Press, Share | Mar 19, 2016
Saturday, 19 March 2016
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु
● भाजपा एकमात्र ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है जिसमे बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सांगठनिक चुनाव होते हैं। हमारे कार्यकर्ता पार्टी की मूल आत्मा हैं। एक साधारण से साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष तक पहुँच सकता है - यह हमारी विशेषता है।
● इस वर्ष सर्वस्व त्याग के प्रेरणास्रोत गुरु गोविन्द सिंह जी की 350वीं जन्म जयंती, संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की 125वीं जन्म जयंती, एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी और ग्रामोत्थान व सामाजिक कल्याण के अग्रदूत नानाजी देशमुख जी की भी जन्म शताब्दी है, हमें उनके विचारों को जन - जन तक पहुंचाना है।
● हमारे देश की एकता के मुख्य रूप से दो कारण हैं - एक, सरदार पटेल द्वारा रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर देश की एकता और अखंडता अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए रखी गई नींव और दूसरा, बाबा साहब द्वारा अखंड भारत को सुचारू रूप से चलाने के लिए बनाया गया एक सर्वसम्मत संविधान।
● राष्ट्रद्रोह को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम के कपड़े पहनाये जा रहे हैं। अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर राष्ट्रविरोधी नारों की चर्चा को दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश की जा रही है।
● सरेआम देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में देश विरोधी नारे लगाए गए। राहुल गांधी का जेएनयू जाना गलत नहीं था लेकिन उन्होंने राष्ट्रविरोधी नारे लगाने वालों के समर्थन में खड़े होकर जो बयान दिए, उसे कदापि सही नहीं ठहराया जा सकता।
● देश पर आपातकाल थोपकर आम नागरिक और प्रेस की स्वतंत्रता का हनन करनेवाली कांग्रेस हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीख देने की कोशिश न करे। ऐसे देशद्रोही नारे लगाने वालों को आत्मचिंतन करने की जरूरत है।
● भारतीय जनता पार्टी देशविरोधी नारों को कभी सहन नहीं कर सकती। हम अभिव्यक्ति की आजादी का समर्थन करते हैं लेकिन देश की एकता और अखंडता को तोड़ने की किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
● ‘भारत माता की जय’ गत कई वर्षों से हमारी प्रेरणा का स्रोत रहा है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता देश भर में इन देशद्रोही गतिविधियों के खिलाफ अलख जगाने का काम करें
● इस वर्ष भाजपा की केंद्र सरकार एक ऐसा लोक कल्याणकारी बजट लेकर आई है जो कई मायनों में अलग और अद्वितीय है। इसने भारत के विकास की व्याख्या को नया आयाम दिया है।
● 2016 का बजट हमारी अंत्योदय की कल्पना को साकार करनेवाला बजट है। यह विकास को गाँवों तक ले जाने वाला बजट है। यह बजट गाँव, गरीब और किसानों की भलाई का बजट है। हम कृषि को अपनी ताकत बनाने के लिए कटिबद्ध हैं।
● केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना मोदी सरकार द्वारा उठाया गया एक क्रांतिकारी कदम है जो किसी भी कारण से नष्ट हुए फसल का पूर्ण मुआवजा किसानों को देने का प्रावधान करता है। मिनिमम प्रीमियम पर मैक्सिमम रिवार्ड इस योजना का उद्देश्य है ताकि किसान हर परिस्थिति में खुशहाल रह सकें।
● मुद्रा बैंक योजना के माध्यम से करोड़ों युवाओं को स्वरोजगार के लिए काफी कम दरों पर ऋण मुहैया कराने का काम किया गया है। गाँव, गरीब और किसानों की भलाई के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने कई इनिशिएटिव लिए हैं, तकरीबन हर 15 दिनों में एक नया इनिशिएटिव लिया गया है।
● भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पहली बार देश के भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए वर्षों से लंबित वन रैंक - वन पेंशन योजना को लागू करने का काम किया है क्योंकि यह हमारा दायित्व है। हम सैनिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
● प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेज गति से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बनी है। हमने एक लोकप्रिय प्रधानमंत्री और मजबूत विदेश नीति के चलते हमने विश्व भर में भारत के व्यापार और समृद्धि की एक नई सोच विकसित की है।
● हम अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध हैं। देश की एक-एक इंच भूमि की सुरक्षा हर हाल में की जाएगी, लेकिन शांति प्रयास भी निरंतर जारी रहेंगें। आज हमारे जवानों को सीमा पार किसी भी संदिग्ध गतिविधियों का जवाब देनें के लिए किसी की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है, सीमा पर किसी भी तरह की घुसपैठ या हमले का मुंहतोड़ जवाब देने की उन्हें आजादी है।
● हमने 11 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य तो हासिल कर लिया है लेकिन हमारा काम अभी पूरा नहीं हुआ है - हमें अब उन्हें भाजपा का कार्यकर्ता बनाना है।
● केरल हो या बंगाल, हमारे कार्यकर्ताओं पर हो चाहे जितना भी अत्याचार - हम न रुकेंगें, न झुकेंगें।
● कांग्रेस पार्टी व उनके उपाध्यक्ष राहुल गांधी हर तरह की नकारात्मक मानसिकता से ग्रस्त हैं, इसलिए उनके पास मोदी सरकार पर अनर्गल और मिथ्या आरोप लगाने के सिवा कोई काम नहीं रह गया है। कांग्रेस के रोकने से ना तो पार्टी रुकेगी और न ही सरकार, हम देश के विकास के लिए अनवरत काम करते रहेंगें।
● प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने देश को एक भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने का काम किया है और राष्ट्र को वंश परम्परागत शासन से मुक्ति दिलाई है, मोदी जी ने किसानों का कल्याण व गरीबों के उत्थान का प्रयास प्रारंभ किया है और आज उनके कुशल नेतृत्व में देश पूरी मजबूती से विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार खड़ा है।
● कांग्रेस के शासनकाल में किसी भी प्रदेश में कृषि विकास दर कभी 2% भी नहीं रही, जबकि हमने हर प्रदेश में, जहां भी हमारी सरकारें हैं, 10% से ज्यादा कृषि विकास दर करके बताया है।
● दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेतृत्व आज भारतीय जनता पार्टी के पास है जो अनवरत देश के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए प्रयत्नशील रहते हैं।
● हम 2019 में पिछले लोक सभा चुनावों से भी ज्यादा बहुमत के साथ भाजपा केंद्र की सत्ता में आएं, यह हमारा लक्ष्य होना चाहिए।