Press, Share | Jan 12, 2020
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा जबलपुर, मध्य प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून 2019 के संदर्भ में आयोजित जन-जागरण अभियान में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
नागरिकता संशोधन कानून 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी को देश भर में जन-जागरण अभियान लेकर निकलना इसलिए पड़ रहा है क्योंकि कांग्रेस एंड कंपनी, कम्युनिस्ट, ममता बनर्जी और अरविन्द केजरीवाल की पार्टी CAA पर जनता को गुमराह कर देश में दंगे करा रही है
*********
विपक्षी पार्टियां अल्पसंख्यक मुसलमानों की नागरिकता छीने जाने का अफवाह फैला रही है। मैं राहुल गाँधी, अरविन्द केजरीवाल, ममता बनर्जी और उनके सहयोगियों को चुनौती देता हूँ कि वे यह स्पष्ट करें कि इस एक्ट में कहाँ पर किसी की भी नागरिकता छीनने का प्रावधान है, यह तो नागरिकता देने का कानून है
*********
देश के बंटवारे के समय महात्मा गाँधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ राजेंद्र प्रसाद, सरदार पटेल और आचार्य कृपलानी सरीखे नेताओं ने पाकिस्तान में रह रहे अल्पसंख्यकों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि वे जब भी भारत आयेंगे, उनका स्वागत किया जाएगा जबकि कांग्रेस आज CAA का विरोध कर रही है
*********
कांग्रेस को जितना विरोध करना है करे लेकिन हम शरणार्थियों को नागरिकता देकर ही दम लेंगे, इसे कोई नहीं रोक सकता क्योंकि जितना अधिकार देश पर हमारा है, उतना ही अधिकार शरणार्थी बंधुओं का भी है
*********
बंटवारे के समय पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी लगभग 30% के करीब थी जबकि आज पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी घट कर महज 3% और बांग्लादेश में 7% पर आ गई है। मैं कांग्रेसी नेताओं से पूछना चाहता हूँ कि आखिर पाकिस्तान और बांग्लादेश से हिंदू कहाँ चले गए?
*********
मैं दुनिया भर के ह्यूमन राइट्स के चैंपियन से सवाल करना चाहता हूँ कि पाकिस्तान में करोड़ों अल्पसंख्यकों पर जो अत्याचार हुए, उत्पीड़न हुए, महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ और उन्हें मजबूरन सब कुछ छोड़ कर अपने देश से निर्वासित होना पड़ा, क्या उनका मानवाधिकार नहीं है?
*********
अभी हाल ही में सिखों के पवित्र स्थान ननकाना साहिब पर बर्बर हमला किया गया और सिखों पर हमले हुए। मैं आज भी कांग्रेस वालों को कहना चाहता हूँ कि आप गलत रास्ते पर जा रहे हैं, वापस आ जाइए। कांग्रेस पार्टी देश की जनता की इच्छा समझे वरना वे जितने भी बचे-खुचे हैं, साफ हो जायेंगे
*********
कांग्रेस, ममता बनर्जी, आप पार्टी और कम्युनिस्ट वोटबैंक की राजनीति के चलते CAA का विरोध कर रही है। भारतीय जनता पार्टी वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, देशहित की राजनीति करती है
*********
राजस्थान चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में पाकिस्तान से आये हिंदू और सिख शरणार्थियों को नागरिकता देने का वादा किया था लेकिन आज कांग्रेस केवल वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लालच में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रही है
*********
चाहे धारा 370 का उन्मूलन हो, राम मंदिर का मामला हो, ट्रिपल तलाक पर बैन हो, आतंकवाद पर स्ट्राइक हो या जेएनयू में देशविरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ एक्शन, कांग्रेस एंड कंपनी, ममता बनर्जी और अरविन्द केजरीवाल ने हमेशा से देशहित के मुद्दों की खिलाफत ही की है
*********
वोटबैंक के लालच में कांग्रेस, आप पार्टी, कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलने लगी है चाहे धारा 370 का खात्मा हो, सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो या CAA। मुझे समझ में नहीं आता कि आखिर इमरान खान, राहुल गाँधी, अरविन्द केजरीवाल और ममता बनर्जी की भाषा एक जैसी क्यों है?
