SALIENT POINTS : ADDRESSING KARYAKARTA SAMMELAN AT GANDHI NAGAR (GUJARAT)

Press, Share | Feb 27, 2016

Saturday, 27 February 2016

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा गांधीनगर के कार्यकर्ता सम्मलेन में दिए गए संबोधन के मुख्य बिंदु

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व में आज दुनिया भर में भारत और भारतवासियों का मान - सम्मान बढ़ा है: अमित शाह
************
मोदी सरकार 'सबका साथ - सबका विकास' के सिद्धांत पर काम करते हुए गाँवों, गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के सर्वांगीण विकास एवं उनके कल्याण के लिए कटिबद्ध है: अमित शाह
************
गुजरात भाजपा का गढ़ था, गढ़ है और गढ़ रहेगा: अमित शाह
************
मुझे इस बात का पूरा भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी गुजरात में जन - जन के आशीर्वाद से अपने लगातार विजय की स्वर्ण जयंती अवश्य मनाएगी: अमित शाह
************
भाजपा कार्यकर्ता विचारधारा की राजनीति करते हैं और निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं: अमित शाह
************
हमारी अब तक की यात्रा राजनीतिक यात्रा नहीं, वैचारिक यात्रा रही है: अमित शाह
************
भाजपा एकमात्र ऐसी गैर-कांग्रेसी पार्टी है जिसे आजादी के बाद अपने दम पर पूर्ण बहुमत मिला है: अमित शाह
************
1950 में जनसंघ के रूप में 11 सदस्यों के साथ शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी आज 11 करोड़ सदस्यों की पार्टी बन चुकी है: अमित शाह
************
भाजपा कार्यकर्ता सत्ता के लिए कभी नहीं लड़ते, वह देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए लड़ते हैं, इतिहास इसका गवाह है: अमित शाह
************
देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को इस प्रकार की घृणित राजनीति का अड्डा नहीं बनने देना चाहिए: अमित शाह
************

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज, शनिवार को गुजरात के गांधीनगर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया और अपने भव्य स्वागत और सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यात्रा 1950 में जनसंघ के रूप में मात्र 11 सदस्यों के साथ शुरू हुई थी और आज 11 करोड़ से भी ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है जो अद्भुत और अकल्पनीय है। उन्होंने कहा कि हमारी अब तक की यात्रा राजनीतिक यात्रा नहीं, वैचारिक यात्रा रही है। श्री शाह ने कहा कि जनसंघ की स्थापना के वक्त तो हमने ख़्वाब में भी सत्ता नहीं सोची थी लेकिन आज 13 राज्यों में हमारी सरकारें हैं और यही नहीं, केंद्र में भी देश की जनता ने अपना पूर्ण बहुमत देकर देश सेवा की जिम्मेदारी हमें सौंपी है। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में पहली बार देश में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ है और भाजपा एकमात्र ऐसी गैर-कांग्रेसी पार्टी है जिसे आजादी के बाद अपने दम पर पूर्ण बहुमत मिला है।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत और भारतवासियों का मान - सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 'सबका साथ - सबका विकास' के सिद्धांत पर काम करते हुए गाँवों, गरीबों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों के सर्वांगीण विकास एवं उनके कल्याण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की हरेक योजनाएँ चाहे वह जन - धन योजना हो, जीवन बीमा योजना हो, जीवन सुरक्षा बीमा योजना हो, मुद्रा योजना हो, मेक इन इंडिया कैंपेन हो, स्टार्ट-अप इंडिया कैंपेन हो, प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना हो, नीम कोटेड यूरिया पॉलिसी हो या फिर डिजिटल इंडिया योजना हो - सभी योजनाएँ गरीबों और पिछड़ों के कल्याण के लिए ही समर्पित हैं।
श्री शाह ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद चार राज्यों में हमारी सरकारें आई हैं, दिल्ली में भी हमारे मत प्रतिशत में कोई कमी नहीं आई है, यही नहीं, बिहार में तो हमारे मत प्रतिशत में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी में लगातार अपना विश्वास व्यक्त किया है और हम उनके विश्वास की डोर को कभी टूटने नहीं देंगें। उन्होंने कहा कि देश भर में जहां भी भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं, वहां कृषि विकास दर लगातार 10 प्रतिशत से ज्यादा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हमें जहां भी, जब भी अवसर मिला है, हमने विकास करके दिखाया है।
गुजरात के भाजपा कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यहां के कार्यकर्ता विचारधारा की राजनीति करते हैं और निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सत्ता के लिए कभी नहीं लड़ते, वह देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए लड़ते हैं, इतिहास इसका गवाह है, चाहे गोवा मुक्ति अभियान हो, कच्छ बचाओ आंदोलन हो, हैदराबाद को भारत में विलय करने का अभियान हो, कश्मीर बचाओ आंदोलन हो, देश की एकता के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा हो, चेतना यात्रा हो, राम जन्मभूमि आंदोलन हो या फिर भ्रष्टाचार उन्मूलन का अभियान हो।
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर तो देश के वीर सपूत सीमा की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति दे रहे हैं, वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी राष्ट्रविरोधी ताकतों का समर्थन करने जेएनयू पहुँच जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को इस प्रकार की घृणित राजनीति का अड्डा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेएनयू में लगे देश विरोधी नारों से देश का कोई भी नागरिक सहमत नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं से पूछना चाहता हूँ कि क्या वे जेएनयू में लगे राष्ट्र विरोधी नारों से सहमत हैं या नहीं, क्या वह भारत को टुकड़े -टुकड़े करने का ख़्वाब सोचने वाले लोगों के साथ हैं या फिर भारत की एकता और अखंडता के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आखिरी दम तक देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
श्री शाह ने कहा कि मुझे इस बात का पूरा भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी गुजरात में जन - जन के आशीर्वाद से अपने लगातार विजय की स्वर्ण जयंती अवश्य मनाएगी। श्री शाह ने कहा कि गुजरात में भाजपा की सरकार अंगद के पाँव की तरह है, हताश और निराश कांग्रेस इसे डिगा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा गुजरात को एक आदर्श वेलफेयर स्टेट बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुजरात से एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में मेरे राजनीतिक यात्रा की शुरुआत हुई थी और मैं आज जिस मुकाम पर हूं, वह गुजरात की वजह से ही हूँ। उन्होंने कहा - "गुजरात भाजपा का गढ़ था, गढ़ है और गढ़ रहेगा।" श्री शाह ने कहा कि हम गुजरात की जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि विजय आपकी राह देख रही है, लक्ष्य आपका इन्तजार कर रहा है, आप राज्य और देश के विकास के लिए एकजुट हो जायें और राज्य में फिर से भाजपा की सरकार को लाने का दृढ़ निश्चय कर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हो जायें।

TTToggle Large Font Size

Share this post:

or Copy link: