Press, Share | Feb 12, 2018
Monday, 12 February 2018
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के अगरतला में आयोजित प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु
त्रिपुरा की जनता ने राज्य के विकास के लिए परिवर्तन करने का मन बना लिया है और यह स्पष्ट है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। मुझे यह कहने में कोई संदेह नहीं कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में त्रिपुरा देश का 20वां एनडीए शासित प्रदेश बनने जा रहा है
*********
त्रिपुरा में परिवर्तन के साथ ही विकास का एक नया अध्याय शुरू होने वाला है
*********
भारतीय जनता पार्टी सीपीएम की हिंसा की राजनीति के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए तैयार खड़ी है। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को सीपीएम की हिंसा की राजनीति का डट कर मुकाबले करने लिए धन्यवाद देता हूँ
*********
कांग्रेस त्रिपुरा में वोटकटवा पार्टी की भूमिका में है और वह केवल एंटी सीपीएम वोट का बंटवारा कर सीपीएम को जिताना चाहती है। त्रिपुरा की जनता को कांग्रेस की इस साजिश को समझना चाहिए क्योंकि कांग्रेस त्रिपुरा की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं ला सकती
*********
त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर हर घर में एक रोजगार का प्रावधान किया जाएगा, न्यूनतम मजदूरी को मोदी सरकार की तर्ज पर 340 रुपये प्रतिदिन किया जाएगा और युवाओं को फ्री स्मार्टफोन दिए जायेंगे
*********
त्रिपुरा में भाजपा सरकार के गठन होते ही सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा और एडमिनिस्ट्रेटिव इनएफिशिएंसी के कारण नौकरी गँवा बैठे लगभग 10 हजार शिक्षकों की संवैधानिक तरीके से परिमार्जन की व्यवस्था की जायेगी
*********
त्रिपुरा की भाजपा सरकार राज्य की बदहाल क़ानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास करेगी। रोजवैली चिटफंड एवं अन्य चिटफंड घोटालों में त्रिपुरा की गरीब जनता की गाढ़ी कमाई को जिसने भी हजम किया है, उसे क़ानून के दायरे में लाकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा
*********
त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गठित होने पर हर विधान सभा क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज खोला जाएगा और लड़कियों को ग्रेजुएशन तक की शिक्षा मुफ्त उपलब्ध कराई जायेगी
*********
मोदी सरकार ने इस बार के बजट में किसानों को अपनी लागत से डेढ़ गुना ज्यादा समर्थन मूल्य देने का जो एलान किया है, उसे वैज्ञानिक तरीके से लागू करने के लिए त्रिपुरा की भारतीय जनता पार्टी सरकार एक मैकेनिज्म डेवलप करेगी
*********
जब कम्युनिस्ट पार्टी त्रिपुरा में सत्ता में आई तो राज्य में केवल 25 हजार लोग बेरोजगार थे लेकिन सीपीएम सरकार की 25 साल की उपलब्धि है कि आज राज्य में 7,33,000 युवा बेरोजगार हैं
*********
महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में त्रिपुरा काफी आगे है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में हर दिन लगभग 5 अपराध महिलाओं के खिलाफ होते हैं जिसमें से 2 बलात्कार के मामले होते, हम त्रिपुरा की इस स्थिति में परिवर्तन लाना चाहते हैं
*********
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज होटल सोनार तोरी, अगरतला में प्रेस वार्ता को संबोधित किया और त्रिपुरा की बदहाली के लिए राज्य की माणिक सरकार की वामपंथी सरकार पर जम कर प्रहार किया।
श्री शाह ने कहा कि त्रिपुरा की जनता ने राज्य में परिवर्तन करने का मन बना लिया है और अब तक के चुनाव प्रचार एवं राज्य के प्रत्येक विधानसभा के विश्लेषण के पश्चात् यह स्पष्ट है कि त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सीपीएम सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है, 35 साल के वामपंथी शासन में त्रिपुरा विकास की दौड़ में काफी पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि देश में जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं वहां हर क्षेत्र में तेज गति से विकास हुआ है लेकिन त्रिपुरा में सीपीएम सरकार के कारण विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि इस कारण सीपीएम नेतृत्व और उसके कैडर में घोर निराशा का माहौल है और अब अपने मूल स्वभाव के अनुरूप सीपीएम हिंसा के रास्ते पर तेज गति से जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दो दिन पहले हमारे एक बूथ कार्यकर्ता मधुसूदन डे को अगवा कर लिया गया, दो दिनों तक इनके बारे में कुछ पता नहीं चला और जब हमारे कार्यकर्ताओं ने डीजीपी पर इसको लेकर दबाव बनाया तब जाकर कल उनकी नृशंस हत्या का पता चला। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यहाँ का स्थानीय प्रशासन भी सीपीएम के इशारे पर काम कर रहा है जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रदूषित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि सबको चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सीपीएम की हिंसा की राजनीति के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए तैयार खड़ी है, हमारे कार्यकर्ता हर बूथ पर तैनात हैं और डट कर सीपीएम की हिंसा का मुकाबला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को सीपीएम की हिंसा की राजनीति का डट कर मुकाबले करने लिए धन्यवाद करता हूँ, त्रिपुरा की जनता ने राज्य में परिवर्तन का मन बना लिया है और अब त्रिपुरा में विकास का एक नया अध्याय शुरू होने वाला है।
कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस त्रिपुरा में सीपीएम को जिताने के लिए वोटकटवा पार्टी की भूमिका में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस त्रिपुरा में कोई चुनावी कैम्पेन नहीं नहीं कर रही है और वह केवल और केवल एंटी सीपीएम वोट का बंटवारा करके सीपीएम को जिताना चाहती है। उन्होंने त्रिपुरा की जनता से कांग्रेस की साजिश को समझने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस को दिया गया आपका हर वोट बेकार चला जाएगा क्योंकि कांग्रेस त्रिपुरा की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं ला सकती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कल ही भारतीय जतना पार्टी ने त्रिपुरा के लिए अपना विजन डॉक्युमेंट जारी किया है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर हर घर में एक रोजगार का प्रावधान किया जाएगा, हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाया जाएगा, युवाओं को फ्री स्मार्टफोन दिए जायेंगे, सरकारी कर्मचारियों के लिए चौथे वेतन आयोग की जगह सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा, न्यूनतम मजदूरी को मोदी सरकार की तर्ज पर 340 रुपये प्रतिदिन किया जाएगा, केंद्र सरकार की फ्री हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम को अच्छे तरीके से लागू किया जाएगा और दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर त्रिपुरा की बदहाल क़ानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा की जनता से यह भी वादा किया है कि रोजवैली चिटफंड एवं अन्य चिटफंड घोटालों में त्रिपुरा की गरीब जनता की गाढ़ी कमाई को जिसने भी हजम किया है, उसे क़ानून के दायरे में लाकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एडमिनिस्ट्रेटिव इनएफिशिएंसी के कारण राज्य में जो 10 हजार से ज्यादा शिक्षक अपनी नौकरी गँवा बैठे हैं, उनके लिए भी संवैधानिक रास्ता निकालकर उनकी परिमार्जन की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि हमने राज्य की जनता से यह भी वादा किया है कि त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गठित होने पर हर विधान सभा क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज खोला जाएगा और लड़कियों को ग्रेजुएशन तक की शिक्षा मुफ्त उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इस बार के बजट में किसानों को अपनी लागत से डेढ़ गुना ज्यादा समर्थन मूल्य देने का जो एलान किया है, उसे वैज्ञानिक तरीके से लागू करने के लिए त्रिपुरा की भारतीय जनता पार्टी सरकार एक मैकेनिज्म डेवलप करेगी।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिपुरा के विकास के लिए पर्याप्त संसाधन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में कम्युनिस्ट समर्थित केंद्र की यूपीए सरकार के 13वें वित्त आयोग की तुलना में त्रिपुरा को लगभग 18,000 करोड़ रुपये अधिक आवंटित किये हैं। उन्होंने कहा कि 13वें वित्त आयोग में यूपीए सरकार ने त्रिपुरा के लिए जहां महज 7,283 करोड़ रुपये आवंटित किया था, वहीं मोदी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में त्रिपुरा के लिए लगभग साढ़े तीन गुना ज्यादा 25,396 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त मोदी सरकार ने त्रिपुरा को स्मार्ट सिटी के लिए 189 करोड़, स्वच्छ भारत मिशन के लिए 8 करोड़, अर्बन ट्रांसपोर्ट के लिए 22 करोड़, गरीबों के आवास के लिए 257 करोड़, ITI अपग्रेडेशन के लिए 123 करोड़, पर्यटन हेतु नार्थ-ईस्ट त्रिपुरा सर्किट के लिए 133 करोड़ और सड़कों के के लिए 99 करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि पलटाना ताप विद्युत् परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री जी पहले ही कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश तक रेल लिंक स्थापित होने से व्यापार और आवागमन के अनेक रास्ते खुले हैं और साथ ही त्रिपुरा एयरपोर्ट के विकास के लिए अलग से मदद उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि जन-धन एकाउंट, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुद्रा बैंक योजना और एलईडी बल्ब वितरण जैसी केंद्र की भाजपा सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीबों को आगे बढ़ाने के प्रयास हुये हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि माणिक सरकार की सीपीएम सरकार त्रिपुरा का विकास कर ही नहीं सकती, यह केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब कम्युनिस्ट पार्टी त्रिपुरा में सत्ता में आई तो राज्य में केवल 25 हजार लोग बेरोजगार थे लेकिन सीपीएम सरकार की 25 साल की उपलब्धि है कि आज राज्य में 7,33,000 युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि माणिक सरकार की सरकार में त्रिपुरा की क़ानून-व्यवस्था बद से बदतर हो गई है, सीपीएम कैडरों के इशारे पर राज्य की पुलिस काम करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में त्रिपुरा काफी आगे है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में हर दिन लगभग 5 अपराध महिलाओं के खिलाफ होते हैं जिसमें से 2 बलात्कार के मामले होते, हम त्रिपुरा की इस स्थिति में परिवर्तन लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा की जनता अराजकता के माहौल से बाहर निकलने के लिए त्रिपुरा की जनता भारतीय जनता पार्टी की ओर आशा से देख रही है। उन्होंने कहा कि मुझे यह कहने में कोई संदेह नहीं कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में त्रिपुरा देश का 20वां एनडीए शासित प्रदेश बनने जा रहा है, इसका हम सबको भरोसा है।