SALIENT POINTS OF SPEECH OF UNION HOME MINISTER SHRI AMIT SHAH INAUGURATES NEW BUILDING OF DELHI POLICE HEADQUARTERS AT JAI SINGH MARG IN NEW DELHI

Press, Share | Oct 31, 2019

31 अक्टूबर 2019

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय का उद्घाटन किया आंतरिक सुरक्षा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहली प्राथमिकता है जिसे मजबूत करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है : श्री अमित शाह श्री अमित शाह ने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुलिस स्मारक का निर्माण किया गया जिसके माध्यम से पुलिस द्वारा किए गए चुनौती पूर्ण कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा सरदार पटेल ने आजाद भारत की प्रशासनिक नीवं रखने का काम किया : केंद्रीय गृह मंत्री सभी सरकारी विभागों में पुलिस विभाग ऐसा है जो बिना घड़ी देखे काम करता है : श्री अमित शाह भवन के निर्माण से लक्ष्यों की सिद्धि नहीं होती बल्कि भवन के अंदर भावनाओं का निरूपण जरूरी: श्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने आज यहाँ जयसिंह रोड पर दिल्ली पुलिस के मुख्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि भवन के निर्माण से लक्ष्यों की सिद्धि नहीं होती बल्कि भवन के अंदर भावनाओं का निरूपण जरूरी है। दिन रात ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है साथ ही पुलिस को भी जनता की संवेदनाओं को समझकर कार्य करने की आवश्यकता है तभी सकारात्मक छवि निर्माण हो सकेगा| केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पुलिस की छवि बदलने के लिए सरकार के द्वारा कई कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुलिस स्मारक का निर्माण किया गया जिसके माध्यम से पुलिस द्वारा किए गए चुनौती पूर्ण कार्यों तथा कई प्रेरणादायक घटनाओं को जनता के सामने रखा जा सकेगा। श्री शाह ने दिल्ली आने वाले पर्यटकों से पुलिस स्मारक अवश्य जाने को कहा। श्री शाह का कहना था कि आंतरिक सुरक्षा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहली प्राथमिकता है जिसे मजबूत करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है।
*********
श्री अमित शाह ने कहा कि पुलिस का इतिहास अत्यंत समृद्ध है। अपने बलिदानों और कर्तव्यों से कई बार पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किए हैं l उनका कहना था कि आज 70 साल बाद दिल्ली पुलिस खुद के घर में पहुंची है।
*********
श्री अमित शाह ने कहा कि पुलिस हेडक्वार्टर के उद्घाटन के लिए सरदार पटेल की जयंती से उपयुक्त दूसरा दिन नहीं हो सकता। उनका कहना था कि सरदार पटेल एक ऐसे व्यक्तित्व थे जो अपने भाषणों से नहीं बल्कि अपने कार्यों से जाने गए। आजादी के आंदोलन के प्रमुख नेता, किसानों के हितैषी के रूप में सरदार पटेल की एक छवि सामने थी किंतु देश के गृह मंत्री बनने के बाद उनका नया रूप देखने को मिला। जब देश आजाद हुआ तो विभाजन से आहत था और रियासतों का मंत्रालय सरदार पटेल को दिया गया |श्री शाह ने कहा कि अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों के कारण रियासतों को एक करने का कार्य अत्यंत दुर्लभ किंतु महत्वपूर्ण था। परंतु सरदार पटेल ने 550 से ज्यादा रियासतों को एक सूत्र में पिरो कर अखंड भारत का स्वरूप तय किया। इस दौरान कई प्रशासनिक चुनौतियों को भी ढृढ़ता के साथ हल किया।
*********
श्री शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने आजाद भारत की प्रशासनिक नीवं रखने का काम भी किया। आजादी के पूर्व प्रशासन द्वारा गुलाम प्रजा से लगान वसूलने का काम किया जाता था किंतु आजादी के बाद प्रशासन द्वारा जन-सुधार के कार्य किए जाने लगे। श्री अमित शाह ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी सरदार पटेल को जितना जानेगी उतना देश को जानेगी और जितना उनको अपने जीवन में उतारेगी उतना देश को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। श्री अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल भारतीयता के प्रतीक थे तथा उन्होंने सरलता और सादगी के साथ जन-प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया।
*********
श्री शाह ने कहा कि जब राज्य की संरचना हुई थी तो कानून व्यवस्था पहली आवश्यकता बनी। राज्य के विकास में कानून व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्थान है, पुलिस के द्वारा आंतरिक सुरक्षा को मजबूती मिलती है। उनका कहना था कि पुलिस की नाकामियों को देखना आसान होता है किंतु देश के अंदर तमाम गलत गतिविधियों को जान की बाजी लगाकर रोकने का कार्य देखना चाहिये और आम-जन के द्वारा पुलिस को देखने का नजरिया बदलने की आवश्यकता है। देश के अंदर जाली नोट, आतंकवाद सहित कई समाज-विरोधी गतिविधियों को रोकने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्री अमित शाह ने यह भी कहा कि सभी सरकारी विभागों में पुलिस विभाग ऐसा है जो बिना घड़ी देखे काम करता है| श्री शाह ने इस मौके पर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि भी दी।
*********

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: