SALIENT POINTS OF SPEECH OF BJP NATIONAL PRESIDENT, SHRI AMIT SHAH ADDRESSING YUVA HUNKAR RALLY IN JIND, HARYANA

Press, Share | Feb 15, 2018

Thursday, 15 February 2018

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा जींद में आयोजित युवा हुंकार रैली में दिये गये उद्बोधन के मुख्य बिंदु

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार इस तरह से काम कर रही है कि देश के गाँव, गरीब और किसान को आजादी के बाद पहली बार यह महसूस हो रहा है कि यह सरकार मेरी सरकार है
*********
हरियाणा वह प्रदेश है जहां भ्रष्टाचार के लिए मुख्यमंत्री तक जेल गए हैं और आज हरियाणा ऐसा प्रदेश है जिसकी सरकार पर चार सालों में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लग पाया
*********
हरियाणा ने जातिवाद के दंश को बहुत झेला है लेकिन मनोहर लाल खट्टर सरकार ऐसी है जिसकी कोई जाति ही नहीं है। हरियाणा की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सूत्र ‘सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर राज्य का विकास कर रही है
*********
13वें वित्त आयोग में जब केंद्र और हरियाणा, दोनों जगह कांग्रेस की सरकार थी, तब केंद्र की कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को 14,900 करोड़ रुपये दिए थे जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने 42,000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जो यूपीए की सरकार का लगभग तीन गुना है
*********
इसके अतिरिक्त अनुदान सहायता, ब्लॉक ग्रांट, आपदा सहायता और स्थानीय निकाय अनुदान, सब मिलाकर लगभग 34,000 करोड़ रुपये हरियाणा को अधिक देने का काम मोदी सरकार ने किया है
*********
जो पैसा पहले कांग्रेसी नेताओं के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, आज वह राज्य के विकास के लिए काम आ रहा है
*********
मोदी सरकार और हरियाणा सरकार एक ऐसे ‘न्यू इंडिया' के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं जिस भारत का स्वप्न आजादी के लिए देश पर कुर्बान हो जाने वाले शहीदों ने देखा था, सीमा पर शहीद होने वाले हमारे जवानों ने देखा था, गरीबों व किसानों ने देखा है और स्कूल जाने वाली हमारी बेटियों ने देखा है
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बजट में किसानों को लागत मूल्य का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य करने का निर्णय लिया, यह किसानों की आय को दुगुना करने के लक्ष्य की दिशा में विशिष्ट कदम है
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सरकार बनने के एक साल में ही 40 वर्षों से लंबित ‘वन रैंक, वन पेंशन' को लागू कर सेना के जवानों को उनका अधिकार प्रदान करने का काम किया है
*********
मोदी सरकार देश के गरीब लोगों के स्वास्थ्य-लाभ के लिए आयुष्मान भारत की योजना लेकर आई है, इससे देश के 10 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों अर्थात् लगभग 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का प्रावधान किया है
*********
आयुष्मान भारत की इस योजना को देश की जनता ‘नमो केयर' की संज्ञा दे रही है जो मोदी सरकार की गरीबों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है
*********
कांग्रेस पार्टी हमसे चार साल के कार्यकाल का हिसाब मांगती है लेकिन कांग्रेस अपने कार्यकाल में हुए घोटालों पर चुप्पी साध लेती है
*********
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान ने हरियाणा के माथे पर लगे कलंक के टीके को धो दिया है और आज सबसे ज्यादा बेटियों वाले राज्य में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में है
*********
मुझे विश्वास है कि 2019 के लोक सभा चुनाव में हरियाणा की जनता राज्य की 10 की 10 लोक सभा सीटें भारतीय जनता पार्टी की झोली में डाल कर हरियाणा की विकास यात्रा को यूं ही अनवरत जारी रखेगी
*********

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज जींद में ऐतिहासिक बाइक रैली में भाग लिया और इसके पश्चात् एक विशाल युवा हुंकार रैली को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने जींद जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया और 16 अन्य जिला भाजपा कार्यालयों का शिलान्यास किया। युवा हुंकार रैली में हरियाणा के सभी 70 विधान सभाओं से लाखों युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

श्री शाह ने कहा कि आज जींद की युवा हुंकार रैली में जो नजारा दिख रहा है, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत पर नए युवा कार्यकर्ताओं की इतनी बड़ी रैली आयोजित करने के लिए मैं हरियाणा भाजपा अध्यक्ष एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई देता हूँ।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है, किसानों की भूमि है, खिलाड़ियों की भूमि है और इसके साथ-साथ युवाओं की भी भूमि है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने में हरियाणा ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रखी है। उन्होंने कहा कि देश में खाद्यान्न की कमी के कारण जब हरित क्रांति का नारा दिया गया तो हरियाणा के किसानों ने देश के अन्न भंडार अपने परिश्रम से भर दिया। उन्होंने कहा कि खेलों में राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पदक प्राप्त करने में हरियाणा अव्वल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का दंगल हरियाणा ही नहीं, बल्कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत के लिये गर्व का विषय है।

श्री शाह ने कहा कि 2014 के जनादेश के अनुरूप ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और हरियाणा में श्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार-विहीन शासन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने अपने 10 सालों के शासनकाल में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के घपले-घोटाले किये और हरियाणा में भ्रष्टाचार का कोई हिसाब ही नहीं था। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस की दोनों भ्रष्ट सरकारों को सत्ता से बेदखल किया और भारतीय जनता पार्टी की सरकार के गठन का जनादेश दिया और केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के आज चार साल पूरे होने को आये हैं, इन दोनों सरकारों पर हमारे विरोधी भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा पाए, हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार इस तरह से काम कर रही है कि देश के गाँव, गरीब और किसान को आजादी के बाद पहली बार यह महसूस हो रहा है कि यह सरकार मेरी सरकार है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को उनकी लागत मूल्य का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का साहस आज से पहले किसी भी सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारें किसानों के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आती रही लेकिन किसी ने किसानों के लिए डेढ़ गुना समर्थन मूल्य घोषित नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बजट में किसानों को लागत मूल्य का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य करने का निर्णय लिया, यह किसानों की आय को दुगुना करने के लक्ष्य की दिशा में विशिष्ट कदम है।

श्री शाह ने कहा कि श्री नरेन्द्र भाई मोदी ने 2014 लोक सभा चुनाव प्रचार की शुरुआत हरियाणा से रिटायर्ड जवानों की रैली से की थी और उन्होंने सेना के सेवानिवृत्त जवानों से ‘ओआरओपी' को लागू करने वादा किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने सरकार बनने के एक साल में ही 40 वर्षों से लंबित ‘वन रैंक, वन पेंशन' को लागू कर सेना के जवानों को उनका अधिकार देने का काम किया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार देश के गरीब लोगों के स्वास्थ्य-लाभ के लिए आयुष्मान भारत की योजना लेकर आई है, इससे देश के 10 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों अर्थात् लगभग 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने का प्रावधान किया है जिससे देश के करोड़ों गरीब लोगों को स्वास्थ्य-लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत की इस योजना को देश की जनता ‘नमो केयर' की संज्ञा दे रही है जो मोदी सरकार की गरीबों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से देश के लगभग साढ़े तीन करोड़ गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, अकेले हरियाणा में ही लगभग चार लाख गरीब महिलाओं को धुएं से निजात दिलाने के लिए गैस कनेक्शन उपलब्ध कराये गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त हर घर में शौचालय, सौभाग्य योजना के तहत हर घर बिजली, हर गाँव में बिजली और देश के हर गरीब को बीमा का सुरक्षा कवच प्रदान करना - न जाने कितनी योजनायें हैं जो मोदी सरकार ने देश के गरीबों की भलाई के लिए शुरू किये हैं।

कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमसे चार साल के कार्यकाल का हिसाब मांगती है लेकिन कांग्रेस अपने कार्यकाल में हुए घोटालों पर चुप्पी साध लेती है। उन्होंने कहा कि हम अपने पल-पल का और पाई-पाई का हिसाब देश की जनता को देते रहे हैं, हमारी यह परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि 13वें वित्त आयोग में जब केंद्र और राज्य दोनों जगह कांग्रेस की सरकार थी, तब केंद्र की कांग्रेस सरकार ने हरियाणा को 14,900 करोड़ रुपये दिए थे जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने 42,000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जो यूपीए की सरकार का लगभग तीन गुना है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त अनुदान सहायता, ब्लॉक ग्रांट, आपदा सहायता और स्थानीय निकाय अनुदान, सब मिलाकर लगभग 34,000 करोड़ रुपये अधिक देने का काम मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावे मोदी सरकार ने मुद्रा लोन में लगभग 7000 करोड़, स्मार्ट सिटी में 196 करोड़, अमृत मिशन में 2500 करोड़, स्वच्छ भारत अभियान के लिए 75 करोड़, स्वायल हेल्थ कार्ड के लिए 6 करोड़, प्रधानमंत्री फसल बीमा के लिए 2400 करोड़, राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत के लिए 3500 करोड़, कुंडली-मानेसर एक्सप्रेस-वे के लिए लगभग 2300 करोड़ रुपये देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जो पैसा पहले कांग्रेसी नेताओं के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, आज वह राज्य के विकास के लिए काम आ रहा है।

हरियाणा की भाजपा सरकार की सराहना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार के भी चार साल पूरे हो रहे हैं और मैं मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर जी का हृदय से अभिनंदन करना चाहता हूँ कि उन्होंने लंबे समय बाद हरियाणा में एक भ्रष्टाचार-विहीन सरकार दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा वह प्रदेश है जहां भ्रष्टाचार के लिए मुख्यमंत्री तक जेल गए हैं और आज हरियाणा ऐसा प्रदेश है जिसकी सरकार पर चार सालों में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लग पाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने जातिवाद के दंश को बहुत झेला है लेकिन मनोहर लाल खट्टर सरकार ऐसी है जिसकी कोई जाति ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सूत्र ‘सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर राज्य का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को किरोसिन-मुक्त राज्य बनाने का श्रेय मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर को जाता है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में भी उम्मीदवारों के लिए मैट्रिक की शिक्षा अनिवार्य करने के लिए हरियाणा सरकार ने अप्रतिम साहस का परिचय दिया है और आज शत-प्रतिशत पंचायत सेवक मैट्रिक पास हैं जिसमें 42% माताएं-बहनें हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के ट्रांसफर व्यवस्था को ऑनलाइन कर इसमें होने वाले भ्रष्टाचार को ख़त्म कर दिया गया है, साथ-ही-साथ भर्तियों में भी पारदर्शिता लाइ गई है। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान ने हरियाणा के माथे पर लगे कलंक के टीके को धो दिया है और आज सबसे ज्यादा बेटियों वाले राज्य में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त गाँवों में 24 घंटे बिजली और सिंचाई को हर खेत तक सुलभ बनाकर हरियाणा की भाजपा सरकार ने गाँवों के विकास की भी नई कहानी लिखी है।

श्री शाह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि 2019 के लोक सभा चुनाव में हरियाणा की जनता 10 की 10 लोक सभा सीटें भारतीय जनता पार्टी की झोली में डाल कर हरियाणा की विकास यात्रा को यूं ही अनवरत जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और मोदी सरकार एक ऐसे भारत के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं जिस भारत का स्वप्न आजादी के लिए देश पर हँसते-हँसते कुर्बान हो जाने वाले वीर शहीदों ने देखा था, जिस भारत का स्वप्न सीमा पर शहीद होने वाले हमारे जवानों ने देखा है, गरीबों ने देखा है, किसानों ने देखा है और स्कूल जाने वाली हमारी बेटियों ने देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने तक न्यू इंडिया के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं और उसमें देश के सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: