Press, Share | May 31, 2016
Tuesday, 31 May 2016
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह द्वारा उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में आयोजित सरदार पटेल किसान महासम्मेलन में दिए गए संबोधन के मुख्य बिंदु
प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने दो साल में इतना काम करके दिखाया है जितना कांग्रेस अपने 60 वर्षों के कार्यकाल में नहीं कर पाई: अमित शाह
*************
कांग्रेस की यूपीए सरकार घोटालों की सरकार थी, 10 साल में यूपीए सरकार ने अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक कुछ नहीं छोड़ा, हर जगह घोटाले और भ्रष्टाचार किये: अमित शाह
*************
हमारी सरकार के सत्ता में आये अभी दो वर्ष हुए हैं, लेकिन हमपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लग सका है: अमित शाह
*************
प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने दिखाया है कि भ्रष्टाचार के बिना सरकार कैसे चलाई जाती है: अमित शाह
*************
हमने देश के हर किसानों के फसलों का खेत से लेकर खलिहान तक का बीमा करने का काम किया है: अमित शाह
*************
मोदी सरकार ने 2022 तक देश के किसानों की इनकम को दुगुना करने का लक्ष्य रखा है ताकि देश के किसान समृद्ध और खुशहाल रहें: अमित शाह
*************
उत्तर प्रदेश को सपा-बसपा के द्वंद्व से बाहर निकालना होगा: अमित शाह
*************
यदि उत्तर प्रदेश सपा और बसपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी से मुक्त हो जाए तो उत्तर प्रदेश देखते-ही-देखते देश का सबसे विकसित और समृद्ध राज्य बन जाएगा: अमित शाह
*************
यदि उत्तर प्रदेश को भाजपा शासित राज्यों की तरह ही विकसित और समृद्ध बनाना है तो केंद्र की तरह ही राज्य में भी भाजपा को शत-प्रतिशत अधिकार देना होगा और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी होगी: अमित शाह
*************
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह ने आज, मंगलवार को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में आयोजित सरदार पटेल किसान महासम्मेलन को संबोधित किया और प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार की गाँव, गरीब और किसानों की भलाई के लिए लागू की गई प्रभावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अभी-अभी केंद्र में प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में हमारी सरकार के दो वर्ष पूरे हुए हैं और विकास पर्व के माध्यम से हमारे सभी मंत्री, सांसद और संगठन अधिकारी देश के कोने-कोने में जाकर जनादेश का सम्मान करते हुए जनता को अपने कामकाज का हिसाब दे रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष, श्री राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए श्री शाह ने कहा कि जिस कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार के शासनकाल में केवल घोटाले और भ्रष्टाचार हुए, जिस सरकार में प्रधानमंत्री के पास कोई कार्य शक्ति ही नहीं थी, आज वह मोदी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने दो साल में इतना काम करके दिखाया है जितना कांग्रेस अपने 60 वर्षों के कार्यकाल में नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि आज हर मुश्किल परिस्थिति में हमारे प्रधानमंत्री किसानों, युवाओं एवं मजदूरों के साथ खड़े रहते हैं और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए और हर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहते हैं।
यूपीए सरकार के 10 वर्षों के कुशासन और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार घोटालों की सरकार थी, 10 साल में यूपीए सरकार ने अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक कुछ नहीं छोड़ा, हर जगह घोटाले और भ्रष्टाचार किये। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के भी सत्ता में आये दो वर्ष पूरे हुए हैं, लेकिन हमपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लग सका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने दिखाया है कि भ्रष्टाचार के बिना सरकार कैसे चलाई जाती है।
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले दो वर्षों से लगातार गाँव, गरीब और किसानों की भलाई के लिए अनवरत कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के 60 वर्षों बाद भी देश की 60 करोड़ की आबादी के पास बैंक अकाउंट तक नहीं था, हमारी सरकार के 2 साल के शासनकाल में ही 21 करोड़ लोगों के बैंक अकाउंट खोले गए। उन्होंने कहा कि इन दो वर्षों में लगभग 3.75 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया के माध्यम से रोजगारी मुहैय्या कराई गयी। उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सपा सरकार की उदासीनता के चलते उतनी सफल नहीं हो पा रही। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, श्री अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अखिलेश जी, हमारी योजनाओं को आप जितना रोकना चाहें, रोक लें लेकिन यह बात निश्चित है कि 2017 में उत्तर प्रदेश से आपकी सरकार का जाना तय है। उन्होंने कहा कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का निर्णय उत्तर प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 65 वर्षों बाद भी देश के 18000 गाँव अँधेरे में जीने को विवश थे, हमारी सरकार ने पिछले एक साल में ही लगभग 8000 गाँवों में बिजली पहुंचाने का काम पूरा कर लिया है और 2018 तक हम उत्तर प्रदेश समेत देश के हर गाँवों तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा कर लेंगें, ऐसा मुझे विश्वास है।
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की सरकार है। उन्होंने कहा कि पहले फसल बीमा किसानों तक पहुँच ही नहीं पाती थी, तिसपर कीपिंग, हाई प्रीमियम और कई लिमिटेशंस के चलते किसान फसल बीमा योजना का लाभ ही नहीं उठा पाते थे जबकि हमने देश के हर किसानों के फसलों का खेत से लेकर खलिहान तक का बीमा करने का काम किया है। श्री शाह ने कहा कि इसके अलावे हमने प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, स्वायल हेल्थ कार्ड, नीम कोटेड यूरिया, ई-मंडी, गोकुल मिशन इत्यादि के माध्यम से देश के किसानों को सशक्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 2022 तक देश के किसानों की इनकम को दुगुना करने का लक्ष्य रखा है ताकि देश के किसान समृद्ध और खुशहाल रहें।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब सपा आती है तो राज्य में गुंडई आती है, सपा को निकालने के लिए जब उत्तर प्रदेश की जनता वोट करती है तो बसपा आ जाती है, जब बसपा आती है तो उसके साथ राज्य में भ्रष्टाचार और गुंडई दोनों आ जाती है, जब जनता बसपा को निकालने के लिए वोट करती है तो फिर से सपा राज्य की सत्ता पर काबिज हो जाती है। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को सपा-बसपा के द्वंद्व से बाहर निकालना होगा। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सपा और बसपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी से मुक्त हो जाए तो उत्तर प्रदेश देखते-ही-देखते देश का सबसे विकसित और समृद्ध राज्य बन जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में जहां-जहां भी भाजपा सरकारें हैं, वहां-वहां हमने विकास की नई कहानी लिखी है, विकास कैसे होता है, यह हमने करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश को भाजपा शासित राज्यों की तरह ही विकसित और समृद्ध बनाना है तो केंद्र की तरह ही राज्य में भी भाजपा को शत-प्रतिशत अधिकार देना होगा और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी होगी। उन्होंने सभा में उपस्थित विशाल जन समुदाय का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब 2017 में उत्तर प्रदेश को सपा और बसपा से मुक्त बनाने के लिय कमर कस लें और प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए तैयार हो जाएँ।