Press, Share | Apr 13, 2016
Wednesday, 13 April 2016
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु में की गई प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु
मोदी सरकार गाँव, गरीब, किसान, युवा और मजदूरों के कल्याण के प्रति समर्पित है: अमित शाह
*************
डीएमके, एआईएडीएमके और कांग्रेस के भ्रष्टाचार के कारण ही एक मजबूत विकास की संभावनाओं वाला प्रदेश आज विकास के दौर में काफी पीछे है: अमित शाह
*************
भाजपा केवल विकास की राजनीति में विश्वास करती है: अमित शाह
*************
हमारी केंद्र सरकार के भी 2 वर्ष होने को आये लेकिन कोई भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप हम पर नहीं लगा सका: अमित शाह
*************
मोदी सरकार ने पिछले 2 सालों में विकास के लिए कई लोक-कल्याणकारी योजनाएं शूरू की हैं लेकिन राज्य सरकार की उदासीनता के कारण तमिलनाडु में इन्हें लागू करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है:अमित शाह
*************
मोदी सरकार ने श्रीलंका में पकड़े गए मछुआरों जिन्हें वहां की सरकार ने फांसी की सजा तक दे दी थी, को न केवल छुड़ाया बल्कि उनकी सकुशल वापसी भी सुनिश्चित की: अमित शाह
*************
केंद्र सरकार और भाजपा तमिल मछुआरों की समस्या के पूर्ण समाधान के लिए कटिबद्ध है: अमित शाह
*************
डीएमके - कांग्रेस और एआईएडीएमके - दोनों के शासन में रेत और शराब माफियाओं द्वारा राज्य की जनता का काफी शोषण किया गया है: अमित शाह
*************
भाजपा सरकार सभी राज्यों की सहमति से जल विवाद का पूर्णकालिक हल तलाशने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है: अमित शाह
*************
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह ने आज, बुधवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्रेस वार्ता की और राज्य की बदहाली के लिए डीएमके, एआईएडीएमके और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने राज्य की जनता से तमिलनाडु के विकास के लिए राज्य में भाजपा की अगुआई वाली एनडीए सरकार बनाने की अपील की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि डीएमके और उनके साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही कांग्रेस तथा एआईएडीएमके - तीनों ही पार्टियां भ्रष्टाचार में लिप्त रही हैं चाहे वह आय से अधिक संपत्ति का मामला हो, या टूजी का केस हो, चाहे वह एयरसेल-मैक्सिस डील विवाद हो या फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री पी. चिदंबरम के पुत्र के ऊपर ईडी का केस हो। उन्होंने कहा कि जब-जब ये पार्टियां सत्ता में आई हैं, इन्होंने भ्रष्टाचार को अंजाम देने का काम किया है और ये सभी मामले इनके भ्रष्टाचार के ही परिणाम हैं। श्री शाह ने कहा कि इसी भ्रष्टाचार के कारण एक मजबूत विकास की संभावनाओं वाला प्रदेश आज विकास के दौर में काफी पीछे है। उन्होेंने कहा कि डीएमके, एआईएडीएमके और कांग्रेस कभी भी तमिलनाडु में विकास का शासन नहीं दे सकती, यह केवल भारतीय जनता पार्टी की अगुआई वाली एनडीए गठबंधन की सरकार ही दे सकती है क्योंकि भाजपा केवल विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि हमारी केंद्र सरकार के भी 2 वर्ष होने को आये लेकिन कोई भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप हम पर नहीं लगा सका।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 2 सालों में विकास के लिए कई लोक-कल्याणकारी योजनाएं शूरू की हैं लेकिन तमिलनाडु में इन योजनाओं को लागू करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 'उदय' योजना का जिक्र करते हुए श्री शाह ने कहा कि तमिलनाडु सरकार की उदासीनता के कारण यह योजना अभी तक राज्य में शुरू ही नहीं हो पाई है, इसी तरह राज्य सरकार की जिद के कारण एम्स के लिए जगह का भी आवंटन अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि किसानों की भलाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, देश के गरीब युवाओं के स्वरोजगार के लिए चलाई जा रही मुद्रा बीमा योजना, देश की आम जनता की सामाजिक सुरक्षा के लिए लागू की गई बीमा योजनाएं आदि कई योजनाओं से जितना फायदा तमिलनाडु को मिलना चाहिए था, उतना फायदा राज्य सरकार के असहयोग के कारण राज्य की जनता अब तक नहीं उठा पाई है।
श्री शाह ने मोदी सरकार द्वारा तमिल मछुआरों की भलाई के लिए किये जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने श्रीलंका में पकड़े गए मछुआरों (जिन्हें वहां की सरकार ने फांसी की सजा तक दे दी थी) को न केवल छुड़ाया बल्कि उनकी सकुशल वापसी भी सुनिश्चित की। तमिल मछुआरों से सम्बंधित एक प्रश्न का जवाब देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में हमारे आने के बाद से श्रीलंका से तमिल मछुआरों की रिहाई में काफी तेजी आई है, साथ ही मछुआरों को किसी प्रकार की गोलीबारी का कोई सामना भी करना नहीं पड़ रहा है और ऐसा पहली बार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने जाफना में तमिल शरणार्थियों के कैम्प में जाकर उनसे बातचीत की और उनकी हौसला-अफजाई की। श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा तमिल मछुआरों की समस्या के पूर्ण समाधान के लिए कटिबद्ध है।
भाजपा अध्यक्ष ने राज्य को दी गई केंद्रीय सहायता का जिक्र करते हुए कहा कि कुदरती आपदा के समय केंद्र सरकार ने यह देखे बगैर कि राज्य में किसकी सरकार है, तमिलनाडु को हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई ताकि राज्य के लोग संकट की घड़ी में भी अपने आपको अकेला न महसूस करें। श्री शाह ने कहा कि डीएमके-कांग्रेस और एआईएडीएमके - दोनों के शासन में रेत और शराब माफियाओं द्वारा राज्य की जनता का काफी शोषण किया गया है।
तमिलनाडु की अन्य राज्यों के साथ चल रहे जल विवाद पर पूछे गए एक प्रश्न का जवाब देते हुए श्री शाह ने कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के समय हमने जल विवाद के स्थायी समाधान के लिए काफी गम्भीर प्रयास किया था लेकिन पिछले 10 वर्षों से कांग्रेस की केंद्र अथवा राज्य सरकारों ने इस मुद्दे के समाधान में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी राज्यों की सहमति से जल विवाद का पूर्णकालिक हल तलाशने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार गाँव, गरीब, किसान, युवा और मजदूरों के कल्याण के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा कि हम तमिलनाडु में भ्रष्टाचार और भयमुक्त विकास वाला शासन देने का वादा करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पिछले लोक सभा चुनाव में हमें लगभग 20% मत मिले थे, उसी तरह, मुझे पूर्ण भरोसा है कि तमिलनाडु की जनता भाजपा को इस बार राज्य में शासन का एक मौक़ा जरूर देगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि तमिलनाडु की भ्रष्टतम सरकारों में से एक इस सरकार को बदलिए, राज्य में भाजपा-गठबंधन की सरकार बनाईये और तमिलनाडु को विकास के पथ पर अग्रसर कीजिये।