसके खिलाफ सरदार प्रकाश सिंह बादल जी के नेतृत्व में सबसे पहला मोर्चा लगा था। मुझे बहुत खुशी है कि वर्ष 1996 में मेरे पिताजी, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी और श्री लालकृष्ण आडवाणी जी ने परिवार जैसा जो रिश्ता बनाया था, वह एक बार फिर जुड़ रहा है। आज पंजाब को बचाने की जरूरत है। पिछले 10 वर्षों में पहले पांच साल कांग्रेस ने राज्य में तबाही मचाई और उसके बाद पांच वर्षों में आम आदमी पार्टी ने पंजाब को बर्बाद कर दिया। आज वहां गैंगस्टर और ड्रग माफिया का राज है तथा अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम पंजाब को लूट रही है। राज्य में न विकास हो रहा है और न ही सरकार नाम की कोई चीज दिखाई देती है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में इतनी अराजकता फैला रखी है, जैसी किसी अन्य राज्य में देखने को नहीं मिली।

 

सरदार सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आज पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारियों और मजदूरों को बचाने तथा राज्य को फिर से विकास के रास्ते पर लाने की जरूरत है। यह काम केवल 'डबल इंजन' की सरकार ही कर सकती है। केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए की मजबूत सरकार है, श्री अमित शाह जी गृह मंत्री हैं और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा लगातार जनता की भलाई में लगी है। जब इसके साथ पंजाब में एनडीए की सरकार जुड़ेगी, तो यह एक बहुत बड़ी ताकत बन जाएगी। जैसा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है, हमारा मिशन पंजाब की जवानी को बचाने के लिए नशे का उन्मूलन करना और गैंगस्टरों के कारण व्यापारियों तथा आम लोगों में पैदा हुए डर और असुरक्षा के माहौल को समाप्त करना है। इस माहौल के कारण लोग पंजाब आने से भी डरते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने जो भरोसा जताया है, उसके अनुरूप हम पंजाब को फिर से बेहतर माहौल में लेकर जाएंगे। पंजाब को कभी 'सोने की चिड़िया' और देश का सबसे प्रगतिशील राज्य कहा जाता था, लेकिन दुर्भाग्य से पिछले दस वर्षों में राज्य की स्थिति खराब हुई है। मैंने किसानों और सिख कौम से जुड़े तमाम मुद्दों पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन से विचार-विमर्श किया है। उन्होंने परिवार के सदस्य की जिम्मेदारी समझते हुए इन सभी मुद्दों को मिल-बैठकर हल करने का आश्वासन दिया है। मैं भी उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि सीमावर्ती राज्य होने के नाते पंजाब ने सीमा पर कभी दुश्मन को पैर जमाने नहीं दिए हैं। यहां का किसान और जवान देश की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहता है।

 

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि देश की आजादी के बाद पाकिस्तान और चीन के साथ हुई सभी लड़ाइयों में वीरता पदक (गैलेंट्री अवॉर्ड) पाने वाले और शहादत देने वाले सैनिकों में 50 प्रतिशत पंजाब के जवान हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है। मैं एक बार फिर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का हृदय से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने पंजाब को फिर से उसके सुनहरे दिनों में ले जाने का आश्वासन दिया है। मैं भी विश्वास दिलाता हूं कि हम दिन-रात मेहनत करेंगे। जिस तरह मेरे पिताजी ने सभी धर्मों को सम्मान और प्यार देकर लोगों का विश्वास जीता तथा पंजाब में अमन-शांति और भाईचारे का माहौल बनाया, उसी तरह हम भी राज्य में वह माहौल वापस लाएंगे और भाईचारे, अमन-शांति तथा विकास का दौर फिर से शुरू करेंगे। 8 तारीख को बादल साहब का जन्मदिन है। इस अवसर पर हम मोगा में एक बहुत बड़ा समागम आयोजित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। मेरे पिताजी सरदार प्रकाश सिंह बादल साहब के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का बहुत गहरा रिश्ता था। उनकी यादें आज भी हमारे फार्म पर मौजूद हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गुजरात से जो गायें भेजी थीं, उनकी सेवा पहले बादल साहब करते थे और आज मैं करता हूं। पिताजी के निधन पर भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने एक बेहद भावुक पत्र लिखा था, जिसके शब्दों को मैं आज तक नहीं भूल पाया हूं।

******************

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: