Press, Share | May 28, 2016
Saturday, 28 May 2016
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा जंगलीघाट, पोर्ट ब्लेयर की रैली में दिए गए संबोधन के मुख्य अंश
जिन वीर क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए हँसते-हँसते अपने प्राणों की आहुति दे दी, उन सबके प्रतीक वीर सावरकार की दिव्य ज्योति देश भर के वीर जांबाजों के लिए अदम्य प्रेरणा का स्रोत बनने का काम करेगी: अमित शाह
*************
प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में इन दो वर्षों में हमने देश को एक निर्णायक सरकार देने का काम किया है: अमित शाह
*************
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की मोदी सरकार देश के विकास के लिए और विकास के दौर में पीछे छूट गए लोगों को समाज के मुख्यधारा में लाने के लिए एक विजन के साथ काम कर रही है: अमित शाह
*************
कांग्रेस ने अपने 10 वर्षों के यूपीए सरकार के दौरान देश की अर्थव्यवस्था को बदहाल करके अटल जी के समय शुरू हुई देश के नवनिर्माण की विकास यात्रा को बर्बाद करके रख दिया था: अमित शाह
*************
मोदी जी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक सुधारों का ही नतीजा है कि आज दुनिया फिर से यह मानने लगी है कि 21वीं सदी भारत की सदी है: अमित शाह
*************
मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है, यहाँ तक कि विरोधी भी हमपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सके हैं: अमित शाह
*************
हमने हर 15 दिन में एक नई योजना की शुरुआत की और इन योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर इम्प्लीमेंट करने पर ध्यान केन्द्रित किया: अमित शाह
*************
आर्थिक मोर्चे पर हमने सफलता के कई नए आयाम स्थापित किये: अमित शाह
*************
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह ने आज प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व के केंद्र की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे ’विकास पर्व' कार्यक्रम के तहत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी वीर सावरकर की जन्मतिथि के शुभ अवसर पर पोर्ट ब्लेयर, अंडमान निकोबार के जंगलीघाट में आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित किया और मोदी सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिन वीर क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए पोर्ट ब्लेयर के सेल्युलर जेल में कालापानी की सजा काटते हुए हँसते-हँसते अपने प्राणों की आहुति दे दी, उन सबके प्रतीक वीर सावरकार की दिव्य ज्योति देश भर के वीर जांबाजों के लिए अदम्य प्रेरणा का स्रोत बनने का काम करेगी।
श्री शाह ने कहा कि इन दो वर्षों में हमने देश को एक निर्णायक सरकार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हर सरकार का यह दायित्त्व होता है कि वह अपने कामकाज का हिसाब जनता को दे, लेकिन हिसाब देना तो दूर, कांग्रेस ने अपने 10 वर्षों के यूपीए सरकार के दौरान देश की अर्थव्यवस्था को बदहाल करके अटल जी के समय शुरू हुई देश के नवनिर्माण की विकास यात्रा को बर्बाद करके रख दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश की जनता में घोर निराशा का माहौल था, दिन-पर-दिन भ्रष्टाचार और घोटाले के नए-नए मामले सामने आते रहते थे, आम नागरिक सुरक्षित नहीं था, अपने प्राणों की बाजी लगाकर देश की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहनेवाले देश के जवान अपने आप को अपमानित महसूस कर रहे थे जबकि हमने इन दो वर्षों में हर समस्या का समाधान करने की दिशा में त्वरित कदम उठाये हैं और उनका क्रियान्वयन किया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक सुधारों का ही नतीजा है कि आज दुनिया फिर से यह मानने लगी है कि 21वीं सदी भारत की सदी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने देश से गरीबी उन्मूलन, बेरोजगारी की समस्या का निदान और किसानों, मजदूरों एवं युवाओं की समस्या के दीर्घकालिक निदान के लिए कई गंभीर प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि इन दो वर्षों में केंद्र की मोदी सरकार ने अहर्निश भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए अथक परिश्रम किया है और व्यवस्था में परिवर्तन लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के यूपीए सरकार के समय प्रधानमंत्री को तो कोई प्रधानमंत्री मानता ही नहीं था, भ्रष्टाचार और घोटाले आये दिन अखबारों की सुर्खियाँ बनती थी, जबकि प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है, यहाँ तक कि विरोधी भी हमपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सके हैं।
श्री शाह ने कहा कि हमने गरीबों को सशक्त करने के लिए सबसे पहले प्रधानमंत्री योजना के माध्यम से उनका जन-धन अकाउंट ओपन करवाया, जीवन ज्योति बीमा, जीवन सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना के माध्यम से उन्हें सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान किया, स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से उनके हेल्थ को संवारने का काम किया, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से हर गरीब के घर में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को सस्ते मकान मुहैय्या करने की योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इसी तरह गाँवों के विकास के लिए हमने हर ग्राम पंचायत के लिए अलग से बजट का निर्धारण किया, गाँवों को पक्की सड़कों से जोड़ने की योजना शुरू की और सांसद आदर्श ग्राम योजना के द्वारा गाँवों को स्मार्ट बनाने के कांसेप्ट को लागू किया। श्री शाह ने कहा कि बेरोजगारी को दूर करने के लिए हमने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्किल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया और स्टैंड अप इंडिया योजना की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि किसानों की भलाई के लिए हमने ‘सुरक्षित फसल, समृद्ध किसान' की दिशा में ठोस पहल करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू की, हर खेत को पानी देने के लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना को इम्प्लीमेंट किया और स्वायल हेल्थ कार्ड और ई-मंडी जैसे इनिशिएटिव की शुरुआत की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने देश के गाँव, गरीब, किसान, पिछड़े, दलित, युवा और मजदूरों के लिए अनगिनत योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि हमने हर 15 दिन में एक नई योजना की शुरुआत की और इन योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर इम्प्लीमेंट करने पर ध्यान केन्द्रित किया। उन्होंने कहा कि खुद प्रधानमंत्री हर 15 दिन में इन योजनाओं की मोनिटरिंग करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने देश में माहौल बदला है और विकास की रफ़्तार को तेज गति देने का काम किया है।
श्री शाह ने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर हमने सफलता के कई नए आयाम स्थापित किये, भारत लगातार दुनिया की तेज गति से विकास करनेवाली अर्थव्यवस्था बनी हुई है, साथ ही भ्रष्टाचार को जड़ से ख़त्म करने का गंभीर प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि 2015 कई मायनों में अव्वल रहा, हमने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किये। उन्होंने कहा कि 2015 में भारत में अब तक का सबसे ज्यादा यूरिया खाद का उत्पादन हुआ, सबसे ज्यादा मिश्रित ईंधन के रूप में एथेनोल का उत्पादन हुआ, सबसे ज्यादा घरेलू गैस कनेक्शन जारी किए गए, सबसे ज्यादा कोयले का उत्पादन हुआ, सबसे ज्यादा बिजली उत्पादन हुआ, बंदरगाहों से अब तक की सबसे ज्यादा मात्रा में सामान की आवाजाही हुई, सबसे ज्यादा रेलवे पूंजी लागत में बढ़ोत्तरी हासिल की गई, सबसे ज्यादा किलोमीटर नए राजमार्ग की ख्याति अर्जित की गई, सबसे ज्यादा मोटर गाड़ी का उत्पादन किया गया, सबसे ज्यादा सॉफ्टवेयर का निर्यात किया गया और सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार अर्जित किया गया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार के शासन के समय विश्व पटल पर भारत की भूमिका सीमित हो गई थी जबकि आज दुनिया भर में हमारे प्रधानमंत्री को जबर्दश्त मान-सामान हासिल हो रहा है, आज दुनिया भारत को आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि यह मान-सम्मान प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी का सम्मान नहीं है, यह मान-सम्मान भारतीय जनता पार्टी का भी नहीं है, यह मान-सम्मान देश के 125 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की मोदी सरकार देश के विकास के लिए और विकास के दौर में पीछे छूट गए लोगों को समाज के मुख्यधारा में लाने के लिए एक विजन के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने दो वर्षों में काफी कुछ किया है, पर अभी काफी कुछ करना बांकी है। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में हम अपने किये गए सारे वादों को पूरा कर देश की जनता के सामने अपने काम को लेकर जायेंगें और मुझे विश्वास है कि जनता फिर से हमने भरी बहुमत से विजयी बनायेगी।