SALIENT POINTS : SPEECH BY BJP NATIONAL PRESIDENT, SHRI AMIT SHAH ADDRESSING KANPUR & BUNDELKHAND KSHETRIYA BOOTH SAMMELAN IN KANPUR, UTTAR PRADESH

Press, Share | Jun 04, 2016

Saturday, 04 June 2016

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह द्वारा उत्तर प्रदेश के कानपुर में क्षेत्रीय बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में दिए गए संबोधन के मुख्य बिंदु

मुझे यह कहने में कोई झिझक नहीं कि देश की सबसे खराब क़ानून-व्यवस्था उत्तर प्रदेश की है: अमित शाह
*************
सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजाक बना कर रख दिया है: अमित शाह
*************
यदि नेताजी में थोड़ी-सी भी नैतिकता है तो शिवपाल यादव से तुरंत इस्तीफा ले लेना चाहिए: अमित शाह
*************
सरकार में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज़ नहीं रह गयी है, इस सरकार में लॉ एंड आर्डर का मतलब है - लो और आर्डर दो: अमित शाह
*************
उत्तर प्रदेश में अखिलेश सरकार को एक क्षण भी सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है: अमित शाह
*************
राज्य की जनता सपा-बसपा के खेल से बाहर निकले और प्रदेश के विकास के लिए एवं राज्य के जनता की भलाई के लिए पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाए: अमित शाह
*************
मोदी सरकार से सवाल पूछने से पहले राहुल गांधी को अपने यूपीए सरकार के 10 वर्षों के शासनकाल का हिसाब देना चाहिए: अमित शाह
*************
धरती, आकाश, जमीन, पानी, पाताल - कांग्रेस ने हर जगह हर तरह के घोटाले किये: अमित शाह
*************
प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में देश से भ्रष्टाचार को जड़ से ख़त्म करने का काम किया है: अमित शाह
*************
सत्ता में आने के बाद पहले ही दिन प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि यह सरकार दलितों, पिछड़ों एवं गरीबों की सरकार है और पिछले दो वर्षों में हमने ऐसा करके दिखाया है: अमित शाह
*************
हमने जनता के पैसे को जनता के हाथों में पहुंचाने का काम किया है। देश के गरीबों के आंसू पोछने का काम प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने किया है: अमित शाह
*************
सपा, बसपा और कांग्रेस ने 60 सालों में दलितों, गरीबों और किसानों के लिए आखिर किया ही क्या है: अमित शाह
*************
हमने दलित युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाने का सपना देखा है: अमित शाह
*************
सपा-बसपा ने कभी भी देश के दलित, पिछड़े, युवा और किसानों की चिंता की ही नहीं और कांग्रेस का तो ऐसा कोई इरादा ही नहीं रहा: अमित शाह
*************
गरीबों के पैसे सैफई महोत्सव में नाच-गाने पर तो लुटाए जाते हैं लेकिन प्रदेश के गरीबों की भलाई में नहीं लगाए जाते: अमित शाह
*************
न तो कांग्रेस, न सपा और न ही बसपा ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के लिए कुछ किया, इन्होंने बस वोट पाने के लिए बाबा साहब के नाम का इस्तेमाल किया: अमित शाह
*************
दलितों, पिछड़ों और गरीबों की भलाई के लिए किसी सरकार ने काम किया है तो वह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार है: अमित शाह
*************

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह ने आज, शनिवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में क्षेत्रीय बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया और उत्तर प्रदेश की बदहाली के लिए राज्य की सपा सरकार और केंद्र में लगभग 60 वर्षों से भी अधिक समय तक सत्ता में रहनेवाली कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

उत्तर प्रदेश की बदतर कानून-व्यवस्था के लिए प्रदेश की अखिलेश सरकार पर करारा प्रहार करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे यह कहने में कोई झिझक नहीं कि देश की सबसे खराब क़ानून-व्यवस्था उत्तर प्रदेश की है। मथुरा में हिंसा को लेकर उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए श्री शाह ने कहा की सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजाक बना कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि दिन दहाड़े दो पुलिस अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है और मंत्री सचिवालय में बैठ कर अधिकारियों को गोली चलाने का आदेश नहीं देते। सपा मुखिया श्री मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि नेताजी में थोड़ी-सी भी नैतिकता है तो शिवपाल यादव से तुरंत इस्तीफा ले लेना चाहिए।

श्री शाह ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार को गुंडागर्दी की सरकार बताते हुए उसपर जोरदार हमला करते हुए कहा कि सरकार में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज़ नहीं रह गयी है, इस सरकार में लॉ एंड आर्डर का मतलब है - लो और आर्डर दो। श्री शाह ने कहा कि ये सरकार चाचा भतीजे की सरकार है। उन्होंने कहा कि बालू खनन पर इन्होंने पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को लूटा है। श्री शाह ने कहा कि यूपी की जनता सपा-बसपा, बसपा-सपा के खेल से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब सपा सरकार आती है तो प्रदेश में गुंडागर्दी आती है और जब बसपा की सरकार आती है तो गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार दोनों आती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य की जनता सपा-बसपा के खेल से बाहर निकले और प्रदेश के विकास के लिए एवं राज्य के जनता की भलाई के लिए पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाए।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार से सवाल पूछने से पहले राहुल गांधी को अपने यूपीए सरकार के 10 वर्षों के शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि धरती, आकाश, पानी, पाताल - कांग्रेस ने हर जगह, हर तरह के घोटाले किये। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई जगह नहीं छोड़ी गई जहां कांग्रेस, सपा और बसपा ने घोटाले न किये हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में देश से भ्रष्टाचार को जड़ से ख़त्म करने का काम किया है, हमने देश को एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हमने जनता के पैसे को जनता के हाथों में पहुंचाने का काम किया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने के बाद पहले ही दिन प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि यह सरकार दलितों, पिछड़ों एवं गरीबों की सरकार है और पिछले दो वर्षों में हमने ऐसा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो भी योजनाएं लागू की हैं उसका सबसे ज्यादा फायदा दलितों और पिछड़ों को ही मिलनेवाला है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक देश के हर नागरिक का फ्री स्वास्थ्य बीमा कर दिया जाएगा और इसका भी सबसे ज्यादा लाभ दलितों, शोषितों और वंचितों को ही मिलने वाला है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने गरीबों की योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने में सफलता पाई है। उन्होंने कहा कि आजादी के 60 सालों बाद भी देश की 60% आबादी के पास अपना कोई बैंक खाता नहीं था, हमने पिछले दो सालों में ही लगभग 27 करोड़ से ज्यादा परिवारों को सीधे बैंकों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में ही मोदी सरकार ने एक करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को फ्री गैस कनेक्शन देने का काम किया है, आजादी के 60 साल बाद भी जिन 18000 गाँवों में बिजली तक नहीं थी, हमने इतने कम समय में ही लगभग 8000 से अधिक गाँवों तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा कर लिया है, मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए सबसे ज्यादा धन आवंटित किया है। उन्होंने कहा कि देश के गरीबों के आंसू पोछने का काम प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने किया है।

श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार चाहिए, अच्छी शिक्षा चाहिए लेकिन अखिलेश सरकार का ध्यान इस तरफ है ही नहीं, जबकि केंद्र की मोदी सरकार हर 15 दिन में एक नया इनिशिएटिव लांच करके देश की दशा और दिशा को बदलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड स्कीम, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी जनोपयोगी योजनाओं ने लोगों के जीवन में व्यापक पैमाने पर बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि लेकिन ये सारी योजनाएं यूपी की जनता तक पहुँच नहीं पाई है क्योंकि इन योजनाओं के बीच में अखिलेश सरकार आ जाती है। अखिलेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए श्री शाह ने कहा कि अखिलेश यादव को डर है कि यदि सारी योजनाएं जनता तक पहुँच गई तो उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी सरकार का पत्ता साफ़ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सब समझती है, सपा सरकार का पत्ता वैसी भी साफ होने वाला है, मोदी सरकार ने काम ही इस तरह से किया है कि 2017 के विधान सभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश सरकार को मूल समेत उखाड़ कर फेंक देगी।

2015 में केंद्र की मोदी सरकार द्वारा अर्जित सफलताओं की विस्तार से चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं के मूल में देश के दलित, पिछड़े, मजदूर, किसान और युवा ही हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि आप लोगों ने 60 सालों में दलितों, गरीबों और किसानों के लिए आखिर किया ही क्या है? उन्होंने कहा कि किसानों के लिए हमने प्रधानमंत्री फसल बीमा, स्वायल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, नीम कोटेड यूरिया, सूखा-बाढ़ में त्वरित सहायता, गोकुल मिशन इत्यादि कई योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा की देश से बेरोजगारी को दूर करने के लिए हमने स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्किल इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि हमने देश के हर राष्ट्रीय बैंक के हर ब्रांच से कम-से-कम एक दलित को स्वरोजगार के लिए लोन देने का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि हमने दलित युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाने का सपना देखा है। श्री शाह ने कहा कि सपा-बसपा ने कभी भी देश के दलित, पिछड़े, युवा और किसानों की चिंता की ही नहीं और कांग्रेस का तो ऐसा कभी कोई इरादा ही नहीं रहा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गरीबों के पैसे सैफई महोत्सव में नाच-गाने पर तो लुटाए जाते हैं लेकिन प्रदेश के गरीबों की भलाई में नहीं लगाए जाते। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश सरकार को एक क्षण भी सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष ने भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम पर सिर्फ राजनीति करनेवालों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों के समय बाबा साहब का नाम लेना फैशन बन गया है। उन्होंने कांग्रेस को कठघड़े में खड़ा करते हुए कहा कि बाबा साहब को संसद में पहुँचने से रोकने के लिए कांग्रेस ने हर-संभव कोशिश की, उन्हें भारत रत्न के सम्मान से महरूम रखा गया, जब श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्त्व में केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तब हमने बाबा साहब को भारत रत्न सम्मान से नवाजा। उन्होंने कहा कि उनकी जन्म स्थली मऊ (मध्य प्रदेश), शिक्षण स्थली लंदन, संकल्प भूमि बड़ोदरा (गुजरात) और परिनिर्वाण भूमि, दिल्ली में स्मारक बनाने का काम भाजपा की सरकार ने किया, इतना ही नहीं, चिंचोली में संग्रहालय और दिल्ली में अंबेडकर प्रतिष्ठान की स्थापना की गई। संसद के अंदर बाबा साहब के तैल चित्र को लगाया गया और बाबा साहब की 125वीं जन्म जयन्ती पर सिक्का लाने का काम भी केंद्र की मोदी सरकार ने ही किया। श्री शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक करने का काम किया और बाबा साहब ने संविधान के द्वारा देश की एकता को निरन्तर अक्षुण्ण बनाये रखने की आधारशिला रखी लेकिन न तो कांग्रेस, न सपा और न ही बसपा ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के लिए कुछ किया, इन्होंने बस वोट पाने के लिए बाबा साहब के नाम का इस्तेमाल किया।

श्री शाह ने कहा कि अगर देश के दलितों, पिछड़ों और गरीबों की भलाई के लिए किसी सरकार ने काम किया है तो वह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य देश के दलितों, पिछड़ों और गरीबों को समाज के मुख्यधारा से जोड़ना है और हम इसी ध्येय के साथ 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर अनवरत काम कर रहे हैं।

श्री शाह ने 30 वर्षों बाद पहली बार केंद्र में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनाने पर उत्तर प्रदेश की जनता को सारा श्रेय दिया और उनका आभार प्रकट किया। विदेशों में श्री नरेंद्र मोदी जी को मिलने वाले सम्मान पर उन्होंने कहा कि यह देश के 125 करोड़ देशवासी का सम्मान है, यह उत्तर प्रदेश की जनता का सम्मान है।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: