Press, Share | Oct 10, 2019
10 अक्टूबर 2019
केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा महाराष्ट्र के सांगली, अक्कलकोट और तुलजापुर में आयोजित विशाल जन-सभाओं में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा अपार जन-समर्थन इस बात की गवाही है कि प्रदेश में भारी बहुमत से श्री देवेन्द्र फड़णवीस जी के नेतृत्व में भाजपा-शिव सेना की सरकार बनने जा रही है और 222 सीटों पर कांग्रेस की जीत का रिकॉर्ड टूटने वाला है
*********
इस बार का महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव कांग्रेस-एनसीपी की भ्रष्टाचारी और परिवारवादी शासन से पूर्ण मुक्ति का चुनाव है जहां एक ओर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने वाली भाजपा-शिव सेना गठबंधन है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस-एनसीपी जैसी परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ
*********
कांग्रेस और एनसीपी ने संसद में धारा 370 को हटाने का विरोध किया क्योंकि उन्हें वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति कर अपनी राजनैतिक रोटियाँ सेंकनी है। कांग्रेस पार्टी, राहुल गाँधी और शरद पवार महाराष्ट्र की जनता के सामने स्पष्ट करें कि वे धारा 370 को हटाने के पक्ष में हैं विरोध में?
*********
पाकिस्तान सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के सबूत माँगता है और राहुल गाँधी भी इसके सबूत मांगते हैं। धारा 370 और 35 (A) को हटाने का पाकिस्तान भी विरोध करता है और राहुल गाँधी भी। मुझे समझ नहीं आता कि हर बार राहुल गाँधी और पाकिस्तान की सोच एक क्यों होती है?
*********
राहुल गाँधी ने कहा कि धारा 370 के हटने से जम्मू-कश्मीर में अराजकता फैल जायेगी लेकिन 05 अगस्त 2019 के बाद से सेना को एक भी गोली नहीं चलानी पड़ी है और पूरा जम्मू-कश्मीर शांत व सुरक्षित है। आज इस मुद्दे पर पूरी दुनिया प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ है और पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है
*********
विगत पांच सालों में भाजपा की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार ने महाराष्ट्र में कृषि क्षेत्र में 1.50 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जो कि कांग्रेस-एनसीपी सरकार में हुए कृषि निवेश का तीन गुना है
*********
देवेन्द्र फड़णवीस सरकार ने चार सालों में लगभग 15.82 लाख करोड़ रुपये के 3470 ग्रामीण प्रोजेक्ट हाथ में लिया है जो बताता है कि ग्रामीण विकास के लिए राज्य की भाजपा सरकार कितनी गंभीर है
*********
2014-18 तक चार सालों में जलयुक्त शिवार योजना के तहत 17,000 गाँवों में 34,23,316 हेक्टेयर भूमि सिंचित की गई। कांग्रेस-एनसीपी सरकार के समय से बंद पर 26 सिंचाई प्रकल्पों को फिर से शुरू किया गया है जिसके तहत 2021 तक दो वर्षों में लगभग 5.56 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी
*********
नेशनल वाटर अवार्ड में सर्वाधिक पुरस्कार महाराष्ट्र को मिले हैं और कृषि सुधार के क्षेत्र में नीति आयोग ने महाराष्ट्र को प्रथम स्थान से सम्मानित किया है
*********
किसानों को 50,000 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष कृषि सहायता दी गई है। सबसे पारदर्शी किसान ऋण माफी महाराष्ट्र में लागू की गई है जिसके तहत लगभग 43 लाख किसानों के 18 हजार करोड़ रुपये माफ किये गए
*********
आजादी के बाद 55 वर्षों तक केंद्र में और महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन तुलनात्मक अध्ययन किया जाय तो भाजपा की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार के 5 साल का कार्यकाल उनके 55 साल के शासन पर भारी पड़ेगी। कांग्रेस-एनसीपी ने कभी देश की चिंता नहीं की, सदैव अपने परिवार की ही चिंता की
*********
13वें वित्त आयोग के दौरान जब केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों जगह कांग्रेस-एनसीपी की सरकार थी, तब महाराष्ट्र को केवल 1,15,500 करोड़ रुपये की सहायता दी गई जबकि मोदी सरकार के दौरान 14वें वित्त आयोग में प्रदेश को ढाई गुना अधिक 2,86,353 करोड़ रुपये दिए गए
*********
कांग्रेस-एनसीपी की सरकार ने 15 वर्षों में महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत 72,000 करोड़ रुपये खर्च किये लेकिन एक हेक्टेयर भूमि भी सिंचित नहीं हुई जबकि देवेन्द्र फड़णवीस सरकार ने केवल 9,000 करोड़ रुपये से जलयुक्त शिवार योजना में 20,000 से अधिक गाँवों में पानी पहुंचाया गया है
*********
आजादी के 70 सालों में महाराष्ट्र में केवल 32 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हुई जबकि भाजपा की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार में केवल पांच साल में 40 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हुई, ये आंकड़े अपने आप में विकास की कहानी बताते हैं
*********
कांग्रेस और एनसीपी की सरकार ख़ास क्षेत्र और समुदायों का विकास करती थी जबकि भारतीय जनता पार्टी - शिव सेना सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर जिले और हर समुदाय का विकास किया है क्योंकि हमारा मूल मंत्र ही ‘सबका साथ, सबका विकास' है
*********
महाराष्ट्र में दूसरी बार भाजपा-शिव सेना की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार का गठन होने पर माँ तुलजा भवानी मंदिर को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा जहाँ से छत्रपति शिवाजी महाराज से स्वराज की स्थापना का बीड़ा उठाया था
*********
जब कांग्रेस और एनसीपी वोट मांगने आयें तो महाराष्ट्र की जनता उनसे यह सवाल जरूर पूछे कि आपने एनआरसी का विरोध क्यों किया था? हम महाराष्ट्र सहित पूरे देश से अवैध घुसपैठियों को बाहर करके रहेंगे
*********
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र में सांगली के आरआर कॉलेज ग्राउंड, अक्कलकोट और तुलजापुर के हुडको ग्राउंड (ओस्मनाबाद रोड) में आयोजित विशाल जन-सभाओं को संबोधित किया और प्रदेश की जनता से महाराष्ट्र के विकास के लिए दो तिहाई से अधिक बहुमत से भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना गठबंधन की सरकार पुनः बनाने की अपील की।
श्री शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा अपार जन-समर्थन इस बात की गवाही है कि प्रदेश में भारी बहुमत से श्री देवेन्द्र फड़णवीस जी के नेतृत्व में भाजपा-शिव सेना की सरकार बनने जा रही है और 222 सीटों पर कांग्रेस की जीत का रिकॉर्ड टूटने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बार के महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव में एक ओर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने वाली भाजपा-शिव सेना का गठबंधन है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस-एनसीपी जैसी परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली पार्टियाँ। एक ओर महाराष्ट्र के विकास के प्रति कटिबद्ध भाजपा-शिव सेना गठबंधन है तो दूसरी ओर प्रदेश को लूटने वाली पार्टियां। एक ओर देश को सुरक्षित रखने वाली देशभक्त पार्टियाँ हैं तो दूसरी ओर वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस-एनसीपी। मुझे विश्वास है कि महाराष्ट्र की जनता कांग्रेस-एनसीपी की स्वार्थी ठगबंधन को करारा जवाब देते हुए भाजपा-शिव सेना गठबंधन को महाराष्ट्र में अब तक की सबसे बड़ी जीत दिलाते हुए एक बार पुनः देवेन्द्र फड़णवीस सरकार का गठन करेगी।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता के आशीर्वाद से इस बार के लोक सभा चुनाव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को 300 से अधिक सीटें मिली और प्रधानमंत्री जी ने सरकार बनने के बाद पहले ही सत्र में धारा 370 को ख़त्म कर समग्र राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि देश की जनता 70 साल से धारा 370 के हटने की राह देख रही थी लेकिन आज तक किसी भी सरकार ने ऐसा करने की हिम्मत नहीं दिखाई। कांग्रेस पार्टी, राहुल गाँधी और शरद पवार महाराष्ट्र की जनता के सामने स्पष्ट करें कि वे धारा 370 को हटाने के पक्ष में हैं विरोध में? कांग्रेस और एनसीपी को कठघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी ने संसद में धारा 370 को हटाने का विरोध किया क्योंकि उन्हें वोटबैंक और तुष्टिकरण की राजनीति कर अपनी राजनैतिक रोटियाँ सेंकनी है। महाराष्ट्र की जनता को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी ने कहा कि धारा 370 के हटने से जम्मू-कश्मीर में माहौल खराब हो जाएगा, अराजकता फैल जायेगी लेकिन मैं कहना चाहता हूँ कि 05 अगस्त 2019 के बाद से सेना को एक भी गोली नहीं चलानी पड़ी है और पूरा जम्मू-कश्मीर शांत व सलामत है। आज इस मुद्दे पर पूरी दुनिया हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ है और पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है।
श्री शाह ने कहा कि जब मोदी सरकार आतंकवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करती है तब पाकिस्तान भी इसके सबूत माँगता है और राहुल गाँधी भी इसके सबूत मांगते हैं। जब हम धारा 370 और 35 (A) ख़त्म करते हैं तब पाकिस्तान भी इसका विरोध करता है और राहुल गाँधी भी इसका विरोध करते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि हर बार राहुल गाँधी और पाकिस्तान की सोच एक क्यों होती है? हम तो काफी समय तक विपक्ष में रहे लेकिन बांग्लादेश के स्वतंत्रता संग्राम में पाकिस्तान की करारी हार पर श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने संसद में इंदिरा जी को बधाई दी थी। हमारे लिए पार्टी से बड़ा देश है। जेएनयू में देशद्रोही तत्वों द्वारा जब राष्ट्रविरोधी नारे लगाये जा रहे थे तब भी राहुल गाँधी उनके समर्थन में जाकर खड़े हो गए लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में देश को टुकड़े-टुकड़े करने का ख़्वाब पाले पैठे देशद्रोहियों को छोड़ा नहीं जा सकता, मोदी सरकार में ऐसे लोगों की जगह जेल की सलाखों के पीछे ही होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी ने महाराष्ट्र में विकास को अवरुद्ध कर भ्रष्टाचार की खुली लूट मचाई थी। आजादी के वक्त महाराष्ट्र सहकारिता, उद्योग, कृषि, सिंचाई और दुग्ध उत्पादन में पहले स्थान पर था लेकिन कांग्रेस-एनसीपी के शासन ने महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। आज केंद्र में मोदी सरकार और महाराष्ट्र में देवेन्द्र फड़णवीस सरकार का डबल इंजन मिल कर महाराष्ट्र को फिर से देश का सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में लगी है। कांग्रेस-एनसीपी की सरकार में वसंतराव नाइक को छोड़ कर किसी भी मुख्यमंत्री ने अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया जबकि हम महाराष्ट्र में राजनैतिक स्थिरता लेकर आये हैं। कांग्रेस-एनसीपी ने कभी देश की चिंता नहीं की, केवल अपने परिवार की चिंता की।
श्री शाह ने कहा कि केंद्र में 10 वर्षों तक कांग्रेस-एनसीपी की सरकार रही, महाराष्ट्र में 15 वर्षों तक कांग्रेस-एनसीपी की सरकार रही लेकिन महाराष्ट्र में विकास के बजाय भ्रष्टाचार चरम पर पहुँच गया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 55 वर्षों तक केंद्र में और महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन तुलनात्मक अध्ययन किया जाय तो भारतीय जनता पार्टी की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार के 5 साल का कार्यकाल उनके 55 साल के शासन पर भारी पड़ेगी। 13वें वित्त आयोग के दौरान जब केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों जगह कांग्रेस-एनसीपी की सरकार थी, तब महाराष्ट्र को केवल 1,15,500 करोड़ रुपये की सहायता दी गई जबकि मोदी सरकार के दौरान 14वें वित्त आयोग में प्रदेश को ढाई गुना अधिक 2,86,353 करोड़ रुपये दिए गए। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र को कृषि सिंचाई योजना के तहत लगभग 26,000 करोड़ रुपये, सूखे से निबटने के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 13,000 करोड़ रुपये, स्मार्ट सिटी योजना के लिए लगभग 19,000 करोड़ रुपये, मेट्रो परियोजना के लिए लगभग 20,000 करोड़ रुपये, स्वच्छ भारत योजना के तहत 7,000 करोड़ रुपये, अमृत योजना के तहत लगभग 7,700 करोड़ रुपये और मुद्रा योजना के तहत राज्य के 73 लाख से अधिक युवाओं को लगभग 32,000 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। इस तरह, महाराष्ट्र को कुल 4,38,760 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-एनसीपी की सरकार ने 15 वर्षों में महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत 72,000 करोड़ रुपये खर्च किये लेकिन एक हेक्टेयर भूमि भी सिंचित नहीं हुई जबकि देवेन्द्र फड़णवीस सरकार ने केवल 9,000 करोड़ रुपये से जलयुक्त शिवार योजना में 20,000 से अधिक गाँवों में पानी पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 सालों में महाराष्ट्र में केवल 32 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हुई जबकि भाजपा की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार में केवल पांच साल में 40 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हुई, ये आंकड़े अपने आप में विकास की कहानी बताते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी की सरकार ख़ास क्षेत्र और समुदायों का विकास करती थी जबकि भारतीय जनता पार्टी - शिव सेना सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर जिले और हर समुदाय का विकास किया है क्योंकि हमारा मूल मंत्र ही ‘सबका साथ, सबका विकास' है।
महाराष्ट्र में कृषि सुधार के लिए उठाये गए क़दमों पर विस्तार से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विगत पांच सालों में भाजपा की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार ने महाराष्ट्र में कृषि क्षेत्र में 1.50 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जो कि कांग्रेस-एनसीपी सरकार में हुए कृषि निवेश का तीन गुना है। इसके अतिरिक्त किसानों को 50,000 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष कृषि सहायता दी गई है। सबसे पारदर्शी किसान ऋण माफी महाराष्ट्र में लागू की गई है जिसके तहत लगभग 43 लाख किसानों के 18 हजार करोड़ रुपये माफ किये गए। दो रुपये और तीन रूपये किलो गेहूं का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2014-18 तक चार सालों में जलयुक्त शिवार योजना के तहत 17,000 गाँवों में 34,23,316 हेक्टेयर भूमि सिंचित की गई। कांग्रेस-एनसीपी सरकार के समय से बंद पर 26 सिंचाई प्रकल्पों को फिर से शुरू किया गया है जिसके तहत 2021 तक दो वर्षों में लगभग 5.56 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। विगत पांच वर्षों में 1.61 लाख खेत तालाब और 1.73 लाख सिंचाई कूप बनाये गए। इससे महाराष्ट्र से लगभग लगभग टैंकर राज का खात्मा हो गया है। उन्होंने कहा कि नेशनल वाटर अवार्ड में सर्वाधिक पुरस्कार महाराष्ट्र को मिले हैं और कृषि सुधार के क्षेत्र में नीति आयोग ने महाराष्ट्र को प्रथम स्थान से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि देवेन्द्र फड़णवीस सरकार ने चार सालों में लगभग 15.82 लाख करोड़ रुपये के 3470 ग्रामीण प्रोजेक्ट हाथ में लिया है जो बताता है कि ग्रामीण विकास के लिए राज्य की भाजपा सरकार कितनी गंभीर है।
श्री शाह ने कहा कि शिक्षा के मामले में महाराष्ट्र पहले 70वें स्थान पर था, आज तीसरे स्थान पर है। मुख्यमंत्री सहायता निधि मेडिकल सेल से राज्य के 16 लाख गरीबों का लगभग 1600 करोड़ रुपये का उपचार किया गया है। सर्वाधिक एफडीआई महाराष्ट्र में आता है और देश में आने वाले कुल एफडीआई का 50% अकेले महाराष्ट्र में आ रहा है, साथ ही रोजगार में भी प्रदेश में आशातीत वृद्धि हुई है।
सांगली में विकास कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सांगली में बहुत बड़ा पशु मेला लगता है। दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए लगभग 13,500 करोड़ पशुओं का टीकाकरण किया गया है। सांगली जिले में सिंचाई परियोजना के लिए लगभग 4,960 करोड़ रुपये मंजूर किये गए हैं, नहर विकास के लिए लगभग 345 करोड़ रुपये दिए गए हैं, नमामि चंद्रभागा के लिए 17 करोड़ रुपये की राशि दी गई है, अंगूर के उत्पादन और निर्यात के लिए क्लस्टर बनाए गए हैं, इस्लामपुर में टेक्सटाइल फ़ार्म बनाया गया है, सांगली में मल्टी मॉडल लोजिस्टिक पार्क और फ़ूड टेक्नोलॉजी कॉलेज का निर्माण किया गया है, कोल्हापुर-पुणे के बीच डबल डेकर ट्रेन शुरू किया गया है और कृष्णा कोयना लिफ्ट इरिगेशन योजना में भी काफी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि सांगली जिले में 400 करोड़ रुपये की लागत से ड्रायपोर्ट की स्थापना की जा रही है जो कि किसानों के फसल को बेचने की अंतरराष्ट्रीय मंडी होगी। लगभग 11 लाख किसानों के 3,700 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया, लाखों शौचालय का निर्माण कराया गया, लगभग 46,000 गैस कनेक्शन बांटे गए, 38,000 से अधिक घरों में बिजली पहुंचाई गई और हर किसान के एकाउंट में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6,000 रुपये की वार्षिक कृषि सहायता ट्रांसफर की गई।
तुलजापुर और उस्मानाबाद के लिए किये गए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए श्री शाह ने कहा कि इस क्षेत्र में पानी की कमी को दूर करने के लिए वाटर ग्रिड की मंजूरी दी गई है, 58 किमी लंबा नेशनल हाइवे का निर्माण कराया गया है, शोलापुर-उस्मानाबाद के बीच रेलवे लाइन को मंजूरी दी गई है, लातूर में रेल कोच फैक्ट्री स्थापित की गई है और उस्मानाबाद जिले को आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में दूसरी बार भाजपा-शिव सेना की देवेन्द्र फड़णवीस सरकार का गठन होने पर माँ तुलजा भवानी मंदिर को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहीं से वीर शिवाजी ने स्वराज के संघर्ष की शुरुआत की थी और आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वराज और सुराज की स्थापना के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार ने धनगर समाज के कल्याण के लिए 1000 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी है, साथ ही आदिवासी समाज के कल्याण के लिए भी कई काम हुए हैं।
लातूर में हुए विकास कार्यों पर बोलते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मराठवाड़ा वाटर ग्रिड परियोजना के तहत 3,122 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। लातूर में टैक्सटाइल पार्क, अल्ट्रा स्पेशियलिटी अस्पताल और 500 करोड़ रुपये की लागत से रेल कोच फैक्ट्री की स्थापना की गई है। ज्योतिबा फूले जन आरोग्य योजना के तहत 971 चिकित्सा सुविधाएं और 121 तरह की फॉलो-अप सुविधाएं दी जाने की शुरुआत की गई है जो कैशलेस होगी। स्वच्छ भारत योजना के तहत लातूर में 1.85 हजार शौचालयों का निर्माण कराया गया है, लगभग 2.68 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 11,000 लोगों को आवास, लगभग 33 हजार घरों में बिजली और 22,000 घरों में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। साथ ही 280 किमी लंबी मेट्रो लाइन का काम भी शुरू हो गया है।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सबसे बड़ा काम देश को सुरक्षित करने का किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक से दुश्मनों के दांत खट्टे कर मोदी सरकार ने दुनिया को संदेश दिया है कि हिन्दुस्तान की सीमाओं के साथ छेड़छाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। आज पूरी दुनिया में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं लेकिन इससे कांग्रेस पार्टी को तकलीफ हो रही है जबकि यह समस्त देशवासियों का सम्मान है। हाउडी मोदी कार्यक्रम की शानदार सफलता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका में हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की लोकप्रियता से तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अचंभित रह गए। उन्होंने कहा कि पहले ही सत्र में धारा 370 और ट्रिपल तलाक को ख़त्म करने का ऐतिहासिक कार्य मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस और एनसीपी वोट मांगने आयें तो महाराष्ट्र की जनता उनसे यह सवाल जरूर पूछे कि आपने एनआरसी का विरोध क्यों किया था? हम महाराष्ट्र सहित पूरे देश से अवैध घुसपैठियों को बाहर करके रहेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हिंदुस्तान को समृद्ध और सुरक्षित किया है जबकि श्री देवेन्द्र फड़णवीस ने महाराष्ट्र को विकसित बनाने का कार्य किया है। श्री देवेन्द्र फड़णवीस लगातार महाराष्ट्र के विकास और प्रदेश के गरीबों के कल्याण के प्रति समर्पित रहते हैं। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव कांग्रेस-एनसीपी की भ्रष्टाचारी और परिवारवादी शासन से पूर्ण मुक्ति का चुनाव है। आपका एक वोट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के हाथों को मजबूत करेगा और श्री देवेन्द्र फड़णवीस को पुनः मुख्यमंत्री बनाने के काम आयेगा।