Press, Share | Jan 25, 2018
Thursday, 25 January 2018
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा मैसूर, कर्नाटक में परिवर्तन यात्रा जनसभा में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने साढ़े तीन सालों में कर्नाटक के विकास के लिए जो किया है, वह कांग्रेस पार्टी 50 सालों में भी नहीं कर पाई
*********
परिवर्तन यात्रा ने कांग्रेस के दिल में ख़ौफ़ पैदा कर दिया है। कांग्रेस कुछ भी कर ले लेकिन अब वह भाजपा को रोक नहीं सकती, कर्नाटक में निश्चित रूप से अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनने वाली है
*********
कांग्रेस पार्टी आज भी आपातकाल के अपने संस्कार और अपनी प्रकृति को नहीं भूली है
*********
कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं, भ्रष्टाचार का मतलब सिद्धारमैया सरकार और सिद्धारमैया सरकार का मतलब भ्रष्टाचार हो गया है
*********
जिस तरह से कर्नाटक सरकार ने आज भाजपा की रैली को विफल करने का षड़यंत्र रचा, उसी तरह से वह चार फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की रैली को भी प्रभावित करने का प्रयास कर रही है लेकिन उनका यह प्रयास कभी भी सफल नहीं होने वाला
*********
हम समाज को तोड़ने में नहीं, जोड़ने में यकीन करते हैं और हमारे नेता एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नारा है - ‘सबका साथ, सबका विकास' जबकि कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है
*********
कांग्रेस की यूपीए सरकार ने 13वें वित्त आयोग में सेन्ट्रल शेयर के रूप में कर्नाटक को केवल 88,583 करोड़ रुपये दिये थे जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने कर्नाटक को 2,19,506 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जो कांग्रेस की यूपीए सरकार की तुलना में ढाई गुना अधिक है
*********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा कर्नाटक के विकास के लिए दिया गया पैसा कर्नाटक के कांग्रेसी नेताओं के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। केंद्र सरकार की अनुदान राशि के साथ-साथ कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार राज्य की जनता का भी अरबों-खरबों रुपये खा गई है
*********
कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार के चार सालों के अंदर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 20 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है जबकि कर्नाटक सरकार के माथे पर जूं तक नहीं रेंगती
*********
हमारे कार्यकर्ताओं की शहादत विफल नहीं जाने वाली है, यहाँ एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और सरकार बनते ही दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जायेगा
*********
अनेक विभूतियों ने कर्नाटक को महान बनाने हेतु अपना जीवन लगा दिया लेकिन राहुल गांधी और सिद्धारमैया सरकार कभी उन महान हस्तियों की जयंती नहीं मनाती, पर टीपू जयंती जरूर मनाती है
*********
कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार ने वोट बैंक की पॉलिटिक्स के चलते राज्य और देश की सुरक्षा को भी ताक पर रखते हुए SDPI के ऊपर से सारे केस हटा लिए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ऐसे करके सिद्धारमैया सरकार SDPI को सर्टिफिकेट नहीं दे रही?
*********
किसानों की हितैषी होने का दंभ भरने वाली कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के राज में लगभग ढाई हजार किसानों ने आत्महत्या की है लेकिन इसका जवाब सिद्धारमैया देना ही नहीं चाहते
*********
मैं कर्नाटक के साथ-साथ देश भर के ओबीसी भाइयों-बहनों को भरोसा देना चाहता हूँ कि चाहे कांग्रेस पार्टी कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले लेकिन भारतीय जनता पार्टी ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता दिला कर ही दम लेगी
*********
मैं इस मंच से देश भर की सारी मुस्लिम माताओं-बहनों को कहना चाहता हूँ कि कांग्रेस चाहे कितना भी विरोध करे, देश में अब ट्रिपल तलाक का क़ानून नहीं चलेगा
*********
आज हम सब कर्नाटक के विकास के लिए भ्रष्टाचारी सिद्धारमैया सरकार को उखाड़ फेंक कर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लें ताकि हम कर्नाटक को एक अग्रणी राज्य के रूप में विकसित कर सकें
*********
श्री येदुरप्पा के नेतृत्व में परिवर्तन यात्रा लगभग 8,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर मैसूर पहुँची है, मैं इसके लिए श्री येदुरप्पा जी का अभिनंदन करना चाहता हूँ क्योंकि आज तक किसी नेता ने लोक संपर्क का इतना बड़ा अभियान कभी नहीं किया
*********
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज मैसूर, कर्नाटक में 79 दिनों तक चलने वाली कर्नाटक के नवनिर्माण की परिवर्तन यात्रा को संबोधित किया और कर्नाटक की बदहाली के लिये कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार पर जमकर प्रहार किया। ज्ञात हो कि कर्नाटक में परिवर्तन यात्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी श्री बी. एस. येदुरप्पा के नेतृत्व में पिछले वर्ष 02 नवंबर को शुरू हुई थी जो राज्य के 224 विधान सभाओं की गाँव-गलियों से गुजरते हुए आगामी 4 फरवरी, 2018 को बेंगलुरु में पूर्ण होगी और इसका समापन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी करेंगे। श्री शाह ने 02 नवंबर, 2017 को बेंगलुरु में परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ किया था। अभी तक परिवर्तन यात्रा ने लगभग 8,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की दूरी तय की है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि परिवर्तन यात्रा ने कांग्रेस के दिल में ख़ौफ़ पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी आपातकाल के अपने संस्कार और अपनी प्रकृति को नहीं भूली है, वह आज भी अलोकतांत्रिक तरीके से सभाओं को रोकने और बंद का एलान करने जैसी गतिविधियों को प्रायोजित करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक के मुख्यमंत्री को चुनौती देता हूँ कि आपको जितना दम लगाना है, लगा लीजिये लेकिन अब आप भाजपा को नहीं रोक सकते, कर्नाटक में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कर्नाटक सरकार ने आज भाजपा की रैली को विफल करने का षड़यंत्र रचा, उसी तरह से वह चार फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की रैली को भी प्रभावित करने का प्रयास कर रही है लेकिन मुझे कर्नाटक की जनता पर पूर्ण भरोसा है, वह इतनी संख्या में मोदी जी की रैली को सफल बनाने उमड़ेगी कि उसी से तय हो जायेगा कि भारतीय जनता पार्टी कर्नाटक विधान सभा चुनाव जीतने वाली है।
श्री शाह ने कहा कि कर्नाटक की जनता से मेरी एक ही अपील है कि आप भ्रष्टाचारी और लोगों का दमन करने वाली सिद्धारमैया सरकार को उखाड़ कर फेंक दीजिये। उन्होंने कहा कि श्री येदुरप्पा के नेतृत्व में परिवर्तन यात्रा लगभग 8,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर मैसूर पहुँची है, मैं इसके लिए श्री येदुरप्पा जी का अभिनंदन करना चाहता हूँ क्योंकि आज तक किसी नेता ने लोक संपर्क का इतना बड़ा अभियान कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं ने जन-जन से संपर्क स्थापित किया और उनसे संवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा सत्ता या सरकार को बदलने के लिए नहीं बल्कि कर्नाटक में किसानों की स्थिति को सुधारने, भ्रष्टाचार को बंद करने, क़ानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने और तुष्टीकरण की राजनीति को ख़त्म करने के लिए है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अनेक विभूतियों ने कर्नाटक को महान बनाने के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया लेकिन राहुल गांधी और सिद्धारमैया सरकार कभी उन महान हस्तियों की जयंती तो नहीं मनाती, लेकिन वह टीपू जयंती जरूर मनाती है। उन्होंने कहा कि हम समाज को तोड़ने में नहीं, जोड़ने में यकीन करते हैं और हमारे नेता एवं देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का नारा है - ‘सबका साथ, सबका विकास'। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है, एक विशेष वोट बैंक को एड्रेस कर रही है, कर्नाटक की जनता इससे कतई सहमत नहीं है?
श्री शाह ने कहा कि कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार के चार सालों के अंदर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 20 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है जबकि कर्नाटक सरकार के माथे पर जूं तक नहीं रेंगती। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार को कहना चाहता हूँ कि हमारे कार्यकर्ताओं की शहादत विफल नहीं जाने वाली है, यहाँ एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और सरकार बनते ही दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जायेगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार ने वोट बैंक की पॉलिटिक्स के चलते राज्य और देश की सुरक्षा को भी ताक पर रखते हुए SDPI के ऊपर से सारे केस हटा लिए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ऐसे करके सिद्धारमैया सरकार SDPI को सर्टिफिकेट नहीं दे रही?
श्री शाह ने कहा कि कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं, भ्रष्टाचार का मतलब सिद्धारमैया सरकार और सिद्धारमैया सरकार का मतलब भ्रष्टाचार हो गया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में किसान आत्महत्या कर रहे हैं जबकि अपने-आप को किसानों के हितैषी बताने वाली सिद्धारमैया 70 लाख की घड़ी पहनते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की हितैषी होने का दंभ भरने वाली कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के राज में लगभग ढाई हजार किसानों ने आत्महत्या की है लेकिन इसका जवाब सिद्धारमैया देना ही नहीं चाहते।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने अर्कावती लेआउट की 50 एकड़ जमीन के लैंड यूजेज को बदल दिया, तीन साल से इसकी रिपोर्ट नहीं आई है, आखिर इसका जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कहा कि कांग्रेसी गरीबों की दाल-चावल भी खा जाते हैं, मंत्री के पत्नी लाखों रुपये लेते हुए स्टिंग में पकड़ी जाती हैं, अवैध खनन के कारण कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के एक मंत्री को 6 महीने में ही इस्तीफा देना पड़ता है, सिटी स्कैन/एमआरआई के लगाने का कॉन्ट्रैक्ट सरकार में बैठे नेताओं के रिश्तेदारों को दिया जाता है, अपने परिवार वालों को 150 करोड़ रुपये की पीडीए की जमीन अवैध तरीके से हस्तांतरित कर दी जाती है, आखिर इसका जिम्मेवार कौन है? उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया सरकार के मंत्री डीके शिवकुमार के घर रेड पड़ती है, करोड़ों रुपये का कच्चा चिठ्ठा पकड़ा जाता है, स्टील ब्रिज की मंजूरी के लिए रिश्वत मांगी जाती है, गरीबों के दाल-चावल तक खा जाते हैं कांग्रेसी, इस बार कर्नाटक की जनता को इसका हिसाब मांगना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता दिए जाने की मांग 1955 से लगातार हो रही थी लेकिन आज तक इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता प्रदान करने का विधेयक लेकर संसद में आई थी लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे राज्य सभा में पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक के साथ-साथ देश भर के ओबीसी भाइयों-बहनों को भरोसा देना चाहता हूँ कि चाहे कांग्रेस पार्टी कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले लेकिन भारतीय जनता पार्टी ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता दिला कर ही दम लेगी।
ट्रिपल तलाक की चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार सदन में मुस्लिम महिलाओं को बराबरी का हक़ देने के लिये, उन्हें सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार देने के लिये जब ट्रिपल तलाक का बिल लेकर आई लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि मैं इस मंच से देश भर की सारी मुस्लिम माताओं-बहनों को कहना चाहता हूँ कि कांग्रेस चाहे कितना भी विरोध क्यों न करे, देश में अब ट्रिपल तलाक का क़ानून नहीं चलेगा।
श्री शाह ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री आरोप लगाते हैं कि मोदी सरकार कर्नाटक की मदद नहीं कर रही, आज मैं इसका जवाब देने आया हूँ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने 13वें वित्त आयोग में सेन्ट्रल शेयर के रूप में कर्नाटक को केवल 88,583 करोड़ रुपये दिये थे जबकि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने कर्नाटक को 2,19,506 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जो कांग्रेस की यूपीए सरकार की तुलना में ढाई गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मुद्रा योजना में 39 हजार करोड़, स्मार्ट सिटी में 960 करोड़, अमृत मिशन के लिए 4900 करोड़, बेंगलुरु मेट्रो के लिए 2617 करोड़, कृषि सिंचाई योजना के लिए 600 करोड़ रुपये, रेलवे के विकास के लिए 2197 करोड़ रुपये और सड़कों के निर्माण के लिए लिए लगभग 27,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये गये हैं लेकिन लेकिन कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार इन योजनाओं को जनता तक पहुँचने ही नहीं देती। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कर्नाटक को इन क्षेत्रों में लगभग 79 हजार करोड़ रुपये दिए हैं, इस तरह मोदी सरकार ने कर्नाटक को विकास के लिए लगभग तीन लाख करोड़ रुपये की राशि दी है। उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि आप मेरा क्या हिसाब मांगते हैं, कर्नाटक की जनता दो लाख करोड़ रुपये का हिसाब आपसे मांग रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत कर्नाटक में 3.33 लाख करोड़ गरीब माताओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा कर्नाटक के विकास के लिए दिया गया पैसा कर्नाटक के कांग्रेसी नेताओं के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अनुदान राशि के साथ-साथ कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार राज्य की जनता का भी अरबों-खरबों रुपये खा गई है। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया जी, आप हमसे क्या हिसाब मांगते हैं, पहले आप हिसाब दीजिये कि अआपने पांच सालों में कर्नाटक के विकास के लिए क्या-क्या किया है? उन्होंने कहा कि आपके शासन में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रहा है, दलितों का उत्पीड़न हो रहा है, युवा रोजगार के लिए पलायन करने पर मजबूर हो रहे हैं लेकिन आप इसपर एक शब्द भी नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया जी, कान खोल कर सुन लीजिये, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने साढ़े तीन सालों में कर्नाटक के विकास के लिए जो किया है, वह आपकी कांग्रेस पार्टी 50 सालों में भी नहीं कर पाई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कर्नाटक की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि आज हम सब कर्नाटक के विकास के लिए भ्रष्टाचारी सिद्धारमैया सरकार को उखाड़ फेंक कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लें ताकि हम कर्नाटक को एक अग्रणी राज्य के रूप में विकसित कर सकें।