*********
मध्य प्रदेश में कमलनाथ जी ने किसानों से दो-दो लाख की कर्जमाफी का वादा किया था, कर्जमाफी तो दूर की बात, किसानों को तो धान और गेहूं की फसल पर समर्थन मूल्य तक नहीं मिल रहा
*********
कमलनाथ सरकार ने बिजली बिल हाफ करने का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं हुआ। शराब कारोबार मध्य प्रदेश में फल-फूल रहा है और प्रदेश को खनन माफिया के हवाले कर दिया गया है
*********
कमलनाथ सरकार ने गौशाला खोलने का वादा किया था लेकिन हम दूरबीन लेकर ढूंढ रहे हैं, कहीं कोई नया गौशाला दिखाई नहीं देता। कमलनाथ सरकार ने हर पंचायत और बेरोजगार को ग्रांट देने का वादा किया था लेकिन ये काम भी आज तक नहीं हुआ
*********
मैं कमलनाथ सरकार को चुनौती देता हूँ कि है हिम्मत तो मैदान में आ जाए, मध्य प्रदेश की जनता दो-तिहाई बहुमत से पुनः प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएगी। प्रदेश की जनता ने लोक सभा चुनाव में अपना मिजाज तो बता ही दिया है। राज्य की जनता आज भी शिवराज सरकार को याद करती है
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सदियों पुरानी समस्याओं को ख़त्म कर भारतवर्ष को विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर किया है, दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ाया है और भारत को एक मजबूत एवं निर्णायक राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित किया है
*********
पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति से परिचय कराने वाले और सनातन धर्म की ध्वजा दिग्दिगंत में फहराने वाले करोड़ों युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद जी की आज जन्मजयंती है। हमें उनके पदचिह्नों पर चलने का आज प्रण लेकर देश के पुनर्निर्माण में एकजुट हो जाना चाहिए
*********
केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज रविवार को जबलपुर, मध्य प्रदेश के गैरिसन ग्राउंड में नागरिकता संशोधन कानून 2019 के संदर्भ में आयोजित विशाल जन-जागरण अभियान को संबोधित किया और इस विषय पर देश की जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दलों को निशाने पर लेते हुए ताबड़तोड़ कई हमले किये। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, मध्य प्रदेश विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव, केंद्रीय मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश संगठन मंत्री श्री सुभाष भगत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभा में उपस्थित विशाल जनसैलाब ने टोल फ्री नंबर 8866288662 पर कॉल कर नागरिकता संशोधन कानून 2019 के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त किया। रानी दुर्गावती की पावन धरा जबलपुर पर महान विभूतियों का स्मरण करते हुए श्री शाह ने उनके कृतित्व को याद किया और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति से परिचय कराने वाले और सनातन धर्म की ध्वजा दिग्दिगंत में फहराने वाले करोड़ों युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद जी की आज जन्मजयंती है। हमें उनके पदचिह्नों पर चलने का आज प्रण लेकर देश के पुनर्निर्माण में एकजुट हो जाना चाहिए। केवल 39 साल के अल्प जीवन में ही उन्होंने गुलामी के कालखंड के बावजूद भारत को विश्वगुरु के पद पर प्रतिष्ठित करने की आधारशिला रखी। उनका जीवन भले ही लंबा नहीं था लेकिन उनका मनोबल हिमालय जैसा था। आने वाले हजारों वर्षों तक उनके संदेश दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी को देश भर में जन-जागरण अभियान लेकर निकलना इसलिए पड़ रहा है क्योंकि कांग्रेस एंड कंपनी, कम्युनिस्ट, ममता बनर्जी और अरविन्द केजरीवाल की पार्टी CAA पर देश को गुमराह कर रही है। ये पार्टियां मुसलामानों की नागरिकता छीने जाने का अफवाह फैला रही है। मैं राहुल गाँधी, अरविन्द केजरीवाल, ममता बनर्जी और उनके सहयोगियों को चुनौती देता हूँ कि वे यह स्पष्ट करें कि इस एक्ट में कहाँ पर किसी की भी नागरिकता छीनने का प्रावधान है। इस कानून के तहत तो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में सताए हुए हिंदू, बौद्ध, सिख, जैन, ईसाई और पारसी शरणार्थियों को भारत की नागरिकता देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय जब कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश का बंटवारा स्वीकार किया था तब देश के लगभग सभी बड़े नेताओं ने पाकिस्तान में रह रहे अल्पसंख्यकों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि वे जब भी भारत आयेंगे, उनका स्वागत किया जाएगा और उन्हें भारतवर्ष की नागरिकता देते हुए उन्हें सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया जाएगा। बंटवारे के समय पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी लगभग 30% के करीब थी जबकि आज पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी घट कर महज 3% और बांग्लादेश में 7% पर आ गई है। मैं कांग्रेसी नेताओं से पूछना चाहता हूँ कि आखिर पाकिस्तान और बांग्लादेश से हिंदू कहाँ चले गए? वे या तो मार दिए गए, या उनका जबरन धर्मांतरण करा दिया गया या फिर उनके बहू-बेटियों पर अत्याचार हुए और उन्हें शरणार्थी बनने को मजबूर होना पड़ा। अपनी संपत्ति छोड़ कर एक शरणार्थी के नाते उन्हें नए जीवन की आस में भारत का रुख करना पड़ा। ऐसे सताए हुए मजलूम अल्पसंख्यक भाइयों को नागरिकता देने के लिए मोदी सरकार CAA 2019 लेकर आई है।
श्री शाह ने कहा कि आज सारे कांग्रेसी नेता नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में कांव-कांव कर रहे हैं जबकि उन्हें उनके ही नेताओं के बयान याद नहीं आते। 12 जुलाई 1947 को महात्मा गाँधी ने कहा था कि पाकिस्तान में रह रहे हिंदू जब भी भारत आना चाहें, भारत उनकी सेवा के लिए तैयार है। राहुल गाँधी महात्मा गाँधी को नहीं सुनेंगे। कांग्रेस के एक परिवार ने वोटबैंक और सुविधा की राजनीति के लिए ‘गाँधी’ का नाम तो अपनाया लेकिन गाँधी के सिद्धांतों और उनकी बातों को नहीं। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी कहा था कि पाकिस्तान से आये और भविष्य में आने वाले शरणार्थियों के लिए राहत, पुनर्वसन और नागरिकता के लिए जो भी करना है, हम उसके लिए तैयार हैं। सरदार पटेल, आचार्य कृपलानी, डॉ राजेन्द्र प्रसाद सरीखे दिग्गजों ने भी शरणार्थी भाइयों को नागरिकता देने की बात कही थी। डॉ मनमोहन सिंह ने भी बांग्लादेश से आये अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने की मांग की थी लेकिन आज कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। मैं डंके की चोट पर कह रहा हूँ। कांग्रेस कान खोल कर सुन ले। कांग्रेस को जितना विरोध करना है करे लेकिन हम शरणार्थियों को नागरिकता देकर ही दम लेंगे, इसे कोई नहीं रोक सकता क्योंकि जितना अधिकार भारत पर हमारा है, उतना ही अधिकार शरणार्थी बंधुओं का भी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं दुनिया भर के ह्यूमन राइट्स के चैंपियन से सवाल करना चाहता हूँ कि पाकिस्तान में करोड़ों अल्पसंख्यकों पर जो अत्याचार हुए, उत्पीड़न हुए, महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ और उन्हें मजबूरन सब कुछ छोड़ कर अपना देश छोड़ना पड़ा, क्या उनका मानवाधिकार नहीं है? अभी हाल ही में सिखों के पवित्र स्थान ननकाना साहिब पर बर्बर हमला किया गया, वहां के ग्रंथी की बेटी को उठा ले गए। मैं आज भी कांग्रेस वालों को कहना चाहता हूँ कि आप गलत रास्ते पर जा रहे हैं, वापस आ जाइए। कांग्रेस पार्टी देश की जनता की इच्छा समझे वरना वे जितने भी बचे-खुचे हैं, साफ हो जायेंगे। बंटवारे के समय भारत-पाकिस्तान में हुए नेहरू-लियाकत समझौते का हिंदुस्तान ने तो पालन किया लेकिन पाकिस्तान में इस समझौते की अनदेखी की गई। पाकिस्तान और बांग्लादेश से भारत आये शरणार्थियों में लगभग दो तिहाई आबादी दलितों की है और उन्हें नागरिकता देने में कांग्रेस, केजरीवाल, ममता बनर्जी और कम्युनिस्टों को प्रॉब्लम हो रही है। वास्तव में वे वोटबैंक की राजनीति करते हैं, इसलिए वे CAA का विरोध कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं, देशहित की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में पाकिस्तान से आये हिंदू और सिख शरणार्थियों को नागरिकता देने का वादा किया था। राजस्थान विधानसभा चुनाव के कांग्रेस के घोषणापत्र के 34वें पॉइंट में इस बात का जिक्र है लेकिन आज कांग्रेस केवल वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लालच में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रही है। कांग्रेस, ममता बनर्जी, केजरीवाल और कम्युनिस्ट पार्टियां CAA पर दुष्प्रचार करते हुए मुसलमानों को उकसा कर दंगे कराना चाहती है। मैं देश के अल्पसंख्यक भाइयों से अपील करता हूँ कि वे नागरिकता संशोधन कानून को पूरा पढ़ें, इसमें कहीं भी किसी की नागरिकता जाने का कोई सवाल ही नहीं है।
श्री शाह ने कहा कि 1950 से हम देश की जनता से जो भी वादा लेकर चले थे, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने उसे पूरा किया है। यह पहला मौक़ा नहीं है जब कांग्रेस एंड कंपनी ने देशहित के मुद्दों का विरोध किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने धारा 370 और 35A हटाकर जम्मू-कश्मीर को सच्चे अर्थों में भारत का अभिन्न अंग बनाया लेकिन कांग्रेस ने इसका भी विरोध किया। भगवान् श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनने की हर भारतवासी की चाह को कांग्रेस ने जान-बूझकर अदालतों में लटकाए रखा। मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूँ कि जितना भी दम हो, रोक लें लेकिन अगले चार महीनों में अयोध्या में भगवान् राम की जन्मभूमि पर आसमान छूता भव्य मंदिर सबके सामने खड़ा होगा। उरी और पुलवामा में पाकिस्तान प्रेरित आतंकवादियों ने हमारे जवानों पर कायराना हमले किये लेकिन जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के बल पर हमारे जांबाज बहादुरों ने पाकिस्तान में घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक किया तो कांग्रेस एंड कंपनी इसके भी विरोध में उतर आई। हमने मुस्लिम महिलाओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दने के लिए ट्रिपल तलाक को बैन किया तो कांग्रेस इसके विरोध में भी उतर आई। अब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी नागरिकता संशोधन कानून लेकर आये हैं तो कांग्रेस एंड कंपनी इसका भी विरोध कर रही है। जेएनयू में कुछ देशद्रोही तत्वों ने भारत के खिलाफ नारे लगाए लेकिन राहुल गाँधी और अरविन्द केजरीवाल ऐसे लड़कों को बचाने में लगे रहे। मैं एक बार फिर स्पष्ट कर देना चाहता हूँ को हिंदुस्तान में जो भी देश विरोधी नारा लगाएगा, उसकी जगह जेल की सलाखों के पीछे होगी। विपक्ष पर हमले की धार को और तेज करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वोटबैंक के लालच में कांग्रेस, आप पार्टी, कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलने लगी है। जब हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुस कर आतंकियों पर सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक किये तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी इसके सबूत मांगे और राहुल गाँधी ने भी इसके सबूत मांगे। मोदी सरकार ने जब जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई तो जहां राहुल गाँधी, अरविन्द केजरीवाल और ममता बनर्जी ने इसे कश्मीरियों के साथ अन्याय बताया वहीं इमरान खान ने भी इसे कश्मीरियों के साथ अन्याय कहा। अब जब हमने देश में नागरिकता संशोधन कानून 2019 लागू किया है तो इमरान खान भी इसका विरोध कर रहे हैं और राहुल गाँधी, ममता बनर्जी, अरविन्द केजरीवाल भी इसका विरोध कर रहे हैं। मुझे समझ में नहीं आता कि आखिर इमरान खान, राहुल गाँधी, अरविन्द केजरीवाल और ममता बनर्जी की भाषा एक जैसी क्यों है? मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कमलनाथ कहते हैं कि मध्य प्रदेश में CAA लागू नहीं होगा। अरे कमलनाथ जी, अब जोर से बोलने की आपकी आयु नहीं है। आप जनता को गुमराह करना छोड़ मध्य प्रदेश के विकास के लिए काम करना शुरू करें। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ जी ने किसानों से दो-दो लाख की कर्जमाफी का वादा किया था, आज तक वे वादे पूरे नहीं हुए। कर्जमाफी तो दूर की बात, किसानों को तो धान और गेहूं की फसल पर समर्थन मूल्य तक नहीं मिल रहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मोदी सरकार किसानों को जो 6,000 रुपये सालाना भेजते हैं, कमलनाथ सरकार इसमें भी अड़ंगे लगाती है। कमलनाथ सरकार ने बिजली बिल हाफ करने का वादा किया था, बिजली बिल हाफ तो हुआ नहीं, किसान साफ जरूर हो गए। शराब कारोबार मध्य प्रदेश में फल-फूल रहा है और प्रदेश को खनन माफिया के हवाले कर दिया गया है। कमलनाथ सरकार ने गौशाला खोलने का वादा किया था लेकिन हम दूरबीन लेकर ढूंढ रहे हैं, कहीं कोई नया गौशाला दिखाई नहीं देता। कमलनाथ सरकार ने हर पंचायत और बेरोजगार को ग्रांट देने का वादा किया था लेकिन ये काम भी आज तक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जनता गलती एक ही बार करती है। मैं कमलनाथ सरकार को चुनौती देता हूँ कि है हिम्मत तो मैदान में आ जाए, मध्य प्रदेश की जनता दो-तिहाई बहुमत से पुनः प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गठित करेगी। प्रदेश की जनता ने इस बार के लोक सभा चुनाव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के पक्ष में फैसला सुना कर अपना मिजाज तो बता ही दिया है। राज्य की जनता आज भी शिवराज सरकार को याद करती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप घर-घर जाएँ और धारा 370, राम मंदिर, CAA और पाकिस्तान में आतंकवाद पर किये गए स्ट्राइक को लेकर जनता को बताएं और उन्हें देशहित में खड़ा करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सदियों पुरानी समस्याओं को ख़त्म कर भारतवर्ष को विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर किया है, दुनिया भर में भारत का सम्मान बढ़ाया है और भारत को एक मजबूत एवं निर्णायक राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित किया है।