BJP NATIONAL PRESIDENT SHRI AMIT SHAH JI SPEECH IN PALAMU, JHARKHAND

Press, Share | Apr 27, 2019

27 April 2019

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा झारखंड के पलामू की रैली में दिए गए संबोधन के मुख्य बिंदु

पूरे देश की जनता यह निर्णय करके बैठी है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से एक बार प्रधानमंत्री बनाने वाले हैं और यही निर्णय झारखंड और पलामू का भी है। देश में प्रचंड बहुमत से ‘फिर एक बार, मोदी सरकार' बनना निश्चित है
*********
महामिलावट वाले विपक्षी गठबंधन का एकमात्र मकसद भ्रष्टाचार करना है - उन्होंने केंद्र में हो या झारखंड में, जहां भी, जब भी मौका मिला, भ्रष्टाचार किया
*********
झारखंड में तो महामिलावटी लोगों ने तो एक रिकॉर्ड ही बना डाला, एक निर्दलीय विधायक को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाकर अरबों-खरबों रुपये की हेराफेरी कर ली। झारखंड की गरीब जनता का करोड़ों रूपया कांग्रेस गटक गई
*********
आजादी के 55 सालों में कांग्रेस की चार-चार पीढ़ियों की सरकारों ने देश के विकास के लिए जितना काम नहीं किया, उससे कहीं अधिक काम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने केवल पांच वर्षों में कर के दिखा दिया है
*********
राहुल गाँधी को आजादी के 70 साल बाद गरीबों की याद आई है। मैं राहुल गाँधी, लालू यादव और हेमंत सोरेन से पूछना चाहता हूँ कि आपने इतने सालों तक शासन किया लेकिन आपने गरीबों के लिए क्या किया?
*********
झारखंड का कृषि विकास दर जो कभी 4 प्रतिशत रहा करता था उसे बढ़ाकर झारखंड की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने 19 प्रतिशत करने का काम किया है। इतना ही नहीं, राज्य की भाजपा सरकार ने पिछले चार साल में 35 लाख से ज्यादा झारखंड वासियों को नौकरी भी उपलब्ध कराई है
*********
पलामू में 31,000 से ज्यादा घरों में पाइप लाईनों के जरिये स्वच्छ पेय जल पहुंचाने का काम किया गया। 360 करोड़ की लागत से 15 वृहद् ग्रामीण पाइप लाइन जल आपूर्ति योजना चल रही है जिससे 3 लाख 29 हजार परिवारों को स्वच्छ पेय जल उपलब्ध हो पाएगी
*********
पलामू जिले में 2 लाख 91 हजार घरों में आजादी के 70 सालों बाद पहली बार बिजली पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 60,000 गरीबों को घर देने का काम किया गया
*********
एक ओर पिछले 5 सालों में एनडीए सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिए किये गए ठोस काम और दूसरी और विपक्ष के खोखले वादे - अब निर्णय देश और झारखंड की जनता को निर्णय करना है
*********
जब 2022 में देश की आजादी के 75 वें साल पूरे होंगे, देश में एक भी व्यक्ति, एक भी परिवार ऐसा नहीं होगा जिसके पास घर, बिजली, गैस, पीने का पानी, शौचालय न हो और सभी के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी
*********
एयर स्ट्राइक के बाद एक ओर देश में उत्साह का माहौल था तो दूसरी ओर पाकिस्तान सहित राहुल गाँधी एंड कंपनी के कार्यालय में मातम छाया हुआ था। मैं राहुल गाँधी एंड कंपनी से पूछना चाहता हूँ कि पाकिस्तान के आतंकवादी मरे तो आपके चेहरे का नूर क्यों गायब हो गया?
*********
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस पार्टी नेशनल कांफ्रेंस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है और राहुल गाँधी के साथी उमर अब्दुल्ला मांग करते हैं कि जम्मू-कश्मीर में भी अलग से प्रधानमंत्री होना चाहिए और राहुल गाँधी एंड कंपनी चुप रहती है।
*********
जब तक भारतीय जतना पार्टी के एक भी कार्यकर्ता के शरीर में प्राण है, जम्मू-कश्मीर को भारत से कोई अलग नहीं कर सकता, जम्मू-कश्मीर भारत माता का मुकुट मणि है और नरेन्द्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर हम जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर रहेंगे
*********

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज झारखंड के पलामू की विशाल चुनावी रैली को सम्बोधित किया और और देश की सुरक्षा-संस्कृति को सुरक्षित रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सर्वप्रथम झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा, नीलाम्बर-पीताम्बर, सिद्धो-कान्हो, चाँद-भैरव और जुड़वां बहनें फूलो-जानो तथा पलामू के महान चेरो शासक राजा मेदिनी राय के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता आन्दोलन में कोई बड़ा नेतृत्व न होने के बावजूद पलामू भूमि के भाई-बहनों ने कई बार अंग्रेजों के दांत खट्टे किये, जिसके लिए इस भूमि को शत-शत नमन है। इसके अतिरिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पलामू के जांबाज शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला, पुलवामा आतंकी हमले में शहीद गुमला के लाल विजय सोरेन को भी श्रद्धांजलि देते हुए जनसभा के समक्ष अपनी बात रखी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विगत चार महीनों से मैं पूरा देश घूमते हुए आज 260 वीं लोकसभा चुनाव क्षेत्र के रूप में पलामू आया हूँ। उत्तर-पश्चिम, पूरब-पश्चिम और पूरा नार्थ-ईस्ट- जहां भी मैं जाता हूं, सब जगह मोदी-मोदी ही सुनाई देता है। पूरे देश की जनता यह निर्णय करके बैठी है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से एक बार प्रधानमंत्री बनाने वाले हैं और यही निर्णय झारखंड और पलामू का भी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का निर्णय यूँ ही नहीं किया है बल्कि नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व सालों साल प्रतीक्षा के बाद इस देश को प्राप्त हुआ है। पिछले 20 सालों से, गुजरात के मुख्यमंत्री रहते और 5 साल प्रधानमंत्री रहते, 24 घंटों में 18 घंटे काम करने वाले नरेन्द्र मोदी ने एक भी दिन छुट्टी नहीं की । दूसरी ओर, महागठबंधन के नेता राहुल बाबा 2-3 माह में छुट्टी पर चले जाते हैं, इनकी पूरी पार्टी, सांसद-विधायक परेशान, माँ भी परेशान रहती हैं कि बिटुआ कहाँ चला गया। देश को नरेन्द्र मोदी के रूप में एक प्रामाणिक, संवेदनशील और निर्णायक फैसले लेने वाला प्रधानमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों में प्रधानमंत्री जी देश के 50 करोड़ गरीबों के कल्याण के लिए ढेर सारी योजनायें लेकर आये। मोदी सरकार आने के बाद पिछले 5 वर्षों में 7 करोड़ गरीबों के घर में मुफ्त में गैस कनेक्शन पहुंचाने, ढाई करोड़ गरीबों को घर देने, 8 करोड़ परिवारों के घर में शौचालय बनाकर महिलाओं को सम्मान दिलाने, 50 करोड़ गरीबों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रूपये तक खर्च देने, 2 करोड़ 35 लाख घरों में 70 साल बाद पहली बार बिजली पहुंचाने और आतंकवाद से देश को सुरक्षित करने का काम हुआ है। आयुष्मान योजना के तहत पिछले सिर्फ 4 माह में लगभग 23 लाख 52 हजार गरीबों के ऑपरेशन मुफ्त में हुए हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबी उन्मूलन की बात करती है। राहुल गाँधी अपने भाषणों में गरीबों की बात करते हैं, आज इन्हें गरीबों की याद आई है। मैं राहुल बाबा, लालू जी और हेमंत सोरेन से पूछना चाहता हूँ कि आपने इतने सालों तक शासन किया लेकिन आपने गरीबों के लिए क्या किया। गाँधी परिवार की 5 पीढ़ियों ने इस देश में शासन किया लेकिन गरीबों के लिए इन्होंने कुछ भी नहीं किया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मात्र 5 सालों में ही गरीबों के लिए वो काम कर दिखाए जो कांग्रेस ने 55 सालों में भी नहीं कर पाई। जब 2022 में देश की आजादी के 75 वें साल पूरे होंगे, देश के अन्दर एक भी व्यक्ति, एक भी परिवार ऐसा नहीं होगा जिसके पास घर, बिजली, गैस, पीने का पानी, शौचालय न हो और सभी के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि एक ओर, पिछले 5 सालों में एनडीए सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिए किये गए ठोस काम और दूसरी और विपक्ष के खोखले वादों के बीच देश की जनता को निर्णय करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न जन-कल्याणकारी कार्यों के अतिरिक्त नरेन्द्र मोदी ने जो सबसे महत्वपूर्ण काम किया है, वह है देश को सुरक्षित रखने के लिए किये गए कार्य। उन्होने देश के सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि 10 सालों तक देश में यूपीए की सरकार थी, अपने वोट बैंक के लिए इन्होंने देश की सुरक्षा को भी ताक पर रख दिया था। देश में आतंकी आकर जवानों का सर काटकर ले जाते थे, लेकिन तब की सरकार कुछ नहीं करती थी। मोदी सरकार बनने के बाद जब उरी हमला हुआ तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को ठिकाने लगाने का काम किया। इसके बाद भी पाकिस्तान सुधरा नहीं और पुलवामा हमला किया तो हमारे जवानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर एयर स्ट्राइक करके आतंकियों को मौत की नींद सुला कर बदला लेने का काम किया। एयर स्ट्राइक के बाद देश का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा। एयर स्ट्राइक के बाद एक ओर देश में उत्साह का माहौल था तो दूसरी ओर पाकिस्तान सहित राहुल गाँधी एंड कंपनी के कार्यालय में मातम छाया हुआ था। मैं राहुल गाँधी एंड कंपनी से पूछना चाहता हूँ कि पाकिस्तान के आतंकवादी मरे तो आपके चेहरे का नूर क्यों गायब हो गया? राहुल गाँधी के गुरु सैम पित्रोदा ने कहा कि कुछ लड़कों ने गलती की तो बम क्यों गिराया, पाकिस्तानी से बात करो, आतंकियों पर बम मत गिराओ लेकिन मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूँ कि जो देश हमारे 40 जवानों की जान ले ले, उनसे बात करनी चाहिए या बम गिराना चाहिए? कांग्रेस की आतंकवाद पर जो भी नीति रहे लेकिन मोदी सरकार की आतंकवाद के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति है। यदि पाकिस्तान से गोली आएगी तो यहाँ से गोला जाएगा, ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। देश की सुरक्षा से हम समझौता नहीं कर सकते। हमारे लिए माँ भारती की सुरक्षा चुनाव और वोट बैंक की राजनीति से कहीं ज्यादा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस पार्टी नेशनल कांफ्रेंस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है और राहुल गाँधी के साथी उमर अब्दुल्ला मांग करते हैं कि जम्मू-कश्मीर में भी अलग से प्रधानमंत्री होना चाहिए और जब सवाल पूछा जाता है तो राहुल गाँधी चुप रहते हैं, लालू यादव चुप रहते हैं और कांग्रेस के तमाम सहयोगी इस पर चुप्पी साध लेते हैं। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि जब तक भारतीय जतना पार्टी के एक भी कार्यकर्ता के शरीर में प्राण है, जम्मू-कश्मीर को भारत से कोई अलग नहीं कर सकता, जम्मू-कश्मीर भारत माता का मुकुट मणि है और नरेन्द्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर हम जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि ये महामिलावट वाले गठबंधन जो इकट्ठा हुए हैं, इनका एकमात्र मकसद भ्रष्टाचार करना है। चाहे केंद्र में हो या झारखंड मैं, इन्हें जब भी मौका मिला इन्होंने भ्रष्टाचार किया। झारखंड में तो इन्होंने एक रिकॉर्ड ही बना डाला, एक निर्दलीय विधायक को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाकर अरबों-खरबों रुपये ऐंठ लिए। झारखंड की गरीब जनता का करोड़ों रूपया कांग्रेस गटक गई। उन्होंने कहा कि झारखंड के पास इतना खनिज है कि पूरे देश को यह समृद्ध कर सकती है। झारखंड तो संपन्न है लेकिन यहाँ की जनता गरीब है। लेकिन झारखंड में रघुबर दास की सरकार बनने के बाद झारखंड के गाँव गाँव में विकास की बयार बहने लगी है। पलामू में 2400 करोड़ रूपये परिव्यय से उत्तर कोयल परियोजना-मंडल डैम प्रोजेक्ट की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किया जिससे 20,000 हेक्टेयर भूमि सिंचित होने वाली है, 5 ग्रामीण जल आपूर्ति योजना के तहत पलामू में 31,000 से ज्यादा घरों में पाइप लाईनों के जरिये स्वच्छ पेय जल पहुंचाने का काम किया गया। 360 करोड़ की लागत से 15 वृहद् ग्रामीण पाइप लाइन जल आपूर्ति योजना चल रही है जिससे 3 लाख 29 हजार परिवारों को स्वच्छ पेय जल उपलब्ध हो पाएगी। जिस पलामू में कोई मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज नहीं था, वहां मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का काम भाजपा सरकार ने किया। सिर्फ पलामू जिले में 2 लाख 91 हजार घरों में आजादी के 70 सालों बाद पहली बार बिजली पहुंचाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। 500 बेड की क्षमता वाला अस्पताल खोला गया। नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय खोला गया। सोन नदी जल पाइप लाइन योजना बनायी गयी। सिर्फ पलामू में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 60,000 गरीबों को घर देने का काम किया गया। शहीद ग्राम योजना के तहत नीलाम्बर-पीताम्बर के गाँव को विकसित कर विश्व के नक़्शे पर रखने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया। 35 लाख से ज्यादा झारखंडवासियों को चार साल में नौकरी देने का काम झारखंड की भाजपा सरकार ने किया। झारखंड का कृषि विकास दर जो कभी 4 प्रतिशत रहा करता था उसे बढ़ाकर 19 प्रतिशत करने का काम झारखंड की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राहुल बाबा एंड कंपनी पूछती है कि आपने पांच सालों में क्या किया? नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले 5 सालों में युवाओं, गरीबों, आदिवासियों, महिलाओं, किसानों, गाँवों और शहरों के लिए 133 योजनायें लेकर आई है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि अगले पांच साल में किसानों को मिलने वाले लोन पर कोई ब्याज नहीं लिया जायेगा। इसके साथ ही छोटे-बड़े सभी किसानों को 6,000 रुपये सालाना किसान सम्मान निधि के तहत दिए जाएंगे। भाजपा सरकार किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज देगी। जो किसान 60 वर्ष के हो जायेंगे उन्हें पेंशन भी मोदी सरकार देगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसानों को पेंशन मिलेगी। छोटे किसानों और छोटे व्यापारियों को भी भाजपा सरकार पेंशन देगी। छोटे व्यापारियों को दस लाख रुपए तक का इंश्योरेंस देने का काम भी भाजपा करेगी। 5 लाख से कम आय वालों को कर छूट और जिन व्यापरियों का टर्नओवर 40 लाख तक का है उनकी जीएसटी भी माफ की गयी है। आदिवासियों की वन उपज को सरकारी लघुत्तम भाव से खरीदने का काम भारतीय जनता पार्टी करने वाली है

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के सभी दल नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट हैं तो दूसरी ओर महामिलावट वाली राहुल बाबा एंड कंपनी है। जब महागठबंधन के नेताओं से पूछा जाता है कि आपके प्रधानमंत्री के प्रत्याशी कौन हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता है। श्री शाह ने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा कि यह महामिलावट वाला जो गठबंधन है, उसे बहुमत मिला तो देश कैसे चलेगा? जब उनको बहुमत मिलेगी तो उनकी योजना है कि सोमवार को मायावती, मंगलवार को लालू यादव, बुधवार को अखिलेश यादव, गुरुवार को देवगौड़ा जी, शुक्रवार को चन्द्रबाबू नायडू, शनिवार को बहन ममता बनर्जी प्रधानमंत्री बनेंगीं और रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा। क्या इस तरह देश कभी चलता है? उन्होंने कहा कि देश को एक निर्णायक विश्व में सम्मान दिलाने वाला नेतृत्व चाहिए और वो नेतृत्व एकमात्र नेता नरेन्द्र मोदी ही प्रदान कर सकते हैं। पिछले 5 वर्षों में मोदी जी ने जिस कुशलतापूर्वक सरकार चलाई है, देश की जनता फिर से, लम्बे समय तक मोदी जी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और पूरी दुनिया में इस दौरान देश का सम्मान बढ़ा है। देश को सुरक्षित रखना और महाशक्ति बनाना है तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार लानी पड़ेगी, नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना पड़ेगा।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: