Union Home Minister and Minister of Cooperation Shri Amit Shah distributes appointment letters for government jobs to the families affected by the cross-border attack in Poonch, Jammu and Kashmir

Press | May 30, 2025

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज जम्मू और कश्मीर के पुंछ में सीमापार से हुए हमले से पीड़ित परिजनों को नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए


पाकिस्तान द्वारा पुंछ के रिहायशी इलाकों, मंदिरों, गुरुद्वारों और मदरसों पर हुए कायराना हमलों के पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ

मोदी सरकार विपरीत समय में जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है

पाकिस्तान द्वारा हमारे रिहायशी इलाकों और निहत्थे नागरिकों पर किए हमले का हमने उनके अनेक एयरबेस और निगरानी प्रणाली को क्षतिग्रस्त कर करारा जवाब दिया

मोदी सरकार ने सीमांत क्षेत्रों में जो 9,500 से अधिक बंकर बनाए उनके कारण हाल के हमलों में नागरिकों की जान बचाने में बहुत मदद मिली

पहलगाम आतंकी हमले के बाद जो देशभक्ति का जज्बा जम्मू-कश्मीर के नागरिकों ने दिखाया, उससे पूरे देश का संबल बढ़ा है

मोदी जी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा नीति स्पष्ट है, भारत की सेना, नागरिकों और सीमा पर किसी भी प्रकार की छेड़खानी सहन नहीं होगी

मोदी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति से लिए गए निर्णय, हमारी एजेंसियों की सटीक सूचना और सेना के अद्भुत साहस और अचूक मारक क्षमता के कारण सैकड़ों आतंकवादी हताहत हुए

मुआवजे और सरकारी नौकरी से जो क्षति हुई है उसकी परिपूर्ति नहीं हो सकती लेकिन ये सरकार और देश की जनता की भावनाओं का एक प्रतीक है

पुंछ में लोगों के घरों व व्यापारिक संस्थानों को हुए नुकसान के लिए भारत सरकार आने वाले कुछ दिनों में इसके लिए एक पैकेज लाएगी


केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज जम्मू और कश्मीर के पुंछ में सीमापार से हुए हमले से पीड़ित लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपालश्री मनोज सिन्हा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तिउपस्थित थे।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने पाकिस्तान द्वारा पुंछ के रिहायशी इलाकों, मंदिरों, गुरुद्वारों और मदरसों पर हुए कायराना हमलों के पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा निंदनीय हमले में हताहत हुए लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का कार्यक्रम आज यहां आयोजित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुआवज़े और सरकारी नौकरी से जीवन में हुई क्षति की परिपूर्ति नहीं हो सकती लेकिन यह जम्मू और कश्मीर सरकार, भारत सरकार और पूरे देश की जनता की भावनाओं का एक प्रतीक है। श्री शाह ने कहा कि पूरा देश इस समय आपके साथ चट्टान की तरह खड़ा है। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभक्ति का जो जज़्बा जम्मू और कश्मीर के नागरिकों में घाटी से लेकर पुंछ और कठुआ तक उभर कर आया उससे पूरे देश की जनता का संबल बढ़ा है।

श्री अमित शाह ने कहा कि पहलगाम में निर्दोष यात्रियों पर कायराना आतंकी हमला हुआ और उसके बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की आतंकवादी हमले का जवाब तत्परता और कठोरता से देने की नीति के तहत हमने पाक ऑक्युपाइड कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में आतंकी अड्डों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि पहली बार भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान की सीमा के अंदर स्थित आतंकी संगठनों के हेडक्वार्टर को ध्वस्त कर दिया। भारत की जनता की ओर से करारे जवाब के रूप में प्रधानमंत्री मोदी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति से लिए गए निर्णय, हमारी एजेंसियों की सटीक सूचना और सेना के अद्भुत साहस और अचूक मारक क्षमता के कारण सैकड़ों की संख्या में आतंकवादी हताहत हुए। श्री शाह ने कहा कि भारत ने आतंकियों पर हमला किया था लेकिन पाकिस्तान ने इसे खुद पर हमला माना और पूरी दुनिया के सामने सच आ गया कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह दे रहा है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के एक भी सैन्य या नागरिक संस्थानपर हमला नहीं किया और भारतीय सेनाओं ने बेहद सटीक तरीके से संयम बरतते हुए पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी अड्डों को तहस नहस कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकी अड्डो पर किए गए हमलों के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने भारत में जम्मू और कश्मीर में रिहायशी इलाकों में गोलीबारी की और जिसका सबसे ज़्यादा नुकसान पुंछ में हुआ। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पुंछ के साथ-साथ सभी रिहायशी इलाकों, मंदिरों, गुरुद्वारों और मदरसों पर भी गोलीबारी की। श्री शाह ने कहा कि आज पूरी दुनिया पाकिस्तान द्वारा नागरिकों पर किए गए हमले की घोर निंदा कर रही है। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान ने हमारे रिहायशी इलाकों और निहत्थे नागरिकों पर हमला किया तब भारतीय सेना ने उनके 9 एयरबेस औऱ मारकक्षमता को क्षतिग्रस्त कर एक मज़बूत जवाब दिया जिसके कारण उन्हें समझौते के लिए आगे आना पड़ा।

श्री अमित शाह ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सुरक्षा नीति को पूरी दुनिया के सामने घटनाओं के आधार पर जाहिर करने वाला रहा कि भारतअपनी सेना, नागरिकों और सीमा पर किसी भी प्रकार का आक्रमण सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पुंछ में कई लोगों के घर और कई व्यापारिक संस्थान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार आने वाले कुछ दिनों में इसके लिए एक पैकेज लाएगी।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि जम्मू और कश्मीर का विकास रूकेगा और थमेगा नहीं और 2014 मेंजिस गति से विकास की शुरूआत हुई थी, वह गति जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं और सुरक्षाबल हर हमले का जवाब देने में पूरी तरह से सक्षम हैं। श्री शाह ने कहा कि इस दौरान पूरा जम्मू कश्मीर प्रशासन हर पल जनता के साथ खड़ा था। प्रशासन ने तत्काल हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया और निश्चित रूप से इससे हमारी क्षति बहुत कम हुई। श्री शाह ने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद तुरंत बकर बनाने का निर्णय लिया था और हमारे सीमांत क्षेत्रों में लगभग 9500 से अधिक बंकर बनाए गए जिससे हमारे नागरिकों की जान बचाने में बहुत मदद मिली। गृह मंत्री ने कहा कि भारत सरकार और अधिक बंकर बनाएगी जिससे आपदा के समय हमारे नागरिकों को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत सरकार जम्मू और कश्मीर के नागरिकों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्रीमोदी जी ने बहुत स्पष्ट कर दिया है कि TERROR और TALKS, TERROR और TRADE एक साथ नहीं चल सकते और खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जम्मू और कश्मीर में 2014 में विकास की जो यात्रा शुरू हुई थी, वह आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।


TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: